How to Eat Sattu: चिलचिलाती धूप और गर्मी से इस समय सभी परेशान हैं। हर कोई गर्मी से बचने के लिए तरह-तरह के उपाय आजमा रहे हैं। गर्मियों (Heatwave) में अकसर सत्तू को डाइट में शामिल करने की सलाह दी जाती है। सत्तू शरीर को ठंडा रखने के लिए में मदद करता है। सत्तू प्रोटीन और फाइबर का बेहतरीन सोर्स होता है। इसके अलावा सत्तू पीने से व्यक्ति पूरे दिन एनर्जेटिक महसूस कर सकता है। सत्तू चने, जौ या गेहूं का हो सकता है। वैसे तो अधिकतर लोग सत्तू का सेवन ड्रिंक के रूप में करते है। लेकिन आप चाहें तो सत्तू के परांठे, लड्डू भी बना सकते हैं। जी हां, सत्तू को सिर्फ ड्रिंक नहीं बल्किल कई तरीकों से खाया जा सकता है। तो चलिए आरोग्य डाइट और न्यूट्रीशन क्लीनिक की डायटीशिन सुगीता मुटरेजा से विस्तार से जानते हैं सत्तू के सेवन के 5 तरीकों के बारे में-
1. सत्तू के लड्डू (Sattu ke Laddu)
सत्तू के लड्डू स्वादिष्ट होने के साथ ही पौष्टिक भी होते हैं। गर्मियों में सत्तू के लड्डू खाना फायदेमंद हो सकता है। इसे आपका आसानी से घर पर भी बना सकते हैं। इसके लिए आप सबसे पहलें सत्तू को घी में भून लें। इसके बाद इसमें गुड़ और इलायची पाउडर मिला लें। इन दोनों को सत्तू के साथ अच्छे से मिलाएं, फिर इनके लड्डू बना लें। सत्तू के लड्डू खाने से आपको पर्याप्त प्रोटीन मिलेगा। आप एक दिन में एक सत्तू का लड्डू खा सकते हैं।
इसे भी पढ़ें - चने के सत्तू और बेसन में क्या अंतर होता है? जानें दोनों को बनाने का तरीका और इनमें मौजूद खास गुण
2. सत्तू का चीला (Sattu ka Chilla)
आपने अकसर बेसन के चीले के बारे में सुना होगा। चीला सेहत के लिए काफी फायदेमंद होता है। आप चाहें तो सत्तू का भी चीला बनाकर खा सकते हैं। जी हां, सत्तू का चीला काफी पौष्टिक नाश्ता होता है। इसके लिए आप सत्तू, बेसन के घोल में प्याज, टमाटर, काली मिर्च और नमक मिला लें। इसके बाद इस घोल से चीले बनाए जा सकते हैं। सत्तू और बेसन चीला खाकर आपका पर्याप्त एनर्जी मिलेगी। आप पूरे दिन तंदुस्त बने रहेंगे।
3. सत्तू और मैंगो ड्रिंक (Sattu and Mango Drink)
सत्तू और मैंगो यानी आम दोनों ही गर्मियों में खाए जाने वाले फूड्स हैं। आप सत्तू और आम को एक साथ मिलाकर भी ड्रिंक तैयार कर सकते हैं। इसके लिए आप पका हुआ आम लें, इसे छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। फिर इसमें चीनी, सत्तू और दूध मिलाएं। सभी को अच्छी तरह से ग्राइंड करें और फिर पी लें। सत्तू और मैंगो ड्रिंक बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी को पसंद आ सकता है। यह न सिर्फ स्वादिष्ट होता है, बल्कि इसमें पोषक तत्व भी भरपूर पाए जाते हैं। दिन में एक बार सत्तू और मैंगो ड्रिंक पीकर आप पूरे दिन ऊर्जावान रह सकते हैं।
4. सत्तू का परांठा (Sattu ka Paratha)
परांठा भारतीयों का पसंदीदा नाश्ता होता है। अगर आप हेल्दी परांठा खाना चाहते हैं, तो सत्तू का परांठा खा सकते हैं। सत्तू का परांठा खाने में स्वादिष्ट होता है, साथ ही इसमें पोषक तत्व भी अधिक मात्रा में होते हैं। सत्तू का परांठा बनाने के लिए आप सबसे पहले गेहूं के आटा गूंथ लें। अब भरावना के लिए सत्तू लें, इसमें धनिया, जीरा, हरी मिर्च, प्याज, नींबू का रस, नमक आदि डालें। इससे परांठे की फिलिंग करें। अब इस परांठे को पकाएं और अचार, सब्जी के साथ सर्व करें।
इसे भी पढ़ें - इन 5 तरह के लोगों को नहीं करना चाहिए सत्तू का सेवन, सेहत को हो सकता है नुकसान
5. सत्तू का घोल (Sattu ka Ghol)
अगर आप सत्तू को सिर्फ पानी के साथ मिलाकर खाना चाहते हैं, तो इसका घोल तैयार किया जा सकता है। सत्तू का घोल बनाने के लिए एक बाउल में 2 बड़े चम्मच सत्तू डालें। इसमें मिश्री और थोड़ा सा पानी मिलाएं। अब इसे अच्छी तरह से मिला लें, ताकि कोई गांठ न रह जाए। इसके बाद आप इसे चम्मच की मदद से खा सकते हैं।
आपको भी अपनी समर डाइट में सत्तू को जरूर शामिल करना चाहिए। आप सत्तू का परांठा, सत्तू का घोल, सत्तू का चीला, सत्तू के लड्डू या फिर सत्तू का ड्रिंक बनाकर पी सकते हैं। सत्तू को मीठा, नमकीन या खट्टा-मीठा तरीके से भी लिया जा सकता है। आपको जो स्वाद पसंद हो, उसे अनुसार सत्तू को अपनी डाइट का हिस्सा बना सकते हैं।