रात को सोने के दौरान आपने कई बार महसूस किया होगा कि आपके आसपास के कोई व्यक्ति अपने दांतों को पीसता या किटकिटाता होगा। दांत किटकिटाना एक आम समस्या है, जिसे लोग अक्सर हल्के में लेते हैं और नजरअंदाज करते हैं। यह समस्या नींद के दौरान या कभी-कभी जागते समय भी हो सकती है। आपने देखा होगा कई बार किसी व्यक्ति को दांत किटकिटाते हुए किसी न किसी ने उन्हें रोका होगा और कहा होगा कि वे ऐसा न करें, क्योंकि ये अशुभ होता है। जी हां, दांत किटकिटाने की आदत को कई लोग शुभ और अशुभ से जोड़ते हैं, जबकि कुछ लोग इसे गलत आदत मानते हैं। लेकिन, असल में दांत किटकिटाने की समस्या क्या है इस बारे में लोगों को कम जानकारी होती है। इसलिए, आज के इस लेख में हम भोपाल स्थित अपोलो सेज अस्पताल की बीडीएस और एमएचए डेंटिस्ट डॉक्टर सुरभि श्रीवास्तव (Dr. Surbhi Shrivastava, BDS, MHA Dentist, Apollo Sage Hospitals, Bhopal) से जानने की कोशिश करेंगे कि दांत किटकिटाने के पीछे का वैज्ञानिक कारण क्या है?
दांत किटकिटाना शुभ या अशुभ?
भारत में शरीर की हर हरकत को किसी न किसी संकेत से जोड़ा जाता है, जिससे दांत किटकिटाने की समस्या भी शामिल है। लोगों का ऐसा मानना है कि अगर कोई व्यक्ति सोते या जागते में भी दांतों को किटकिटाना या पिसता है तो यह किसी बुरी ऊर्जा या कुछ अशुभ होने का संकेत हो सकता है। कुछ लोग इसे नजर लगने के लक्षण से भी जोड़ते हैं। लेकिन, वास्तव में दांत किटकिटाने के पीछे इन चीजों के होने का कोई वैज्ञानिक कारण नहीं है। बल्कि ये स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं का संकेत हो सकता है।
इसे भी पढ़ें: क्या बर्फ की क्यूब्स चबाना दांतों के लिए हानिकारक है? डेंटिस्ट से जानें
दांत किटकिटाने के कारण
दांत किटकिटाने के पीछे शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े कई कारण हो सकते हैं, जिनमें-
- मानसिक तनाव: दांत किटकिटाने का सबसे आम कारण दिमाग पर लगातार तनाव रहना है। ज्यादा तनाव लेने से दिमाग दांतों को किटकिटाने लगता है।
- नींद से जुड़ी समस्या: अगर किसी व्यक्ति को अनिद्रा, नींद में बोलने या चलने की समस्या है तो भी दांतों का किटकिटाने की समस्या हो सकती है।
- अन्य मानसिक समस्याएं: एंग्जायटी, डिप्रेशन, या ओसीडी जैसी मानसिक समस्याएं भी दांतों के किटकिटाने का कारण बन सकता है।
- मसूड़ों या दांतों से जुड़ी समस्या: कुछ मामलों में दांतों की गलत बनावट या जबड़ों में होने वाली समस्याएं भी दांत किटकिटाने का कारण बन सकता है।
- गलत आदतें: कैफीन, शराब का सेवन या बहुत ज्यादा स्मोकिंग जैसे आदतों के कारण भी दांतों के किटकिटाने की समस्या होती है।
इसे भी पढ़ें: क्या लौंग का तेल दांतों में कैविटी बनने से रोक सकता है? आयुर्वेदाचार्य से जानें
दांत किटकिटाने के साइड इफेक्ट्स
दांत किटकिटाने की आदत आपके लिए हानिकारक भी हो सकता है, जिसमें-
- दांत टूट सकते हैं या घिस सकते हैं
- जबड़े में दर्द और अकड़न की समस्या हो सकती है
- सिर में दर्द और कानों में दर्द की समस्या
- नींद में गड़बड़ी होना
- गुस्सा, चिड़चिड़ापन और थकान होना
दांत किटकिटाने की आदत कैसे छोड़े?
दांत किटकिटाने की आदत को छोड़ने के लिए आप इन टिप्स को फॉलो कर सकते हैं-
- तनाव मैनेज करें: दांत किटकिटाने की समस्या से राहत पाने के लिए जरूरी है कि आप अपने तनाव को मैनेज करें, जिसके लिए मेडिटेशन, डीप ब्रीदिंग, अच्छी नींद लें, कैफीन और शराब से दूरी बनाकर रखें।
- माउथ गार्ड का इस्तेमाल: अगर आप बहुत ज्यादा दांत किटकिटाने की आदत से परेशान हैं तो डेंटिस्ट की सलाह पर माउथ गार्ड का इस्तेमाल कर सकते हैं, जो दांतों को घिसने से रोकता है।
- थेरेपी: अगर दांत किटकिटाने की आदत मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्या के कारण है तो किसी एक्सपर्ट से कंसल्ट करके CBT ले सकते हैं, जो आपकी इस आदत को कम करने में मदद मिल सकती है।
- मसूड़ों की एक्सरसाइज: कुछ खास जबड़ों की एक्सरसाइज करने से भी दांतों के किटकिटाने की समस्या से राहत मिल सकती है और आपके जबड़े की मांसपेशियों को भी आराम मिलेगा।
निष्कर्ष
दांतों का किटकिटाना कोई शुभ या अशुभ संकेत नहीं होता है, बल्कि शारीरिक और मानसिक समस्याओं से जुड़ा हो सकता है। इसलिए, अगर आपको भी दांत किटकिटाने की आदत है तो इसे नजरअंदाज न करें और तुरंत डॉक्टर से कंसल्ट करें।
Image Credit: Freepik
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
Current Version
Sep 17, 2025 18:01 IST
Published By : कात्यायनी तिवारी