वर्तमान समय में लगभगर हर दूसरा शख्स बालों के झड़ने और इससे जुड़ी अन्य समस्याओं से परेशान है। दरअसल, आजकल की बिजी लाइफस्टाइल में लोग बालों की देखभाल सही से नहीं करते हैं, जिसके कारण बालों का झड़ना और अन्य समस्याएं बढ़ रही हैं। इसके अलावा लोग बालों में तरह-तरह के हानिकारक केमिकल्स से भरे हेयर कलर और डाई का प्रयोग भी करते हैं, जिनका असर बालों की क्वालिटी पर पड़ता है। बालों की जड़ों को मजबूती देने से लेकर उनकी नेचुरल शाइन को बनाए रखने के लिए, सही देखभाल जरूर होती है। आयुर्वेद में बालों की देखभाल के लिए कई उपाय बताए गए हैं, जो न केवल बालों को हेल्दी बनाए रखते हैं, बल्कि उन्हें मजबूत और घना भी बनाते हैं। जैसे कि बालों में तेल लगाना, लेकिल लोगों को बालों में तेल लगाने का सही तरीका ही नहीं पता है। आयुर्वेद में बालों में तेल लगाने का सही तरीका बताया गया है। इस बारे में ज्यादा जानकारी के लिए हमने आयुर्वेदिक डॉक्टर श्रेय शर्मा से बात की है।
आयुर्वेद के अनुसार बालों में तेल कैसे लगाना चाहिए?
डॉक्टर ने बताया अक्सर लोग रात के समय बालों में तेल लगाते हैं और अगली सुबह बालों को शैंपू से साफ करते हैं, जो कि गलत है। आयुर्वेद के अनुसार, दिन के समय बालों में तेल लगाएं और फिर 1-2 घंटे तक तेल को बालों में रहने देना चाहिए, फिर उसे धो लेना चाहिए। इससे बालों की जड़ें मजबूत होती हैं और स्कैल्प को पोषण मिलता है। रात में तेल लगाने से सर्दी, कफ और सिरदर्द की समस्या हो सकती है, इसलिए तेल को दिन के समय में ही लगाना चाहिए।
इसे भी पढ़ें: सेहत के लिए बहुत फायदेमंद है बायोटिन स्मूदी, एक्सपर्ट से जानें रेसिपी
बालों में कौन सा तेल लगाना चाहिए?
आयुर्वेद में विभिन्न प्रकार के तेलों का प्रयोग बालों की सेहत के लिए लाभकारी माना गया है। तिल का तेल, नारियल का तेल और आंवला तेल आयुर्वेद में बालों के लिए सबसे अधिक उपयुक्त माने गए हैं। तिल का तेल स्कैल्प को पोषण देता है और बालों की जड़ों को मजबूत बनाता है। नारियल तेल बालों को गहराई से पोषण देता है और उन्हें शाइनी बनाता है। आंवला तेल बालों की ग्रोथ को बढ़ाता है और उन्हें घना बनाता है। आयुर्वेद में हर्ब्स से बनाए गए तेलों का भी विशेष महत्व है। आप अपने घर में ही ब्राह्मी, भृंगराज, करी पत्ता और तुलसी जैसी हर्ब्स को तेल में मिलाकर बालों के लिए उपयोग कर सकते हैं। ये हर्ब्स बालों की जड़ों को मजबूती देते हैं, डैंड्रफ से बचाते हैं और बालों को समय से पहले सफेद होने से रोकते हैं।
इसे भी पढ़ें: मानसून में बैड हेयर डे से बचने के लिए ट्राई करें ये 6 हेल्दी आदतें, शाइनी और घने दिखेंगे बाल
स्कैल्प पर तेल मालिश के फायदे
स्कैल्प पर नियमित रूप से तेल की मालिश करने से ब्लड सर्कुलेशन बढ़ता है, जिससे बालों की ग्रोथ में सुधार होता है। यह मानसिक तनाव को भी कम करता है और नींद की क्वालिटी में सुधार करता है। आयुर्वेद के अनुसार, तेल की मालिश करने से मन शांत होता है, जिससे समग्र स्वास्थ्य में सुधार होता है।
निष्कर्ष
आयुर्वेद के अनुसार, बालों में तेल लगाना सिर्फ बालों की देखभाल के लिए नहीं है, बल्कि यह मानसिक शांति के लिए भी जरूरी है। हालांकि, इस बात का ध्यान रखना जरूरी है कि तेल को रातभर के लिए न छोड़ें और दिन के समय में ही इसे लगाकर धो लें। सही तेल और हर्ब्स से बालों को पोषण मिलता है, जिससे बाल हेल्दी होते हैं।
All Images Credit- Freepik