Expert

बार-बार पैरों की नस चढ़ जाती है? दर्द से राहत पाने के ल‍िए करें ये 3 योगासन

पैरों की नस चढ़ने की समस्या से राहत के लिए पादहस्तासन, विपरीत करनी, और आधो मुख श्वानासन करें। ये आसन खिंचाव कम कर ब्‍लड फ्लो को बढ़ाते हैं।
  • SHARE
  • FOLLOW
बार-बार पैरों की नस चढ़ जाती है? दर्द से राहत पाने के ल‍िए करें ये 3 योगासन


पैरों में नस चढ़ने की समस्या होने पर अचानक से तेज दर्द उठता है। इसमें मांसपेशियां अचानक से खिंच जाती हैं और तेज दर्द का एहसास होता है। यह समस्या किसी भी उम्र में हो सकती है, लेकिन ज्यादातर यह थकान, शरीर में पानी की कमी, पोषक तत्वों की कमी या खराब ब्‍लड फ्लो के कारण होती है। नस चढ़ने के दौरान व्यक्ति को असहजता महसूस होती है और चलने या खड़े होने में भी मुश्‍क‍िल हो सकती है। नियमित योग करके इस समस्या को दूर करने में मदद म‍िलती है। योग न केवल मांसपेशियों को मजबूत बनाता है, बल्कि यह ब्‍लड फ्लो को भी बेहतर करता है और मांसपेशियों को आराम देता है। यहां हम तीन असरदार योगासनों-पादहस्तासन, विपरीत करनी और आधो मुख श्वानासन के बारे में बता रहे हैं, जिनके नियमित अभ्यास से नस चढ़ने की समस्या से राहत मिल सकती है। आइए इन योगासनों के स्टेप्स और फायदों को विस्तार से समझते हैं। इस व‍िषय पर बेहतर जानकारी के ल‍िए हमने लखनऊ के रवींद्र योगा क्लीनिक के योगा एक्सपर्ट डॉ रवींद्र कुमार श्रीवास्तव से बात की।

1. पादहस्तासन- Standing Forward Bend Pose

standing-forward-bent-pose

फायदे:

  • यह आसन पैरों की मांसपेशियों और हेमस्ट्रिंग को खींचता है, जिससे नस चढ़ने की समस्या कम होती है।
  • ब्‍लड फ्लो को बेहतर बनाता है और थकान के लक्षण को दूर करता है।
  • रीढ़ की हड्डी को लचीला और मजबूत बनाता है।

स्टेप्स:

  • सीधे खड़े हों और अपने पैरों को साथ रखें।
  • गहरी सांस लेते हुए अपनी बाहों को ऊपर की ओर उठाएं।
  • सांस छोड़ते हुए धीरे-धीरे कमर से झुकें और अपने हाथों से पैरों को छूने की कोशिश करें।
  • अगर पैरों को छूना संभव न हो, तो जितना संभव हो उतना झुकें।
  • इस स्थिति में 20-30 सेकंड तक रहें और सामान्य सांस लें।
  • धीरे-धीरे उठें और पहले वाली स्थिति में लौटें।

इसे भी पढ़ें- मैग्नीशियम की कमी से मांसपेशियों में ऐंठन क्यों होती है? डॉक्टर से जानें 

2. विपरीत करनी- Legs Up The Wall Pose

leg-up-the-wall-pose

फायदे:

  • पैरों की नसों को आराम देता है और खिंचाव को कम करता है।
  • ब्‍लड फ्लो को बेहतर बनाता है, खासकर पैरों और जांघों में।
  • थकान और सूजन को कम करता है।
  • स्‍ट्रेस के लक्षण और चिंता को दूर करने में मदद म‍िलती है।

स्टेप्स:

  • दीवार के पास बैठें और धीरे-धीरे पीठ के बल लेटें।
  • अपने पैरों को दीवार पर सीधा ऊपर की ओर टिकाएं।
  • अपने हाथों को शरीर के दोनों ओर आरामदायक स्थिति में रखें।
  • आंखें बंद करें और 5-10 मिनट तक इस स्थिति में रहें।
  • धीरे-धीरे पैरों को दीवार से नीचे लाएं और सामान्य स्थिति में आएं।

3. आधो मुख श्वानासन- Downward Facing Dog Pose

downward-facing-dog-pose

फायदे:

  • मांसपेशियों में खिंचाव को दूर करता है और नस चढ़ने की समस्या को कम करता है।
  • ब्‍लड फ्लो को तेज करता है और पैरों को आराम देता है।
  • पूरे शरीर की मांसपेशियों को मजबूत और लचीला बनाता है।
  • रीढ़ और कंधों को मजबूती देता है।

स्टेप्स:

  • हाथों और घुटनों के बल फर्श पर आएं।
  • गहरी सांस लेते हुए घुटनों को ऊपर उठाएं और कूल्हों को ऊपर की ओर उठाएं।
  • अपने हाथों और पैरों को सीधा रखें, शरीर को 'V' आकार में लाएं।
  • एड़ियों को फर्श की ओर धकेलें और गर्दन को आराम दें।
  • इस स्थिति में 20-30 सेकंड तक रहें और सामान्य सांस लें।
  • धीरे-धीरे घुटनों को नीचे लाकर पहले वाली स्थिति में लौटें।

पादहस्तासन, विपरीत करनी और आधो मुख श्वानासन जैसे योगासन नस चढ़ने की समस्या को कम करने में मदद करते हैं। ये आसन न केवल मांसपेशियों को आराम देते हैं, बल्कि शरीर में ब्‍लड फ्लो को भी सुधारते हैं।

उम्‍मीद करते हैं क‍ि आपको यह जानकारी पसंद आई होगी। इस लेख को शेयर करना न भूलें।

image credit: fitsri.com

Read Next

पाचन को मजबूत बनाने के लिए करें नाड़ी शोधन प्राणायाम, जानें फायदे

Disclaimer