सेहतमंद रहने के लिए डॉक्टर और हेल्थ एक्सपर्ट हेल्दी और पोषक तत्वों से भरपूर फूड आइटम्स को डाइट में शामिल करने की सलाह देते हैं। लेकिन बिना डॉक्टर की सलाह के कई बार लोग दूसरों की देखा-देखी में एलोवेरा जूस जैसी चीजों का नियमित सेवन शुरू कर देते हैं, जिसका कई बार सेहत पर बुरा प्रभाव हो जाता है। एलोवेरा (घृतकुमारी) को आयुर्वेद में एक जरूरी औषधी बताया गया है, इसका जूस स्वास्थ्य को बढ़ावा देने में मदद करता है। एलोवेरा जूस का सेवन करने से शरीर की इम्यूनिटी बूस्ट होती है, त्वचा बेहतर होती है और पाचन की समस्या दूर होती है। लेकिन हर व्यक्ति के लिए एलोवेरा जूस फायदेमंद नहीं होता है। इस बारे में ज्यादा जानकारी के लिए हमने रामहंस चेरिटेबल हॉस्पिटल के आयुर्वेदिक डॉक्टर श्रेय शर्मा (Ayurvedic doctor Shrey Sharma from Ramhans Charitable Hospital) से बात की है।
एलोवेरा जूस किसे नहीं पीना चाहिए?
डॉक्टर श्रेय ने बताया कि एलोवेरा जूस पोषक तत्वों से भरपूर होता है और इसके अनेक फायदे आयुर्वेद में बताए गए हैं। लेकिन कुछ स्वास्थ्य समस्याओं, परिस्थितियों और बीमारियों में एलोवेरा जूस का सेवन नुकसानदायक हो सकता है।
इसे भी पढ़ें: त्वचा की कई समस्याओं से छुटकारा दिलाते हैं शिरीष के फूल, आयुर्वेद के अनुसार इन 2 तरीकों से करें इस्तेमाल
1. डॉक्टर ने बताया कि आयुर्वेद के अनुसार, जिन लोगों में पित्त दोष बढ़ा होता है, उन्हें एलोवेरा जूस का सेवन नहीं करना चाहिए। एलोवेरा पित्त को और अधिक उत्तेजित कर सकता है, जिससे कई अन्य समस्याएं हो सकती हैं।
2. आयुर्वेदिक डॉक्टर का कहना है कि जो लोग ब्लड प्रेशर या हार्ट से जुड़ी समस्याओं या खून पतला करने वाली दवाएं लेते हैं उन्हें एलोवेरा के जूस का सेवन करने से परहेज करना चाहिए। ऐसा इसलिए, क्योंकि एलोवेरा जूस खून को ज्यादा पतला कर सकता है।
3. प्रेग्नेंसी के दौरान एलोवेरा जूस का सेवन बिना डॉक्टर की सलाह के नहीं करना चाहिए। ऐसा इसलिए, क्योंकि एलोवेरा जूस गर्भवती महिला के गर्भपात का कारण बन सकता है। इसके साथ ही जो महिलाएं नवजात को स्तनपान करवाती हैं, उन्हें भी एलोवेरा जूस बिना डॉक्टर की सलाह के नहीं लेना चाहिए।
4. डायबिटीज को मैनेज करने के लिए अगर आप दवाएं लेते हैं तो एलोवेरा जूस का सेवन नुकसानदायक हो सकता है। बिना डॉक्टर की सलाह के डायबिटीज रोगियों को एलोवेरा जूस का सेवन नहीं करना चाहिए। यह शरीर में ब्लड शुगर लेवल को बिगाड़ सकता है।
इसे भी पढ़ें: Vata Dosha: मानसून में वात दोष क्यों बढ़ जाता है? जानें इससे होने वाली स्वास्थ्य समस्याएं
एलोवेरा जूस के नुकसान
1. एलोवेरा जूस का नियमित ज्यादा सेवन करने से व्यक्ति को पेट में ऐंठन और दस्त की समस्या हो सकती है। इसमें पाए जाने वाले तत्व आंतों को उत्तेजित (Stimulate the intestines) करते हैं और दस्त की समस्या पैदा करते हैं। लगातार दस्त के कारण शरीर में इलेक्ट्रोलाइट इंबैलेंस की समस्या हो सकती है।
2. जिन लोगों को एलर्जी की शिकायत रहती है उन्हें एलोवेरा जूस के सेवन से त्वचा पर रैशेज और खुजली की दिक्कत हो सकती है।
3. एलोवेरा जूस का का ज्यादा किडनी पर बुरा प्रभाव डाल सकता है और किडनी की समस्याओं को बढ़ा सकता है। खासकर, जिन लोगों को किडनी की समस्या है उन्हें इसका सेवन करने से पहले डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए।
एलोवेरा जूस को आयुर्वेद में एक औषधि माना जाता है, लेकिन हर व्यक्ति के लिए इसका सेवन सुरक्षित नहीं है। गर्भवती महिलाएं, बच्चे, पित्त दोष वाले व्यक्ति एलोवेरा जूस से परहेज करें। एलोवेरा जूस का सेवन करने से पहले चिकित्सक से परामर्श लें।
All Images Credit- Freepik