गर्मियों में शरीर को ठंडक देने और डिहाइड्रेशन से बचाने के लिए लोग कई तरह के घरेलू उपाय अपनाते हैं, लेकिन इनमें से सबसे असरदार और पारंपरिक तरीका है पुदीने का पानी पीना। यह सिर्फ स्वाद में ताजा नहीं होता, बल्कि इसमें मौजूद मेंथॉल, एंटीऑक्सीडेंट्स और डाइजेस्टिव कंपाउंड्स शरीर को कई तरीकों से फायदा पहुंचाते हैं। लखनऊ के विकास नगर में स्थित न्यूट्रिवाइज क्लीनिक की न्यूट्रिशनिस्ट नेहा सिन्हा ने बताया कि गर्मियों में पुदीने का पानी पीना शरीर को ठंडक देता है, डिहाइड्रेशन से बचाता है और पाचन को सुधारता है। यह गर्मी के कारण होने वाले सिरदर्द, उल्टी, पेट में जलन जैसी समस्याओं से राहत दिलाता है। यह एक प्रकार का प्राकृतिक डिटॉक्स ड्रिंक भी है। इस लेख में जाने पुदीना पानी पीने के 5 फायदों के बारे में जो शरीर को गर्मी में ठंडक पहुंचाकर स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखते हैं।
1. पाचन में सुधार करता है पुदीने का पानी- Mint Water Improves Digestion
पुदीने में पाए जाने वाले प्राकृतिक एंजाइम पाचन क्रिया को तेज करते हैं। यह पानी पेट की गैस, अपच, सूजन और पेट में भारीपन को कम करने में मदद करता है। गर्मियों में खानपान की गड़बड़ी से पेट की दिक्कतें आम हो जाती हैं, ऐसे में रोज सुबह पुदीने का पानी पीने से डाइजेस्टिव सिस्टम इंप्रूव होता है।
इसे भी पढ़ें- वजन घटाने के लिए इन 5 तरीकों से करें पुदीने का सेवन, जानें इनके बारे में
2. हीट स्ट्रोक से बचाव करता है पुदीने का पानी- Mint Water Prevents Heat Stroke
गर्मी के मौसम में लू लगना या हीट स्ट्रोक एक गंभीर स्वास्थ्य समस्या है। पुदीने के पानी में मौजूद ठंडक देने वाले तत्व शरीर के तापमान को कंट्रोल करने में मदद करते हैं। इसे दिन में 1 या 2 बार पीने से शरीर अंदर से ठंडा बना रहता है और हीट स्ट्रोक की संभावना कम हो जाती है।
3. त्वचा में निखार लाता है मिंट वॉटर- Mint Water Enhances Skin Glow
पुदीना एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर होता है, जो त्वचा को अंदर से डिटॉक्स करने में मदद करता है। इसका पानी पीने से मुंहासे, दाग-धब्बे और पसीने की वजह से होने वाली जलन में राहत मिलती है। यह त्वचा की रंगत भी बेहतर करता है और फ्रेशनेस को भी बनाए रखता है।
4. इम्यूनिटी मजबूत बनाता है मिंट वॉटर- Mint Water Boosts Immunity
पुदीने में विटामिन-सी, आयरन और मैग्नीशियम जैसे पोषक तत्व होते हैं, जो शरीर की प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में मदद करते हैं। नियमित रूप से पुदीने का पानी पीने से वायरल इंफेक्शन से लड़ने की शक्ति बढ़ती है और शरीर मौसमी बीमारियों से सुरक्षा मिलती है।
5. हाइड्रेशन बनाए रखता है मिंट वॉटर- Mint Water Maintains Hydration
गर्मियों में पसीने की वजह से शरीर का पानी तेजी से कम होता है। केवल सादा पानी पीना पर्याप्त नहीं होता, बल्कि ऐसा पानी पीना चाहिए जिसमें मिनरल्स हों और जो शरीर की गर्मी दूर कर सके। पुदीने का पानी शरीर को दिनभर हाइड्रेट रखता है और तरोताजगी का एहसास देता है।
पुदीने का पानी पीने का सही तरीका- How to Consume Mint Water
न्यूट्रिवाइज क्लीनिक की न्यूट्रिशनिस्ट नेहा सिन्हा के मुताबिक, पुदीने का पानी पीने से तभी पूरा लाभ मिलता है जब इसे सही समय, मात्रा और तरीके से सेवन किया जाए-
पुदीने का पानी कब पिएं?- Best Time to Drink Mint Water
- सुबह उठकर 1 गिलास पुदीने का पानी पीने की आदत, शरीर को डिटॉक्स करने में मदद करती है और पाचन क्रिया को दुरुस्त बनाती है।
- गर्मियों में धूप से आने के बाद या दोपहर में भोजन के बाद इसका सेवन शरीर को ठंडक देता है।
- वर्कआउट या योगा के बाद पुदीने का पानी शरीर को फिर से हाइड्रेट करता है।
कितनी मात्रा में मिंट वॉटर पीना चाहिए?- Mint Water Intake Quantity
- बच्चों के लिए: दिन में 1 छोटा गिलास (150–200 ml) पर्याप्त है।
- बड़ों के लिए: 1 से 2 गिलास (250–300 ml) दिन में पी सकते हैं, लेकिन 2 गिलास से ज्यादा न लें।
कैसे बनाएं?- How to Prepare Mint Water
- 10 से 12 पुदीने की पत्तियां लें।
- इन्हें 1 लीटर पानी में भिगो दें या हल्का उबाल लें।
- ठंडा करके छान लें और चाहें, तो नींबू, जीरा या सौंफ भी मिला सकते हैं।
सावधानियां- Precautions
- जिन लोगों को गैस्ट्रिक एसिडिटी या पित्त की समस्या है, वे सीमित मात्रा में ही लें।
- बहुत ठंडा या फ्रिज से तुरंत निकला पुदीने का पानी न पिएं, हल्का सामान्य तापमान पर सेवन करें।
- छोटे बच्चों को बिना डॉक्टर सलाह के नियमित रूप से न दें।
- पुदीने का पानी जब संतुलन के साथ और सही समय पर लिया जाए, तो यह गर्मी में एक बेहतरीन नेचुरल हेल्थ टॉनिक बन जाता है।
गर्मियों में पुदीने का पानी सिर्फ एक घरेलू नुस्खा नहीं है, बल्कि एक नेचुरल मेडिकेशन की तरह काम करता है। साथ ही यह एक सुरक्षित तरीका है जो बच्चों से लेकर बुज़ुर्गों तक, सभी के लिए फायदेमंद है।
उम्मीद करते हैं कि आपको यह जानकारी पसंद आई होगी। इस लेख को शेयर करना न भूलें।
FAQ
पुदीना कब नहीं खाना चाहिए?
जिन लोगों को एसिडिटी, पेट में जलन या गैस्ट्रिक अल्सर की समस्या है, उन्हें पुदीना को ज्यादा मात्रा में नहीं खाना चाहिए। बहुत ज्यादा पुदीना लिवर और किडनी पर भी असर डाल सकता है।1 दिन में कितना पुदीना खाना चाहिए?
एक स्वस्थ व्यक्ति दिनभर में लगभग 8 से 10 ताजी पुदीने की पत्तियां या 1 से 2 छोटे चम्मच सूखा पुदीने का सेवन कर सकता है। इससे ज्यादा मात्रा का सेवन करने से पेट में गड़बड़ी हो सकती है।पुदीने का पानी पीने के क्या फायदे हैं?
पुदीने का पानी शरीर को ठंडक देता है, पाचन को सुधारता है, भूख बढ़ाता है और गर्मी में हाइड्रेशन बनाए रखता है। यह एक नेचुरल डिटॉक्स ड्रिंक भी है।