आज के समय लोगों का स्क्रीन टाइम लगातार बढ़ता जा रहा है। हम में से ज्यादा लोग घंटों अपना समय मोबाइल और कंप्यूटर देखने में बिता रहे हैं। डेस्क जॉब करने वाले दिन में लगभग 10 घंटे स्क्रीन के सामने बिता रहे हैं। इससे आंखों की सेहत गंभीर रूप से प्रभावित हो सकती है। दरअसल, लंबे समय तक स्क्रीन देखते रहने से आंखों को इनसे निकलने वाले ब्लू लाइट से नुकसान हो सकता है। लंबे समय तक इसके सामने रहने से रेटिना को नुकसान पहुंचता है। इसके अलावा आंखों में खिंचाव, ड्राईनेस, सिर दर्द और नींद से जुड़ी समस्याएं हो सकती है। इतना ही नहीं, मैक्यूलर डिजनरेशन की समस्या भी समय के साथ बढ़ सकती है। ऐसे में आंखों को इन नुकसानों से बचाने के लिए आप स्क्रीन टाइम के लिए 30 30 30 नियम (30 30 30 rule for screen) फॉलो कर सकते हैं। क्या है ये, इसे कैसे फॉलो करें और इसके फायदे क्या हैं, इस बारे में विस्तार से जानने के लिए हमने Dr. Ashwin Santosh Shetty, Consultant – Ophthalmology, Aster CMI Hospital, Bangalore से बात की।
स्क्रीन टाइम के लिए 30 30 30 नियम क्या है-What is the 30 30 30 rule for screen?
Dr. Ashwin Santosh Shetty, बताते हैं कि ''30-30-30 नियम आपकी आंखों और स्वास्थ्य को स्क्रीन के अत्यधिक उपयोग से बचाने का एक आसान तरीका है। इसके अनुसार, 30 मिनट तक स्क्रीन देखने के बाद, आपको कम से कम 30 सेकंड के लिए 30 फीट दूर किसी चीज को देखना चाहिए।'' यह छोटा सा ब्रेक आपकी आंखों को आराम देता है और कंप्यूटर, फोन या टीवी से होने वाले तनाव को कम करता है। यह नियम किसी भी बच्चे, बड़े और बुजुर्ग के लिए फायदेमंद है।
इसे भी पढ़ें: लैपटॉप-फोन पर काम करने वालों को होता है कंप्यूटर आई स्ट्रेन, डॉक्टर से जानें इसके कारण और लक्षण
कैसे फॉलो करें 30 30 30 का नियम-How to follow
इस नियम का पालन करना आसान है। जब आप काम कर रहे हों, पढ़ाई कर रहे हों या स्क्रीन पर कुछ देख रहे हों, तो हर 30 मिनट में बजने वाला एक रिमाइंडर या अलार्म सेट करें। जब यह बजता है, तो
- -स्क्रीन देखना बंद कर दें और अपनी नजरें किसी दूर की वस्तु पर लगाएं, जैसे खिड़की के बाहर कोई पेड़ या कमरे के उस पार कोई चीज पर।
- -हो सके तो इस छोटे से ब्रेक के दौरान अपने शरीर को स्ट्रेच करें या थोड़ा टहलें।
- -इससे आपकी आंखों और मुद्रा, दोनों को फायदा होता है।
इसे भी पढ़ें: देर तक काम करने से थक गई हैं आंखें? आराम के लिए अपनाएं ये 5 उपाय
30 30 30 का नियम कैसे फायदेमंद है-How it is beneficial?
30-30-30 नियम के कई फायदे हैं। यह आंखों के तनाव, सूखेपन और सिरदर्द को कम करता है, जो अक्सर लंबे समय तक स्क्रीन का इस्तेमाल करने से होता है। यह डिजिटल आई स्ट्रेस के जोखिम को भी कम करता है, जिससे आंखें थकी हुई और धुंधली लगती हैं। दूसरी तरफ देखने से ध्यान केंद्रित करने में सुधार होता है और आंखों की मांसपेशियों को आराम मिलता है। अगर आप छोटी-छोटी मूवमेंट्स या स्ट्रेचिंग करते हैं, तो यह गर्दन, कंधों और पीठ में अकड़न को भी रोकता है।
संक्षेप में, 30-30-30 नियम एक आसान आदत है जो आपकी आंखों की सुरक्षा करती है, आराम बढ़ाती है और लंबे समय तक स्क्रीन का इस्तेमाल करने को स्वास्थ्यवर्धक बनाती है। यह छात्रों, प्रोफेशनल्स और डिजिटल उपकरणों पर लंबा समय बिताने वाले लोगों के लिए विशेष रूप से उपयोगी है। तो इस नियम को फॉलो करें और कोशिश करें ज्यादा से ज्यादा स्क्रीन टाइम में कमी लाएं।