क्या आप भी अपने बढ़े हुए वजन से परेशान हैं या फिर आप अपने वजन को कंट्रोल में रखना चाहते हैं? (Want to Loss Your Weight) इसके लिए आप रोजाना एक्सरसाइज करते होंगे साथ ही अपने खान-पान का भी ध्यान रखते होंगे। वजन कम करने के लिए ये दोनों चीजें बहुत जरूरी हैं। लेकिन आप चाहें तो वजन को कंट्रोल करने के लिए या कम करने के लिए अपने डेली डाइट में मसूर दाल सूप, कर्ड शोरबा सूप, कोलार्ड ग्रीन्स सूप और मक्का-हरी मटर सूप को भी शामिल कर सकते हैं। इनमें फाइबर की मात्रा ज्यादा होती हैं, जिससे पेट भरा-भरा सा लगता है और भूख कम लगती है। भूख कम लगने से वजन में भी कमी होती है और वेट कंट्रोल में रहता है। इन्हें पीने से आप दिनभर ऊर्जावान महसूस कर सकते हैं। आप इनमें से अपने पसंद का सूप पी सकते हैं, आप चाहें तो वैकल्पिक रूप से भी इन्हें पी सकते हैं। अपोलो टेलेहेल्थ की सीनियर डायटीशियन सरोजा नंदम से जानें वजन कम करने वाले 4 सूप के बारे में -
1) मसूर दाल सूप (Masoor Dal Soup)
लाल मसूर दाल में पर्याप्त मात्रा में प्रोटीन (Protein) पाया जाता है। यह हमें सेहतमंद और हेल्दी रखता है। आप अकसर ही लाल मसूर दाल को चावल या रोटी के साथ दाल के रूप में खाते होंगे। लेकिन आप चाहें तो इसका सूप भी बनाकर पी सकते हैं। यह वजन को नियंत्रित रखने और वजन कम करने के लिए बेहद कारगर होता है। लाल मसूर का सूप अपने आप में एक कंप्लीट डाइट है। आप इसे आसानी से घर पर बनाकर भी रोजाना पी सकते हैं। लाल मसूर दाल का सूप बनाने के लिए सबसे पहले नॉन स्टिक पैन को गर्म कर लें। इसमें पुदीने की कुछ पत्तियां डालें और इन्हें अच्छे से भूनकर करारे कर लें। इन्हें अलग निकाल कर रख दें। अब एक कुकर में दाल, गाजर, प्याज, टमाटर और दो कप पानी डालें। दो सीटी आने के बाद गैस बंद कर दें। पकने के बाद इसे मिक्सी में ग्राइंड कर लें। इसमें थोड़ा सा पानी, हरी मिर्च, नमक और पुदीने की पत्तियों को मैश करके डाल दें। अब इसे गर्म करने के लिए गैस पर रख दें। तैयार लाल मसूर के गर्मा-गर्मा सूप को रोजाना पीने आप अपना वजन आसानी से कम कर सकते हैं। इसमें भरपूर मात्रा में ऊर्जा और फाइबर पाया जाता है, जिससे आप पूरे दिन एनर्जेटिक रह सकते हैं। इसमें फाइबर होता है, जो फूड क्रेविंग को कम करता है और आपको भूख कम लगती है।
इसे भी पढ़ें - वजन घटाने और बढ़ाने के लिए रोज ऐसे बनाकर पिएं ओट्स प्रोटीन शेक, डायटिशियन से जानें शेक बनाने का तरीका
टॉप स्टोरीज़
2) दही शोरबा सूप (Yogurt Soup)
वजन कम करने के लिए दही शोरबा सूप को बेहद लाभकारी माना जाता है। इस सूप को स्वास्थ्य के लिए भी काफी अच्छा माना जाता है। इसके रोजाना सेवन करने से कैलोरी नियंत्रित रहती है। अगर आपका वजन बहुत ज्यादा है या अपने वजन को कंट्रोल में रखना चाहते हैं तो कर्ड शोरबा सूप आपके लिए फायदेमंद हो सकता है। इसमें फाइबर ज्यादा और वसा कम होता है, जो वजन को कंट्रोल में रखने में मदद करता है। इस सूप को बनाने के लिए सबसे पहले हल्दी, दही को अच्छे एक कटोरी में अच्छे से मिक्स कर लें। एक नॉन स्टिक पैन को गर्म करें और इसमें जीरा डालें। जब जीरा भून जाए तो इसमें अदरक और हरी मिर्च डाल दें, इन्हें अच्छे से पकने दें। अब प्याज डालें और अच्छे से पकाएं। इसके बाद इसमें दही, हल्दी के घोल को डाल दें। इसे अच्छे से पकने दें। तैयार सूप को हरे धनिए से गार्निशिंग करें और रोजाना इसे पिएं। इसे रोज पीने से आप अपने वजन पर कंट्रोल कर सकते हैं। वजन को नियंत्रित करने और वजन कम करने के लिए यह काफी अच्छा सूप है। लेकिन इसके दौरान आपको हाई कैलोरो वाली चीजों के सेवन से बचना होगा।
3) कोलार्ड ग्रीन्स सूप (Collard Greens Soup)
हरी सब्जियों को हमेशा से ही सेहतमंद बताया गया है। इसमें भरपूर मात्रा में पोषक तत्व पाए जाते हैं। इनमें फाइबर की अच्छी मात्रा पाई जाती हैं, जो स्वास्थ्य के लिए बेहतर होती है। फाइबर रिच सूप पीने से शरीर में पूरे दिन ऊर्जा बनी रहती है और फूड क्रेविंग कम होती है। पेट भरा-भरा सा लगता है। ऐसे में इस सूप को पीने से आसानी से वजन को कम किया जा सकता है। इस सूप को बनाने के लिए सबसे पहले एक पैन में तेल गर्म कर लें। इसमें जीरा का तड़का लगाएं। अब इसमें प्याज, गाजर, हरी मिर्च और अजवाइन डालें। इसे 10 मिनट तक चलाते रहें। इसमें पानी, टमाटर, नींबू का रस, लहसुन, नमक और काली मिर्च डाल लें। इसे लगातार चलाते रहें अब इसमें हरी पत्तेदार सब्जी मिला लें। पैन को ढक दें और इसमें उबाल आने दें। पकने के बाद तैयार सूप को रोजाना पिएं और अपने वजन को कंट्रोल में रखें।
इसेे भी पढ़ें - छोटी प्लेट में खाने से कम हो सकता है वजन, डायटीशियन से जानें छोटी प्लेट में खाने के 5 बड़े फायदे
4) मक्का और हरी मटर सूप (Corn and Green Pea Soup)
वजन कम करने के लिए मक्का और हरी मटर का सूप पीना बेहद लाभकारी होता है। यह सूप वजन कम करने में सहायक होता है। इसका रोज सेवन करने से वजन को कंट्रोल किया जा सकता है। मक्का और मटर का सूप आपको पेट भरा रखेगा और आपको भूख नहीं लगने देगा। इससे आप कम खाएंगे और आपका वजन नहीं बढ़ेगा। इसके साथ ही मटर में फाइबर पाया जाता है, जो सेहत के लिए फायदेमंद होता है। इस सूप को बनाने के लिए सबसे पहले एक बर्तन में मक्के के दाने, मटर, प्याज, लहसुन और पानी मिलाकर अच्छे से उबाल लें। अब इसे ठंडा होने दें। मिक्सी में डालकर इसे अच्छे से ग्राइंड कर लें। अब इसमें नमक, हरी मिर्च और धनिया डालें। इसे एक बार फिर से उबाल लें। उबाल आने पर गैस बंद कर दें और इसे गर्मा-गर्मा परोसें। इसे रोज पीने से आपका वजन आसानी से कम हो सकता है।
अगर आप सचमुच अपना वजन कम करना चाहते हैं तो आपको इन सूप को पीने के साथ ही अपनी डाइट पर भी ध्यान देना होगा। इस दौरान आपको फास्ट फूड, तला भुना और प्रोसेस्ड फूड से दूरी बनानी होगी। साथ ही योगा और एक्सरसाइज को भी अपने दिनचर्या का हिस्सा बनाना होगा, तभी आप अपना वजन कम करने में कामयाब हो सकते हैं। अगर आप सोच रहे हैं कि सिर्फ इन सूप को रोजाना पीने से अपना वजन कम कर सकते हैं तो ये गलत है। आपको इसे पीने के साथ ही अपनी लाइफस्टाइल पर भी पूरा ध्यान देना होगा।
Read More Articles on Weight Management in Hindi