गर्मियों का मौसम जहां शरीर को ज्यादा एनर्जी और हाइड्रेशन की जरूरत होती है, वहीं त्वचा भी तेज धूप, गर्म हवाओं और पसीने की वजह से जल्दी ड्राई, बेजान और थकी हुई नजर आने लगती है। ऐसे में नेचुरल उपायों का सहारा लेना एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है। इन्हीं नेचुरल उपायों में गोंद कतीरा (Gond Katira) एक ऐसा नाम है, जो सिर्फ शरीर को अंदर से ठंडक देने के लिए ही नहीं, बल्कि त्वचा की देखभाल में भी बेहद असरदार माना जाता है। गोंद कतीरा की तासीर ठंडी होती है और इसे आमतौर पर गर्मियों में शरबत या ड्रिंक में मिलाकर पिया जाता है। लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि इसका उपयोग बाहरी रूप से त्वचा पर भी किया जा सकता है। इस लेख में अर्बन क्लैप के साथ काम कर रहीं VLCC सर्टिफाइड ब्यूटीशियन आशू मैसी से जानिए, गोंद कतीरा को चेहरे पर कैसे लगाएं और इसके फायदे क्या होते हैं?
गोंद कतीरा को चेहरे पर कैसे लगाएं? - How To Use Gond Katira On Face
1. गोंद कतीरा और शहद फेस पैक
गोंद कतीरा को रातभर के लिए गुलाबजल में भिगोकर रखें, आप देखेंगे कि सुबह यह फूलकर जेल जैसा बन जाएगा। इसमें 1-2 चम्मच शहद मिलाएं और इस मिश्रण को चेहरे पर लगाएं। 15-20 मिनट बाद ठंडे पानी से धो लें। गुलाब जल त्वचा को टोन करने का काम करता है, जबकि गोंद कतीरा त्वचा की खोई नमी को वापस लाने में मदद करता है। वहीं शहद त्वचा की ड्राईनेस को दूर करने में सहायक होता है। यह फेस पैक खासकर गर्मियों में त्वचा को ठंडक देने, जलन और रूखेपन से राहत दिलाने के लिए बेहद असरदार है।
इसे भी पढ़ें: गर्मियों में सेहत का खजाना होता है गोंद कतीरा, जानें इसे खाने के फायदे, नुकसान और सही तरीका
2. गोंद कतीरा और मुल्तानी मिट्टी फेस पैक
जिन लोगों की त्वचा ऑयली है वह गोंद कतीरा के साथ मुल्तानी मिट्टी मिलाकर फेस पैक तैयार करें। 1 चम्मच भिगोया हुआ गोंद कतीरा लें, उसमें 1 चम्मच मुल्तानी मिट्टी और थोड़ा सा गुलाब जल मिलाकर पेस्ट तैयार करें। इस पेस्ट को चेहरे पर लगाएं और सूखने के बाद ताजे पानी से धो लें। मुल्तानी मिट्टी गहराई से त्वचा की सफाई करती है और अतिरिक्त तेल को सोखती है। गोंद कतीरा त्वचा को मॉइश्चराइज करता है। यह फेस मास्क ऑयली और मिक्स स्किन वालों के लिए खास लाभकारी है।
इसे भी पढ़ें: जोड़ों के दर्द से हैं परेशान? दालचीनी और गोंद कतीरा की इस ड्रिंक का करें सेवन
3. गोंद कतीरा और एलोवेरा जेल फेस पैक
भिगोया हुआ गोंद कतीरा लें और उसमें बराबर मात्रा में एलोवेरा जेल मिलाएं। इस मिश्रण को चेहरे पर लगाएं और 20 मिनट बाद हल्के हाथों से धो लें। एलोवेरा और गोंद कतीरा दोनों में ही ठंडक देने वाले गुण होते हैं। यह स्किन पैक गर्मी में सनबर्न, जलन और खुजली से राहत देता है। यह त्वचा को रिफ्रेश करता है।
स्किन के लिए गोंद कतीरा के फायदे
- गोंद कतीरा त्वचा को गर्मियों में ठंडक देता है और सूजन को कम करता है। यह त्वचा में प्राकृतिक नमी को लॉक करता है, जिससे त्वचा हाइड्रेटेड और सॉफ्ट बनी रहती है।
- गोंद कतीरा त्वचा की झुर्रियों और फाइन लाइंस को कम करने में सहायक हो सकता है। इसका नियमित उपयोग त्वचा को जवां बनाए रखता है।
- यह सनबर्न, रैशेज और एलर्जी जैसी समस्याओं को ठीक करने में मदद करता है। इसके ठंडे प्रभाव से त्वचा को तुरंत राहत मिलती है।
निष्कर्ष
गोंद कतीरा त्वचा की कई समस्याओं से राहत दिलाता है। यह एक नेचुरल और साइड इफेक्ट्स रहित उपाय है, जो त्वचा को हाइड्रेट करता है, उसे गहराई से साफ करता है और निखारता है। लेकिन ध्यान रखें कि अगर आपको त्वचा से जुड़ी समस्याएं हैं तो इसका उपयोग करने से पहले डॉक्टर से सलाह लें।
All Images Credit- Freepik