Doctor Verified

क्या थायराइड की वजह से पीरियड्स अनियमित हो सकते हैं? डॉक्टर से जानें मैनेज करने के तरीके

Can Thyroid Affect Periods: वैसे तो पीरियड्स अनियमित होने का कारण कई तरह के हार्मोन्स हो सकते है, लेकिन क्या थायराइड भी पीरियड्स को प्रभावित कर सकता है, इसके बारे में डॉक्टर से जानते हैं।
  • SHARE
  • FOLLOW
क्या थायराइड की वजह से पीरियड्स अनियमित हो सकते हैं? डॉक्टर से जानें मैनेज करने के तरीके

Can Thyroid Affect Periods: आमतौर पर महिलाओं को पीरियड्स 28 दिन के अंतराल पर आते हैं। जब पीरियड्स आते हैं, उस दौरान महिलाओं को चिड़चिड़ापन, मूड स्विंग्स, शरीर में दर्द जैसी समस्याओं से गुजरना पड़ता है। लेकिन अगर पीरियड्स समय पर न आए, तो भी महिलाओं को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसी स्थिति में महिलाओं को ब्लोटिंग, मतली, स्तनों में भारीपन, सिरदर्द से लेकर तनाव (symptoms of delay in periods) जैसी समस्याओं से जूझना पड़ता है। पीरियड्स लेट होने के कई कारण हो सकते हैं, लेकिन इन कारणों में क्या थायराइड भी एक वजह हो सकता है? कई बार महिलाओं को पता ही नहीं होता कि वे थायराइड से पीड़ित हैं, ऐसे में लेट पीरियड्स होने की वजह ढ़ूंढना भी परेशानी का सबब बन जाता है। अगर महिला को थायराइड की समस्या का पता हो, तो भी क्या ये हार्मोन मासिक धर्म लेट करने की वजह बन सकते हैं। इसके अलावा थायराइड की वजह से और कौन सी मेनुस्ट्रल समस्याएं हो सकती हैं और इसे मैनेज कैसे करें, जानने के लिए हमने फरीदाबाद के एशियन अस्पताल के स्त्रीरोग विशेषज्ञ और रोबोटिक सर्जरी विभाग की सीनियर कंसल्टेंट डॉ. उषा प्रियम्बदा (Dr. Usha Priyambada, Sr Consultant - Obstetrics -Gynaecology & Robotic Surgery, Asian Hospital, Faridabad ) से बात की।

क्या थायराइड की वजह से पीरियड्स अनियमित हो सकते है? Can Thyroid Cause Irregular Periods

डॉ. उषा प्रियम्बदा कहती हैं, “जी हां, थायराइड से पीरियड्स लेट या जल्दी हो सकते हैं। थायराइड एक तितली के आकार की बहुत छोटी ग्लैंड होती है, जो शरीर की मास्टर ग्लैंड है। यह शरीर के पूरे हार्मोन को कंट्रोल करती है। इसमें पीरियड्स का समय पर आना भी थायराइड हार्मोन कंट्रोल करता है। अगर किसी महिला का थायराइड ज्यादा या कम है, तो उसके पीरियड्स अनियमित हो सकते हैं। जिन महिलाओं को पीरियड्स की समस्या हो, तो उसे डॉक्टर की सलाह लेकर थायराइड टेस्ट जरूर करवाना चाहिए।”

thyroid can cause irregular period expert advice

इसे भी पढ़ें: पीरियड्स रेगुलर नहीं हैं तो आजमाएं एक्सपर्ट के बताए ये टिप्स, जल्द दिखेगा रिजल्ट

कौन से मेनुस्ट्रल समस्याएं हो सकती है? Thyroid Cause Menstrual Problems

डॉ. उषा मेनुस्ट्रल समस्याओं के बारे में बताते हुए कहती हैं कि मेनुस्ट्रल साइकिल अनियमित होने पर कई तरह की समस्याएं हो सकती हैं, इसलिए थायराइड की जांच बहुत जरूरी है। थायराइड की वजह से महिलाओं को ये समस्याएं हो सकती हैं।

    1. हाइपोथायराइड की समस्या - जिन महिलाओं को हाइपोथायराइड की परेशानी होती है, उनके पीरियड्स लेट होना या फिर लगातार होते रहने जैसी परेशानियां हो सकती हैं। अगर पीरियड्स आ गए, तो ब्लीडिंग बहुत ज्यादा होने का रिस्क रहता है।
    2. हाइपरथायराइड - बहुत कम पीरियड्स होना और ब्लीडिंग बिल्कुल ही कम होने जैसी समस्याएं देखने को मिलती हैं।
    3. पीरियड्स बिल्कुल न होना - थायराइड के कई मामलों में देखा गया है कि महिलाओं को पीरियड्स होना बिल्कुल बंद हो जाते हैं।
    4. प्रेग्नेंसी में समस्या - अगर पीरियड्स अनियमित होते हैं, तो प्रेग्नेंसी में दिक्कत हो सकती है।
    5. मिसकैरिज - कई मामलों में थायराइड की वजह से महिलाओं का गर्भपात भी हो सकता है।

इसे भी पढ़ें: थायराइड रोगी रोज करें ये 5 काम, कई समस्याओं से मिलेगी राहत

पीरियड्स अनियमित होने अलावा इन लक्षणों पर भी दें ध्यान - Symptoms of Thyroid Other Than Irregular Periods

मासिक धर्म समय पर न आने के अलावा, अगर ये लक्षण लगातार दिखाई दे रहे हों, तो जल्द से जल्द डॉक्टर से सलाह लेना बहुत जरूरी हो जाता है। समय पर इलाज कराने से हार्ट, ऑस्टिपोरिसस और फर्टिलिटी की समस्या से बचाव हो सकता है।

  1. वजन - अगर अचानक वजन बढ़ने या घटने लगे।
  2. सोने में परेशानी - अगर नींद सही तरीके से न आ रही हो।
  3. घबराहट - बेचैनी या धड़कनों का बढ़ना या कम होना
  4. पाचन - दस्त लगने जैसी परेशानी
  5. थकान - बहुत ज्यादा थका हुआ महसूस करना
  6. त्वचा व बाल - दोनों का बहुत ज्यादा रुखा होना
  7. जोड़ों में दर्द - जोड़ों या मांसपेशियों में दर्द की शिकायत होना

थायरायड को कैसे करें मैनेज? - How to Regulate Periods with Thyroid?

डॉ. उषा ने कहा कि जिन महिलाओं को थायराइड की वजह से पीरियड्स अनियमित रहते हैं, तो उन्हें डाइट और लाइफस्टाइल में कुछ बदलाव करने चाहिए।

  1. डॉक्टर की सलाह पर थायराइड की दवाई जरूर लें।
  2. घर का बना संतुलित आहार लें।
  3. जंक और प्रोसेस्ड फूड से परहेज करें।
  4. स्ट्रेस कम लें और इसके लिए मेडिटेशन या योग की मदद ले सकती हैं।
  5. नींद पूरी लें।
  6. नियमित रूप से कसरत या वॉक जरूर करें।

डॉ. उषा सभी महिलाओं को सलाह देते हुए कहती हैं कि अक्सर महिलाएं दवाई लेने के कुछ समय बाद इसे छोड़ देती हैं। ऐसे करने से थायराइड की समस्या काफी ज्यादा गंभीर हो सकती है, इसलिए बिना डॉक्टर की जानकारी के दवाई का डोज न तो कम-ज्यादा करें और न ही दवाई लेना बंद करें।

Image Credit: Freepik

Read Next

अचानक चक्कर आने या सिर घूमने के क्या कारण हो सकते हैं? जानें डॉक्टर से

Disclaimer