What Are The Benefits Of Clove Oil For Tooth Pain: ओरल हेल्थ का सही ध्यान न रखने या गलत खान-पान के कारण दांतों से जुड़ी समस्याएं काफी आम हो गई है। छोटे बच्चों में भी दांत दर्द की परेशानी बढ़ गई है, जिससे राहत दिलाने के लिए पेरेंट्स बहुत कोशिश करते हैं। दांत में दर्द आमतौर पर दो तरह से होते हैं, जिसमें सेंसिटिविटी और कैविटी शामिल है। ऐसे में दांत दर्द से राहत पाने के लिए कई लोग घरेलू उपायों को भी ट्राई करते हैं, जिसमें लौंग का तेल भी काफी फायदेमंद माना जाता है। इसलिए, आइए रामहंस चेरिटेबल हॉस्पिटल के आयुर्वेदिक डॉक्टर श्रेय शर्मा (Ayurvedic doctor Shrey Sharma from Ramhans Charitable Hospital) से जानते हैं कि आयुर्वेद के अनुसार दांत दर्द से राहत दिलाने में लौंग का तेल कितना फायदेमंद है?
दांत दर्द में लौंग तेल के फायदे
आयुर्वेद के अनुसार, लौंग के तेल में एनेस्थेटिक यानी दर्द निवारक गुण होते हैं। यह दांतों में कैविटी या ठंडी चीजें खाने से होने वाले दर्द से राहत दिलाने में मदद करते हैं। इस तेल को दर्द वाले दांत पर लगाने से उस जगह पर सुन्नपन आ जाता है और ठंडक भी महसूस होती है, जिससे दर्द कम करने में मदद मिल सकती है। लौंग का तेल दांतों पर लगाने के फायदे ये हैं-
1. दर्द से राहत
लौंग के तेल में नेचुरल एनेस्थेटिक गुण होते हैं, जो दांत के प्रभावित क्षेत्र को सुन्न करने और दांतों के दर्द को कम करने में मदद करते हैं, खासकर कैविटी या ठंड के कारण दांतों में होने वाली समस्या में। लौंग के तेल के कारण मिलने वाले ठंडक का एहसास, दांतों में हो रहे दर्द को कम करता है और सूजन को शांत करता है।
इसे भी पढ़ें: गले का इंफेक्शन दूर करेगी लौंग, इस तरह करें इस्तेमाल
2. एंटीबैक्टीरियल गुण
लौंग के तेल में पाए जाने वाला यूजेनॉल ओरल बैक्टीरिया से लड़ने में मदद करता है, जो दांतों में होने वाले इंफेक्शन से लड़ने और खराब सांस की समस्या को रोकने में फायदेमंद है।
3. दांतों के सूजन को कम करें
मसूड़ों में होने वाली सूजन और जलन को कम करने में लौंग का तेल काफी फायदेमंद माना जाता है, जो दांत दर्द की समस्या का कारण बन सकते हैं।
दांत दर्द में लौंग के तेल का उपयोग कैसे करें?
दांत दर्द से राहत पाने के लिए आप अपने दांतों पर लौंग का तेल लगा सकते हैं। इस तेल का उपयोग करने के लिए सबसे पहले आप लौंग तेल की 1 या 2 बूंदे लें। आप इसे नारियल तेल में मिलाकर या सीधे तौर पर अपने दांतों पर लगा सकते हैं। इस तेल को दर्द वाले दांतों पर लगाने के लिए आप कॉटन या साफ ईयरबड का इस्तेमाल कर सकते हैं। इस रूई या ईयरबड को आप दर्द वाले क्षेत्र पर 10 से 15 मिनट के लिए रखें। थोड़ें समय में आपको आराम मिल जाएगा।
इसे भी पढ़ें: मुंह में लौंग रखकर सोना सही है या गलत? आयुर्वेदिक एक्सपर्ट से जानें
निष्कर्ष
तो अगली बार जब आपको दांतों में दर्द हो तो ये सोचने के बजाए कि दांतों के दर्द को तुरंत कैसे दूर करें? आप लौंग के तेल का इस्तेमाल कर सकते हैं। इस तेल में मौजूद एनेस्थेटिक गुण दर्द को कम करने में मदद करेंगे। लेकिन दांत में दर्द बरकरार रहने पर आप डेंटिस्ट से कंसल्ट करें।
Image Credit: Freepik