बीते कुछ सालों में फास्ट फूड और प्रोसेस्ड खाने का चलन तेजी से बढ़ रहा है, जिसका लोगों के स्वास्थ्य पर बुरा असर होता है। खासकर, जो लोग वर्किंग होते हैं, वे ज्यादातर रात में जल्दबाजी में फ्राइड और पैक्ड फूड खाते हैं और भोजन के कुछ समय बाद ही सोने चले जाते हैं। रात का खाना खाने और सोने के बीच का समय आपके स्वास्थ्य पर गहरा प्रभाव डाल सकता है। खाना खाने के तुरंत बाद सोना न केवल पाचन तंत्र पर असर डालता है, बल्कि वजन बढ़ाने, अपच और एसिडिटी जैसी समस्याओं का कारण भी बन सकता है। इसलिए सोने से पहले पर्याप्त समय का अंतराल रखना बेहद जरूरी है। इस लेख में हम डाइटिशियन, गीतांजलि सिंह (M.sc Food and Nutrition) से जानेंगे कि रात के खाने और सोने के बीच कितना समय अंतराल होना चाहिए और इसके फायदे क्या हैं?
रात के खाने और सोने के बीच समय का सही गैप
रात का खाना और सोने के बीच कम से कम 2-3 घंटे का अंतराल (गैप) होना चाहिए। यह समय पाचन तंत्र को भोजन को ठीक से पचाने और शरीर में पोषक तत्वों को अवशोषित करने के लिए पर्याप्त होता है। यदि आप खाना खाने के तुरंत बाद सो जाते हैं, तो आपका पाचन तंत्र सही तरीके से काम नहीं कर पाता, जिससे अपच और एसिडिटी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसके साथ ही इस बात का भी ख्याल रखें कि आप घर का बना पौष्टिक खाना ही खाएं। घर का खाना न केवल साफ और सुरक्षित होता है, बल्कि यह आपके स्वास्थ्य के लिए भी बेहद फायदेमंद होता है। घर पर बने भोजन में हानिकारक प्रिजर्वेटिव्स नहीं होते हैं, जो बाहर के खाने में आमतौर पर पाए जाते हैं।
फायदे
1. पाचन प्रक्रिया को बेहतर करे
रात का खाना खाने के बाद यदि आप तुरंत सोने चले जाते हैं, तो आपके शरीर को भोजन पचाने में दिक्कत होती है। जब आप सीधे लेटते हैं, तो पेट का एसिड ऊपर की ओर बढ़ने लगता है, जिससे एसिडिटी और हार्टबर्न जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए पाचन प्रक्रिया को बेहतर बनाने के लिए सोने और भोजन में अंतराल रखें। यह शरीर को भोजन को ठीक से पचाने में मदद करता है।
इसे भी पढ़ें: एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा बेटी वामिका के साथ शाम 5:30 बजे ही कर लेती हैं डिनर, जानें जल्दी डिनर करने के फायदे
2. वजन घटाने में सहायक
रात के खाने और सोने के बीच पर्याप्त समय का अंतराल रखने से वजन घटाने में भी मदद मिलती है। जब आप रात में देर से खाते हैं और तुरंत सोने चले जाते हैं, तो शरीर को भोजन को ऊर्जा में बदलने का पर्याप्त समय नहीं मिलता। जिसके कारण शरीर में फैट जमा होने लगता है। दूसरी ओर, यदि आप खाने के बाद कुछ समय का ब्रेक लेते हैं और हल्की वॉक करते हैं, तो यह भोजन को बेहतर ढंग से पचाने और मेटाबॉलिज्म को बेहतर करने में मदद करता है।
3. बेहतर नींद
खाना खाने और सोने के बीच पर्याप्त समय का अंतराल रखने से नींद की क्वालिटी भी बेहतर होती है। इसलिए, अगर आप गहरी नींद चाहते हैं, तो खाना खाने और सोने के बीच कम से कम 2 घंटे का अंतराल रखें।
इसे भी पढ़ें: डिनर में मीट खाना चाहिए या नहीं? जानें एक्सपर्ट की राय
4. एसिडिटी और गैस कम करे
खाना खाने और सोने के बीच कम से कम 2-3 घंटे का अंतराल रखने से एसिडिटी और गैस की समस्याएं भी कम होती हैं। खाने के तुरंत बाद सोने से पेट का एसिड ऊपर की ओर बढ़ता है, जिससे सीने में जलन और गैस की समस्या होती है। इसलिए खाना खाने के बाद कुछ समय तक बैठे रहना या हल्की वॉक करना एसिडिटी की समस्या को रोकने में मदद करता है।
रात के खाने के बाद हल्की वॉक के फायदे
रात का खाना खाने के बाद हल्की वॉक करना न केवल पाचन प्रक्रिया को सुधारता है, बल्कि इससे शरीर में ब्लड सर्कुलेशन भी बेहतर होता है। हल्की वॉक से पाचन तंत्र को भोजन को पचाने में मदद मिलती है और आप हल्का महसूस करते हैं।
निष्कर्ष
रात के खाने और सोने के बीच का समय आपके स्वास्थ्य पर गहरा असर डालता है। कम से कम 2-3 घंटे का अंतराल रखने से न केवल पाचन प्रक्रिया बेहतर होती है, बल्कि वजन कंट्रोल, एसिडिटी से राहत और नींद की क्वालिटी में भी सुधार होता है। इसके अलावा, यह डायबिटीज और हार्ट डिजीज से बचाव में भी सहायक होता है।
All Images Credit- Freepik
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
Current Version