Expert

गर्मियों में ज्यादा तरबूज खा रहे हैं तो पहले जान लें इसके नुकसान

गर्मी के मौसम में तरबूज खाना लोग काफी पसंद करते हैं लेकिन इसका ज्यादा सेवन सेहत के लिए नुकसानदायक भी हो सकता है। यहां जानिए, ज्यादा तरबूज खाने के नुकसान।
  • SHARE
  • FOLLOW
गर्मियों में ज्यादा तरबूज खा रहे हैं तो पहले जान लें इसके नुकसान


गर्मी का मौसम आते ही बाजार में तरबूज और खरबूजा जैसे रसीले और ठंडक देने वाले फलों की भरमार हो जाती है। इनमें से तरबूज लोगों की पहली पसंद बनता है क्योंकि यह न केवल स्वादिष्ट होता है बल्कि शरीर को हाइड्रेट करने और लू से बचाने में भी मदद करता है। तरबूज में 90 प्रतिशत से ज्यादा पानी होता है जो गर्मियों में शरीर की जलन और डिहाइड्रेशन को दूर करता है। यही कारण है कि बहुत से लोग गर्मी में इसे रोजाना और कई बार जरूरत से ज्यादा मात्रा में खाने लगते हैं। तरबूज पोषक तत्वों से भरपूर होता है और सीमित मात्रा में खाने से इसके कई फायदे मिलते हैं, लेकिन जब इसका अत्यधिक सेवन किया जाता है, तो यह शरीर के लिए नुकसानदायक भी साबित हो सकता है।

इसलिए यह जानना जरूरी है कि रोजाना कितनी मात्रा में तरबूज खाना सुरक्षित है और क्या इसके सेवन में कोई सावधानी बरतनी चाहिए। इस लेख में हम जयपुर स्थित Angelcare-A Nutrition and Wellness Center की निदेशक, डाइटिशियन अर्चना जैन से विस्तार से जानेंगे कि ज्यादा तरबूज खाने के नुकसान क्या हैं?

ज्यादा तरबूज खाने के नुकसान - What Are The Side Effects Of Eating Too Much Watermelon

1. पेट फूलना और गैस की समस्या

तरबूज में फाइबर की मात्रा अच्छी होती है, लेकिन अगर इसे अधिक मात्रा में खा लिया जाए, तो यह पाचन तंत्र पर असर डाल सकता है। इसमें मौजूद नेचुरल शुगर कुछ लोगों का शरीर ठीक से पचा नहीं पाता। इस कारण पेट फूलने, गैस बनने और डकारें आने जैसी समस्याएं हो सकती हैं। खासकर जिन लोगों को इरिटेबल बाउल सिंड्रोम (IBS) की शिकायत है, उन्हें तरबूज सीमित मात्रा में ही खाना चाहिए।

इसे भी पढ़ें: क्या तरबूज सनबर्न कम करने में मदद करता है? जानें एक्सपर्ट की राय

2. बार-बार पेशाब लगना

तरबूज का मूत्रवर्धक प्रभाव होता है यानी यह शरीर से पानी और नमक को मूत्र के रूप में बाहर निकालता है। अगर कोई व्यक्ति बहुत अधिक तरबूज खा लेता है, तो उसे बार-बार पेशाब आने की समस्या हो सकती है, जिससे शरीर में सोडियम और पोटैशियम जैसे जरूरी इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी हो सकती है।

3. ब्लड शुगर लेवल में बढ़ोतरी

एक मीठा तरबूज तेजी से शरीर में ग्लूकोज बढ़ा सकता है। हालांकि इसका ग्लाइसेमिक लोड कम है, लेकिन अगर कोई व्यक्ति एक बार में बहुत अधिक मात्रा में तरबूज खा लेता है, तो यह डायबिटिक मरीजों के लिए खतरा बन सकता है। इससे अचानक ब्लड शुगर स्पाइक हो सकता है, जो डायबिटीज कंट्रोल करने में मुश्किल पैदा करता है।

इसे भी पढ़ें: क्या कटा हुआ तरबूज फ्रिज में रख सकते हैं? जानें एक्सपर्ट की राय

Side Effects Of Eating Watermelon

4. एलर्जी रिएक्शन

कुछ लोगों को तरबूज से एलर्जी हो सकती है, खासकर जिन्हें खीरा या केला से एलर्जी होती है। ऐसे लोगों को तरबूज खाने के बाद गले में खराश, खुजली, सूजन, होंठों या जीभ में सूजन और स्किन रैश जैसी एलर्जिक रिएक्शन हो सकते हैं। यदि ऐसी प्रतिक्रिया दिखे, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।

5. किडनी पर असर

जिन लोगों को किडनी की बीमारी है, उनके लिए अधिक पोटैशियम वाला भोजन नुकसानदायक हो सकता है। किडनी जब सही से काम नहीं कर रही होती, तो वह अतिरिक्त पोटैशियम को शरीर से बाहर नहीं निकाल पाती। इससे ब्लड में पोटैशियम का लेवल खतरनाक स्तर तक पहुंच सकता है और किडनी की हालत और बिगड़ सकती है।

6. डायरिया और लूज मोशन

ज्यादा तरबूज खाने से कुछ लोगों को दस्त या लूज मोशन की समस्या हो सकती है। खासकर अगर किसी का पेट पहले से कमजोर हो या उसमें बैक्टीरियल इंफेक्शन हो, तो तरबूज का ज्यादा सेवन शरीर को और अधिक डिहाइड्रेट कर सकता है। इससे शरीर में पानी और मिनरल्स की कमी हो जाती है।

निष्कर्ष

तरबूज गर्मियों में शरीर को ठंडक देने वाला और हाइड्रेशन के लिए अच्छा विकल्प है, लेकिन इसका सेवन संयम में करना जरूरी है। एक दिन में 150-300 ग्राम तरबूज पर्याप्त होता है। यदि आपको किसी प्रकार की गैस, एलर्जी, या किडनी की समस्या है तो डॉक्टर या डाइटीशियन की सलाह जरूर लें।

All Images Credit- Freepik

FAQ

  • तरबूज कब नहीं खाना चाहिए?

    तरबूज को खाली पेट, देर रात या ठंडे मौसम में नहीं खाना चाहिए। इसे भोजन के तुरंत बाद या दूध-दही जैसे भारी फूड्स के साथ नहीं खाना चाहिए, क्योंकि इससे गैस, अपच या पेट दर्द की समस्या हो सकती है। डायबिटीज, किडनी रोग या एलर्जी वाले लोगों को भी तरबूज सीमित मात्रा में और डॉक्टर की सलाह से ही खाना चाहिए। इसके अलावा, अगर पेट में गैस, लूज मोशन या दस्त हो रहे हों तो तरबूज खाने से बचना चाहिए।
  • तरबूज खाने के क्या फायदे हैं?

    तरबूज गर्मियों में शरीर को ठंडक और हाइड्रेशन देने वाला फल है। इसमें अधिक पानी होता है, जो डिहाइड्रेशन से बचाता है। यह विटामिन्स, पोटैशियम और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होता है, जो त्वचा, आंखों और हार्ट हेल्थ के लिए फायदेमंद है। तरबूज शरीर से विषैले तत्वों को बाहर निकालने में मदद करता है और पाचन को भी बेहतर बनाता है। यह वजन घटाने वालों के लिए भी अच्छा विकल्प है क्योंकि इसमें कैलोरी कम होती है।
  • तरबूज ठंडा होता है या गरम?

    तरबूज प्रकृति से ठंडा (शीतल) होता है। आयुर्वेद के अनुसार, यह शरीर में पित्त और गर्मी को शांत करने वाला फल है, जो गर्मियों के मौसम में ठंडक प्रदान करता है। इसमें पानी की मात्रा अधिक होती है, जिससे यह शरीर को हाइड्रेट रखता है और लू या गर्मी से बचाने में मदद करता है। यही कारण है कि तरबूज का सेवन गर्मियों में ज्यादा किया जाता है। 

 

 

 

Read Next

हर्बल टी से जुड़े इन 5 मिथकों पर न करें भरोसा, एक्‍सपर्ट से जानें सच्चाई

Disclaimer