
Frequent Heartburn Causes: सीने में जलन और बेचैनी की समस्या को हार्टबर्न भी कहा जाता है। हार्ट बर्न की समस्या में छाती या सीने के बीचो-बीच जलन और बेचैनी होती है। कई बार लोग इसे सामान्य समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। लेकिन ऐसा करना आपकी सेहत के लिए बहुत नुकसानदायक हो सकता है। इसकी वजह से आपको खाने के बाद, लेटने और चलने-फिरने में भी बहुत समस्या होती है। हार्टबर्न होने के कई कारण हो सकते हैं, लेकिन ज्यादातर मामलों में यह समस्या एसिड रिफ्लक्स और GERD जैसी समस्याओं के कारण होती है। सीने में जलन होने पर लोग इसे हार्ट से जुड़ी समस्या का भी संकेत समझ लेते हैं, लेकिन हर मामलों में यह जरूरी नही है। खानपान और जीवनशैली में गड़बड़ी के कारण भी आपको यह समस्या हो सकती है। आइए इस लेख में विस्तार से जानते हैं बार-बार हार्ट बर्न होने के कारण और इस समस्या से बचाव के उपाय।
बार-बार हार्टबर्न क्यों होता है?- What Causes Frequent Heartburn in Hindi
आमतौर पर सीने में जलन या लगातार हार्टबर्न होना पेट और अन्नप्रणाली से जुड़ी समस्याओं का संकेत होता है। आप जब किसी चीज का सेवन करते हैं तो वह अन्नप्रणाली या फूड पाइप की सहायता से पेट तक जाता है, लेकिन जब आपके पेट में दिक्कत होती है तो यह भोजन वापस फूड पाइप में पहुंच जाता है। इसकी वजह से आपको कई गंभीर परेशानियां होती है। पेट में मौजूद एसिड और एंजाइम भी इसके लिए जिम्मेदार होते हैं। इसके आलावा ऐसे लोग जो बहुत ज्यादा तला-भुना, मसालेदार और गरिष्ठ भोजन करते हैं उन्हें भी इस समस्या का खतरा ज्यादा रहता है।
इसे भी पढ़ें: अपने खाने की आदतों में करें ये 3 बदलाव, बढ़ेगी प्रोडक्टिविटी और रहेंगे दिनभर एक्टिव
बार-बार सीने में जलन या हार्ट बर्न की समस्या के कुछ प्रमुख कारण इस तरह से हैं-
- हियाटल हर्निया की समस्या के कारण
- शराब और स्मोकिंग की वजह से
- प्रेगनेंसी के दौरान शारीरिक बदलाव की वजह से
- कुछ दवाओं के सेवन के कारण
- गैस्ट्रोओसोफेगल रिफ्लक्स रोग (जीईआरडी) के कारण
- खानपान में गड़बड़ी और जीवनशैली के कारण
- बहुत ज्यादा कार्बोनेटेड ड्रिंक्स का सेवन करना
- चाय और कैफीन युक्त चीजों का अधिक सेवन
बार-बार सीने में जलन के लक्षण- Sympotoms Of Frequent Heartburn in Hindi
बार-बार हार्टबर्न की समस्या होने पर आपको कई गंभीर परेशानियां हो सकती हैं। इसकी वजह से आपको सीने में जलन और दर्द के साथ-साथ पेट में दर्द और शरीर से जुड़ी कई अन्य समस्याएं हो सकती हैं। हार्टबर्न की समस्या में दिखने वाले कुछ प्रमुख लक्षण इस तरह से हैं-
- सीने में तेज जलन
- खट्टे डकार आना
- जी मिचलाना और उल्टी
- खांसी और खराश
- पेट फूलना
- सांस लेने में दिक्कत
- गला खराब होना
बार-बार हार्टबर्न की समस्या से कैसे बचें?- How To Prevent Frequent Heartburn in Hindi
अगर आप बार-बार सीने में होने वाली जलन की समस्या से परेशान हैं, तो आपको अपनी डाइट और जीवनशैली में जरूर बदलाव जरूर करने चाहिए। इसके लक्षण दिखने पर आप सबसे पहले डॉक्टर से संपर्क करें और डॉक्टर की सलाह पर जांच और इलाज लें। लेकिन इसके अलावा बार-बार सीने में जलन की समस्या से बचने के लिए आप अपनी डाइट और जीवनशैली से जुड़ी चीजों का ध्यान जरूर रखें। इस समस्या से बचने के लिए एक बार में बहुत ज्यादा भोजन करने के बजाय दिन में तीन से चार बार कम मात्रा में भोजन करें। इससे आपके पेट में एसिड का स्राव कम होगा। इसके अलावा खाना खाने के तुरंत बाद बैठने या बिस्तर पर जाने से बचें। शरीर में पानी की कमी न होने दें और भोजन में बहुत ज्यादा तले-भुने और मसालेदार चीजों को न शामिल करें।
इसे भी पढ़ें: सीने में जलन यानी हार्ट बर्न से छुटकारा पाने के लिए अपनाएं ये घरेलू उपाय
इन बातों का ध्यान रखने से आप बार-बार सीने में होने वाली जलन की समस्या से बच सकते हैं। हार्टबर्न के लक्षण दिखने पर आपको सबसे पहले डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। सही समय पर उचित इलाज और परहेज करने से आप इस समस्या से छुटकारा पा सकते हैं।
(Image Courtesy: Freepik.com)