Heartburn Acid Reflux and GERD: खानपान से जुड़ी गड़बड़ी और खराब जीवनशैली के कारण कई गंभीर बीमारियों का खतरा रहता है। पेट और पाचन तंत्र से जुड़ी समस्याएं भी खराब जीवनशैली और असंतुलित खानपान के कारण होती हैं। एसिड रिफलक्स भी खानपान और जीवनशैली से जुड़ी गड़बड़ी के का रण होने वाली गंभीर समस्या है। एसिड रिफ्लक्स, एक पाचन सिस्टम की समस्या है जिसमें पेट का अम्ल (हाइड्रोक्लोरिक एसिड) पेट से ऊपर की ओर चला जाता है। गैस्ट्रोएसोफागियल रिफ्लक्स रोग (GERD) और हार्टबर्न भी इसी तरह की एक समस्या है। इन समस्याओं में दिखने वाले लक्षण लगभग एक जैसे होते हैं। आइए इस लेख में विस्तार से समझते हैं, हार्टबर्न, एसिड रिफ्लक्स और जीईआरडी में अंतर और बचाव।
हार्टबर्न, एसिड रिफलक्स और जीईआरडी में अंतर- Difference Between Heartburn Acid Reflux and GERD in Hindi
आपमें से किसी ने कभी न कभी सीने में जलन या "छाती की जलन" का अनुभव किया होगा। यह समस्या अक्सर खाने के बाद या लेटने पर खराब हो जाती है। इस जलन को अक्सर "एसिडिटी" (Acidity) या "हार्टबर्न" (Heartburn) के रूप में जाना जाता है। हालांकि, सीने में जलन के पीछे कई कारण हो सकते हैं, और यह हमेशा गंभीर बीमारी का संकेत नहीं होता है। बाबू ईश्वर शरण हॉस्पिटल के सीनियर फिजीशियन डॉ समीर कहते हैं, "अक्सर लोग हार्टबर्न, एसिडिटी, एसिड रिफ्लक्स और GERD को एक ही समझ लेते हैं। इसकी वजह से इलाज और बचाव में भी दिक्कत होती है। आमतौर पर इन समस्याओं में दिखने वाले ज्यादातर लक्षण एक जैसे होते हैं, लेकिन इनमें काफी अंतर होता है।"
इसे भी पढ़ें: बार-बार सीने में जलन (हार्टबर्न) क्यों होता है? जानें बचाव के उपाय
एसिडिटी (Acidity)
एसिडिटी एक व्यापक शब्द है जिसका उपयोग पेट में एसिड बढ़ने के कारण होने वाली पाचन से परेशानियों की स्थिति में किया जाता है। सीने में जलन के अलावा, एसिडिटी के अन्य लक्षणों में शामिल हो सकते हैं:
- खट्टी डकारें
- पेट फूलना
- मिचली
- अपच
एसिडिटी आमतौर पर अस्वस्थ आहार, तनाव, धूम्रपान, शराब का सेवन, या कुछ दवाओं के कारण हो सकती है। यह आमतौर पर गंभीर नहीं होती है और जीवनशैली में बदलाव और घरेलू उपचारों से इसे मैनेज किया जा सकता है।
हार्टबर्न (Heartburn)
हार्टबर्न सीने में जलन की एक स्थिति है जो आमतौर पर छाती के बीच में होती है और गले तक जा सकती है। यह जलन अक्सर खाने के बाद, लेटने पर, या कुछ खास खाद्य पदार्थों का सेवन करने के बाद होती है। हार्टबर्न का मुख्य कारण पेट का एसिड अन्नप्रणाली (esophagus) में वापस आ जाना है। अन्नप्रणाली वह नली है जो मुंह को पेट से जोड़ती है। अन्नप्रणाली भोजन को पचाने के लिए एसिड नहीं बनाती है, और एसिड के संपर्क में आने से जलन और असुविधा हो सकती है। हार्टबर्न एसिडिटी का ही एक लक्षण है, और यह जरूरी नहीं है कि हर बार एसिडिटी होने पर हार्टबर्न हो। हालांकि, ज्यादातर मामलों में, हार्टबर्न एसिडिटी का ही एक रूप होता है।
गैस्ट्रोएसोफागियल रिफ्लक्स रोग (GERD)
गैस्ट्रोएसोफागियल रिफ्लक्स डिजीज (GERD) एक पुरानी पाचन संबंधी बीमारी है जिसमें पेट का एसिड बार-बार अन्नप्रणाली में वापस चला जाता है। यह हफ्ते में दो बार से अधिक बार होने वाले हार्टबर्न का कारण बनता है। बार-बार एसिड के संपर्क में आने से अन्नप्रणाली की परत क्षतिग्रस्त हो सकती है, जिससे गंभीर जटिलताएं हो सकती हैं। GERD के कुछ लक्षण हार्टबर्न के समान होते हैं, लेकिन इसमें कुछ अतिरिक्त लक्षण भी शामिल हो सकते हैं, जैसे:
- सीने में दर्द
- भोजन निगलने में कठिनाई
- गले में खराश या खांसी
- खराब सांस
- नींद में खलल पड़ना
हार्टबर्न होने पर आपके सीने में जलन और गले में खट्टापन जैसा स्वाद महसूस होता है। सीने में जलन या हार्टबर्न कोई गंभीर स्थिति नहीं है, लेकिन लगातार होने पर आपको डॉक्टर से संपर्क जरूर करना चाहिए।
(Image Courtesy: freepik.com)