Doctor Verified

लहसुन की तासीर क्या होती है? जानें किसे करना चाहिए इसका सेवन और किसे नहीं

Lahsun ki Taseer Kya Hai:  लहसुन औषधीय गुणों से भरपूर होता है। आप स्वस्थ रहने के लिए लहसुन का सेवन कर सकते हैं। लेकिन, सभी लोगों के लिए यह फायदेमंद नहीं होता है।
  • SHARE
  • FOLLOW
लहसुन की तासीर क्या होती है? जानें किसे करना चाहिए इसका सेवन और किसे नहीं


Lahsun ki Taseer Kya Hoti Hai: अधिकतर भारतीय घरों में लहसुन का उपयोग किया जाता है। लहसुन खाने का स्वाद और पोषक तत्व बढ़ाता है। अक्सर लोग लहसुन को तड़के के रूप में इस्तेमाल करते हैं। वहीं, कुछ लोग लहसुन का सेवन सीधेतौर पर भी करते हैं। लहसुन में एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं, जो व्यक्ति को कई तरह के संक्रमणों से लड़ने में मदद करते हैं। वहीं, लहसुन खाने से शरीर में ऑक्सीडेटिव क्षति को भी रोकने में मदद मिलती है। लहसुन खाने से कई बीमारियों से बचा जा सकता है। हालांकि, आयुर्वेद के अनुसार किसी भी खाद्य पदार्थ का सेवन, उसकी तासीर का जानकर ही करना चाहिए। क्योंकि तासीर की मदद से ही पता लगता है कि किस व्यक्ति को इसका सेवन करना चाहिए और किसे नहीं। तो आइए, इस लेख में जानते हैं कि लहसुन की तासीर कैसी होती है? और लहसुन का सेवन किसे करना चाहिए और किसे नहीं (Lahsun ka Sevan Kise Karna Chahiye or Kise Nahi)-

लहसुन की तासीर कैसी होती है?- Lahsun ki Taseer Kaisi Hoti Hai

रामहंस चेरिटेबल हॉस्पिटल, सिरसा के आयुर्वेदिक डॉ. श्रेय शर्मा बताते हैं, “लहसुन की तासीर बेहद गर्म होती है। हालांकि, लहसुन औषधीय गुणों से भरपूर होता है। लहसुन, हार्ट हेल्थ और लिवर हेल्थ के लिए बेहद फायदेमंद होता है। आमतौर पर सर्दियों में लहसुन का सेवन ज्यादा किया जाता है। सर्दियों में लहसुन खाने से शरीर में गर्माहट बनी रहती है। इससे कई तरह की स्वास्थ्य समस्याएं भी दूर होती हैं।”

इसे भी पढ़ें- क्या प्याज और लहसुन नॉन वेजिटेरियन फूड्स हैं? जानें सात्विक भोजन में क्यों नहीं किया जाता है इन्हें शामिल

garlic-taseer-inside

लहसुन का सेवन किसे करना चाहिए?- Lahsun Kise Khana Chahiye

  • अगर आप बार-बार बीमार पड़ जाते हैं। या आपको अक्सर ही सर्दी-जुकाम की समस्या रहती है, तो आपके लिए लहसुन का सेवन करना फायदेमंद हो सकता है। लहसुन खाने से शरीर की इम्यूनिटी बूस्ट होती है। इससे फेफड़े भी मजबूत बनते हैं।
  • जोड़ों या मांसपेशियों की सूजन को कम करने के लिए भी आप लहसुन का सेवन कर सकते हैं। गठिया के रोगियों के लिए लहसुन खाना लाभकारी हो सकता है। लहसुन में एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं, जो शरीर की सूजन को कम करने में मदद करते हैं।
  • संक्रमण से लड़ने में भी लहसुन मददगार हो सकता है। लहसुन में एंटी-बैक्टीरियल गुण पाए जाते हैं, जो इंफेक्शन की समस्या से बचाते हैं।
  • डायबिटीज रोगियों के लिए भी लहसुन फायदेमंद होता है। डायबिटीज के मरीजों को रोज सुबह खाली पेट लहसुन की कलियां खाने की सलाह दी जाती है। इससे वजन भी कंट्रोल में रहता है।
  • लहसुन को हार्ट हेल्थ के लिए बेहद अच्छा माना जाता है। अगर आपको हार्ट से जुड़ी कोई समस्या जैसे- हाई कोलेस्ट्रॉल या हाई ब्लड प्रेशर है, तो लहसुन का सेवन करना फायदेमंद हो सकता है।

इसे भी पढ़ें- हाई कोलेस्ट्रॉल में लाभदायक है लहसुन वाला दूध, जानें तरीका और फायदे

लहसुन का सेवन किसे नहीं करना चाहिए?- Lahsun Kise Nahi Khana Chahiye

  • आयुर्वेद के अनुसार पित्त प्रकृत्ति के लोगों को लहसुन का सेवन नहीं करना चाहिए। खासकर, लहसुन की कलियों का सीधे तौर पर सेवन नहीं करना चाहिए।
  • अगर आपको पेट या सीने में जलन रहती है, तो भी लहसुन का सेवन बिलकुल न करें। इससे समस्या बढ़ सकती है।
  • मुंह में छाले होने पर लहसुन का सेवन करना नुकसानदायक होता है। लहसुन, मुंह में छालों की समस्या को ट्रिगर कर सकता है।
  • वैसे तो लहसुन खाने से पाचन-तंत्र मजबूत बनता है। लेकिन अगर आपको पाचन या पेट से जुड़ी समस्या पहले से है, तो लहसुन का सेवन न करें।
  • त्वचा पर फोड़े-फुंसियां या लाल चकत्ते होने पर भी लहसुन का सेवन नहीं करना चाहिए।

लहसुन की तासीर गर्म होती है। इसलिए इसका सेवन सभी लोगों को बिलकुल नहीं करना चाहिए। लहसुन कुछ लोगों को नुकसान भी पहुंचा सकता है। इसलिए लहसुन का सेवन करने से पहले आयुर्वेदिक डॉक्टर की सलाह जरूर लें।

Read Next

कहीं आप भी तो नहीं सोते मुंह खोलकर, जानें इसके कारण और आयुर्वेदिक इलाज

Disclaimer