पीरियड्स ऐसी समस्या की तरह हैं, जिनके आने और नहीं आने दोनों पर ही महिलाओं को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। आमतौर पर पीरियड्स 4 से 5 दिन तक चलते हैं। वहीं, कई महिलाओं में यह प्रक्रिया 7 दिन तक भी चल सकती है। बता दें कि पीरियड्स का 7 दिनों तक चलना पूरी तरह से सामान्य बात है, लेकिन अगर आपके पीरियड्स सिर्फ 1 या 2 दिन ही चलते हैं, तो आपको डॉक्टर को दिखाने की जरूरत पड़ सकती है। पीरियड्स के दौरान कम ब्लड फ्लो की समस्या कई कारणों से हो सकती है। जैसे कि हॉर्मोनल बदलाव, तनाव, बर्थ कंट्रोल पिल्स का सेवन, वजन में बदलाव, गर्भावस्था, मेनोपॉज आदि। अगर आप तुरंत डॉक्टर को नहीं दिखाना चाहती है, तो पीरियड्स के दौरान कम ब्लड फ्लो, क्रैंप्स और शरीर के निचले हिस्से में हो रहे दर्द की समस्या से बचने के लिए कुछ आसान आयुर्वेदिक टिप्स को फॉलो कर सकती हैं। ये टिप्स आयुर्वेदिक डॉ. रोबिन शर्मा ने दिए हैं। आइए इस बारे में विस्तार से जानते हैं।
पीरियड्स की समस्याओं के लिए अपनाएं ये 3 आयुर्वेदिक टिप्स
इन सामान्य फूड्स को डाइट से बाहर करें
डॉ. शर्मा के मुताबिक, अगर आप पीरियड्स की समस्याओं से बचना चाहती हैं, तो आपको बाहर का जंक, प्रोसेस्ड और तेल-मसाले वाला खाना बंद कर देना चाहिए। इसके साथ ही, पैकेट बंद फूड्स का सेवन भी शरीर के लिए नुकसानदायक हो सकता है। अब आप सोच रही होंगी कि इसमें आयुर्वेदिक क्या है? दरअसल, आपको इन सभी चीजों के साथ मैदा खाना बंद करना होगा और हो सके तो गेहूं-चावल के सेवन को भी कम या बंद कर दें। हेल्दी पीरियड्स के लिए आपको दिन में सिर्फ एक बार ही अनाज का सेवन करना है। इसके अलावा, आप फ्रूट्स और सब्जियों का सेवन कर सकती हैं।
इसे भी पढ़ें- क्या किशमिश खाने से पीरियड्स के दर्द से राहत मिल सकती है? जानें एक्सपर्ट की राय
मेथी दाने का सेवन करें
पीरियड्स से जुड़ी समस्याओं से बचना है, तो आप डाइट में मेथी दाने को शामिल कर सकती हैं। इसके लिए आपको 1 छोटा चम्मच मेथी दाने को रात भर पानी में भिगोकर रखना है। अब इन भीगे हुए मेथी दानों को सुबह खाली पेट खाएं। मेथी दानों का सेवन करने से पीरियड्स के दौरान होने वाले पेट दर्द, जलन, और ऐंठन की समस्या से राहत मिल सकती है। ये हार्मोनल संतुलन सुधारने और ब्लड फ्लो को तेज करने में मदद करते हैं।
अशोक की छाल का इस्तेमाल करें
डॉ. रोबिन शर्मा के मुताबिक, पीरियड्स की समस्याओं से बचाव के लिए अशोक की छाल का इस्तेमाल बेहतरीन उपाय है। इसके लिए आप छाल के 1/4 टुकड़े को पानी में उबालकर दिन में 1 से 2 बार पी सकती हैं। आपको बहुत जल्दी अच्छे रिजल्ट्स मिलने लगेंगे। अशोक की छाल को महिलाओं के लिए सुपरफूड माना जाता है। आइए इससे होने वाले अन्य फायदों के बारे में जानते हैं।
अशोक की छाल महिलाओं के लिए कितनी फायदेमंद?
अशोक की छाल में कई औषधीय गुण पाए जाते हैं। इससे महिलाओं को पीरियड्स के दौरान होने वाले दर्द और ऐंठन से राहत मिलती है। साथ ही, अशोक की छाल महिलाओं की ल्यूकोरिया यानी वाइट डिस्चार्ज की समस्या से भी बचाव कर सकती है। इससे स्किन को फायदा होता है और डायबिटीज को कंट्रोल किया जा सकता है।
इसे भी पढ़ें- क्या प्रेग्नेंसी में अशोक की छाल का सेवन कर सकते हैं? जानें एक्सपर्ट की राय
अगर महिलाएं पीरियड्स की समस्याओं का सामना कर रही हैं और तुरंत डॉक्टर के पास नहीं जाना चाहती हैं, तो इन आयुर्वेदिक टिप्स की मदद ले सकती हैं। हालांकि, इन टिप्स को फॉलो करने के बाद भी अगर आपको कोई फायदा नहीं होता है, तो तुरंत डॉक्टर की सलाह लेनी चाहिए।