मॉडर्न लाइफस्टाइल में कैल्शियम की कमी एक आम समस्या बन गई है, जो हड्डियों की कमजोरी और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकती है। कैल्शियम हमारे शरीर के लिए एक जरूरी मिनरल है, जो हड्डियों और दांतों की मजबूती को बनाए रखने में सहायक होता है। बच्चों और टीनएजर्स को कैल्शियम की ज्यादा जरूरत होती है। ऐसा इसलिए, क्योंकि इस उम्र में हड्डियों का निर्माण और विकास तेजी से होता है। वहीं, वयस्कों और बुजुर्गों में हड्डियों की मजबूती बनाए रखने के लिए कैल्शियम की जरूरत होती है। यदि शरीर में कैल्शियम की कमी होती है, तो इससे हड्डियों की कमजोरी, दांतों की समस्याएं, मांसपेशियों में ऐंठन और कमजोरी की शिकायत हो सकती है। ऐसे में शरीर में कैल्शियम की कमी दूर करने के लिए आप सप्लीमेंट्स की जगह नेचुरल विकल्प चुन सकते हैं। इस लेख में डाइटिशियन, गीतांजलि सिंह (M.sc Food and Nutrition) कैल्शियम के 5 नेचुरल विकल्प बता रही हैं।
कैल्शियम सप्लीमेंट्स की जगह करें इन 5 चीजों का सेवन
1. मोरिंगा
मोरिंगा में अच्छी मात्रा में कैल्शियम होता है, जो हड्डियों और दांतों की मजबूती के लिए आवश्यक है। इसमें विटामिन ए और ई भी होते हैं, जो समग्र स्वास्थ्य के लिए लाभदायक होते हैं। मोरिंगा की फली के साथ-साथ इसकी पत्तियां कई तरह के जरूरी एंटीऑक्सिडेंट्स से भरपूर होती हैं, जो शरीर को फ्री रेडिकल्स से बचाने में मदद कर सकती हैं। मोरिंगा का उपयोग स्मूदी, सब्जी, सूप या सलाद में मिलाकर किया जा सकता है। इसके अलावा मोरिंगा की पत्तियों को सूखाकर चाय के रूप में भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
इसे भी पढ़ें: विटामिन डी लेते समय न करें ये 3 गलतियां, सेहत पर पड़ सकता है बुरा असर
2. सफेद तिल
कैल्शियम की कमी दूर करने में सफेद तिल का सेवन भी लाभदायक हो सकता है। सफेद तिल में अच्छी मात्रा में कैल्शियम पाया जाता है, जो हड्डियों को मजबूत बनाता है। इसके साथ ही सफेद तिल में मैग्नीशियम और फास्फोरस भी होते हैं, जो हड्डियों के लिए जरूरी हैं। सफेद तिल को आप रातभर पानी में भिगोकर अगले दिन खा सकते हैं, इसके अलावा सलाद, दही या किसी भी भोजन में मिलाकर भी इसका सेवन किया जा सकता है। तिल के लड्डू या तिल पट्टी भी कैल्शियम का सोर्स हो सकते हैं।
3. अलसी
कैल्शियम के साथ-साथ ओमेगा-3 फैटी एसिड से भरपूर अलसी के बीज हड्डियों के स्वास्थ्य के लिए लाभकारी होते हैं। अलसी में फाइबर भी अच्छी मात्रा में पाया जाता है, जो पाचन को बेहतर करने में मदद करता है। अलसी को पीसकर सलाद, स्मूदी या सूप में मिलाकर सेवन कर सकते हैं।
इसे भी पढ़ें: बच्चों की हड्डियां कमजोर होने पर दिखते हैं ये 7 लक्षण, न करें नजरअंदाज
4. चिया सीड्स
कैल्शियम के साथ प्रोटीन और फाइबर से भरपूर चिया सीड्स हड्डियों को हेल्दी बनाए रखने सहायक होते हैं। चिया सीड्स में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स शरीर को हेल्दी रखने मदद करते हैं। चिया सीड्स को पानी में भिगोकर स्मूदी, ओटमील या दही में मिलाकर खा सकते हैं।
5. राजगिरा
राजगिरा में कैल्शियम होता है, जो हड्डियों और दांतों के स्वास्थ्य के लिए जरूरी है। इसमें आयरन और मैग्नीशियम भी होते हैं, जो एनीमिया की शिकायत को कम सकते हैं। राजगिरा ग्लूटेन-फ्री होता है, ऐसे में जिन लोगों को ग्लूटन से एलर्जी होती है उनके लिए भी इसका सेवन लाभकारी हो सकता है। राजगिरा को आप दलिया और स्मूदी में मिला सकते हैं, इसके अलावा राजगिरा का आटा रोटी या पराठा बनाने में भी इस्तेमाल किया जा सकता है।
मोरिंगा, सफेद तिल, अलसी, चिया सीड्स और राजगिरा जैसे प्राकृतिक विकल्प न सिर्फ कैल्शियम की कमी को दूर करते हैं बल्कि समग्र स्वास्थ्य को भी बेहतर बनाते हैं।
All Images Credit- Freepik