मानसून के मौसम में हल्की ठंडक के साथ नमी बढ़ जाती है, जिससे कई स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं, विशेषकर पाचन से संबंधित दिक्कतें इस मौसम में ज्यादा होती हैं। ऐसे में, आयुर्वेद के अनुसार, कुछ विशेष मसालों का उपयोग इन समस्याओं को दूर करने और पाचन को सुधारने में मदद कर सकता है। खासकर, अदरक, जीरा, हींग, हल्दी और धनिया जैसे मसाले अपने औषधीय गुणों के कारण पाचन तंत्र को मजबूत रखते हैं और विभिन्न पाचन समस्याओं से राहत दिलाने में भी सहायक हो सकते हैं। इस बारे में ज्यादा जानकारी के लिए हमने रामहंस चेरिटेबल हॉस्पिटल के आयुर्वेदिक डॉक्टर श्रेय शर्मा (Ayurvedic doctor Shrey Sharma from Ramhans Charitable Hospital) से बात की है।
मानसून के मौसम में कौन से मसाले पाचन के लिए अच्छे होते हैं?
डॉक्टर श्रेय ने बताया कि मानसून के दौरान लोगों को गरम मसालों के प्रयोग से परहेज करना चाहिए। गरम मसाले इस मौसम में पेट की समस्याओं को बढ़ा सकते हैं। इस मौसम में दाल और सब्जी बनाने के लिए अगर आपको गरम मसालों का प्रयोग करना है तो बहुत कम मात्रा में काली मिर्च और लौंग इस्तेमाल कर सकते हैं।
1. हल्दी - Turmeric
डॉक्टर ने बताया कि मानसून के दौरान हल्दी का सेवन मसालों के रूप में जरूर करना चाहिए। ऐसा इसलिए, क्योंकि हल्दी में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स और अन्य तत्व शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने में सहायक होते हैं। हल्दी पेट में मौजूद पाचन एंजाइमों को उत्तेजित करती है और पाचन तंत्र को हेल्दी रखती है। इसके साथ ही हल्दी में कर्क्यूमिन नामक तत्व होता है जो सूजन को कम करने में सहायक होता है। आप हल्दी का उपयोग सब्जियों, दालों और अन्य फूड आइटम्स को बनाने में कर सकते हैं।
इसे भी पढ़ें: क्या मानसून में जौ की रोटी का सेवन करना चाहिए? आयुर्वेदाचार्य से जानें फायदे और नुकसान
2. हींग - Asafoetida
मानसून के दौरान दाल और सब्जी बनाने में हींग का प्रयोग भी पाचन के लिए लाभदायक होता है। हींग हमारे गट में मौजूद पाचन एंजाइमों को बढ़ावा देती है और पेट की समस्याओं को दूर करने में सहायक होती है। इसके साथ ही हींग गैस और पेट दर्द को कम करने में मदद करती है। आप घी के साथ हींग को तड़के के रूप में भोजन में इस्तेमाल कर सकते हैं या इसे पानी में मिलाकर पी सकते हैं।
इसे भी पढ़ें: पिप्पली का पानी पीने से सेहत को मिलते हैं कई फायदे, आयुर्वेद एक्सपर्ट से जानें इनके बारे में
3. जीरा - Cumin
मानसून में कम मात्रा में दाल और सब्जी में जीरे का प्रयोग भी किया जा सकता है। जीरा गैस और ब्लोटिंग को कम करता है और पाचन को सुधारता है, इसमें एंटीऑक्सीडेंट होते हैं जो शरीर को फ्री रेडिकल्स से बचाते हैं। आप जीरा को भोजन में मसाले के रूप में उपयोग कर सकते हैं। इसके साथ ही दाल में घी के साथ जीरे का तड़का भी लगा सकते हैं।
4. अदरक - Ginger
मानसून के दौरान अदरक के ज्यादा सेवन से परहेज करना चाहिए लेकिन कम मात्रा में इसका सेवन दाल और सब्जी में किया जा सकता है। अदरक पाचन एंजाइमों को उत्तेजित करता है और गैस, अपच और पेट दर्द को कम करने में सहायक होता है। अदरक में एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं जो सूजन को कम करते हैं।
5. धनिया - Coriander
दाल और सब्जी का स्वाद बढ़ाने और पाचन को दुरुस्त रखने के लिए कम मात्रा में धनिया का प्रयोग भी किया जा सकता है। धनिया के बीज पाचन को सुधारते हैं और अपच को दूर करते हैं, इसमें एंटीऑक्सीडेंट होते हैं जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बेहतर करने में भी सहायक होते हैं। आप धनिया के बीजों का उपयोग मसाले के रूप में कर सकते हैं।
मानसून के मौसम में पाचन तंत्र को हेल्दी रखने में ये सभी आयुर्वेदिक मसाले सहायक हो सकते हैं। अदरक, जीरा, हींग, हल्दी और धनिया जैसे मसाले न केवल पाचन को सुधारते हैं बल्कि अन्य स्वास्थ्य लाभ भी प्रदान करते हैं।
All Images Credit- Freepik
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
Current Version