Doctor Verified

लिवर के लिए बेहद फायदेमंद होती है शरपुंखा जड़ी-बूटी, आयुर्वेदाचार्य से जानें सेवन का तरीका

बिगड़ी लाइफस्टाइल के कारण आजकल लोगों को लिवर से जुड़ी समस्याएं हो रह हैं। यहां जानिए, लिवर के लिए शरपुंखा के फायदे और इस्तेमाल का तरीका।
  • SHARE
  • FOLLOW
लिवर के लिए बेहद फायदेमंद होती है शरपुंखा जड़ी-बूटी, आयुर्वेदाचार्य से जानें सेवन का तरीका


मॉडर्न लाइफस्टाइल के साथ जंक फूड, तली-भुनी चीजें, शराब का ज्यादा सेवन और फिजिकल एक्टिविटी की कमी के कारण लिवर की समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। यही वजह है कि बीते कुछ सालों में फैटी लिवर, लिवर सिरोसिस और हेपेटाइटिस जैसी बीमारियां आम हो गई हैं, अगर सही समय पर इन बीमारियों का इलाज न हो तो समस्या और गंभीर हो सकती है। दरअसल, लिवर शरीर के सबसे जरूरी अंगों में से एक है, जो विषाक्त पदार्थों यानी टॉक्सिंस को बाहर निकालने, पाचन में मदद करने और एनर्जी को बनाए रखने में मदद करता है। लेकिन जब लिवर से जुड़ी समस्याएं शुरू होती हैं तो व्यक्ति को पाचन की दिक्कतें, थकान और पेट में सूजन जैसी दिक्कतें होने लगती हैं। आयुर्वेद में लिवर की समस्याओं के लिए शरपुंखा का उपयोग लाभकारी बताया गया है। शरपुंखा के आयुर्वेदिक गुण लिवर की कार्यक्षमता को बढ़ाने और लिवर को डिटॉक्स करने में मददगार होते हैं। इस लेख में रामहंस चेरिटेबल हॉस्पिटल के आयुर्वेदिक डॉक्टर श्रेय शर्मा लिवर के लिए शरपुंखा के फायदे और इस्तेमाल के तरीके बता रहे हैं।

शरपुंखा क्या है?

शरपुंखा एक जड़ी-बूटी है, जिसका वैज्ञानिक नाम Tephrosia purpurea है। शरपुंखा को आयुर्वेद में विशेष रूप से लिवर संबंधी समस्याओं के इलाज में उपयोग किया जाता है। इसके अलावा, शरपुंखा का उपयोग अन्य बीमारियों में भी किया जाता है। डॉक्टर श्रेय ने बताया कि शरपुंखा का सबसे ज्यादा इस्तेमाल लिवर की डिजीज में होता है और इसकी तासीर ठंडी होती है। लिवर कमजोर होने के कारण जिन लोगों को भूख कम लगती है, कमजोरी रहती है, शरीर में गर्मी रहती है, फैटी लिवर की समस्या, लिवर सिरोसिस की समस्या आदि में शरपुंखा का उपयोग कारगर हो सकता है। 

इसे भी पढ़ें: घी और आयुर्वेद: सेहत के लिए क्यों जरूरी होता है घी? आयुर्वेदाचार्य से जानें इसके फायदे और सेवन का सही तरीका

sharpunkha

लिवर के लिए शरपुंखा के फायदे

1. लिवर डिटॉक्सिफिकेशन

शरपुंखा का सबसे बड़ा फायदा लिवर की सफाई में है। यह लिवर को डिटॉक्स करके विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालता है, जिससे लिवर की कार्यक्षमता बेहतर होती है। आयुर्वेद के अनुसार, शरपुंखा लिवर की कोशिकाओं को पुनर्जीवित करने में मदद करता है और इसे फैटी लिवर जैसी समस्याओं से बचाता है।

2. लिवर सिरोसिस में राहत

शरपुंखा में ऐसे गुण पाए जाते हैं जो लिवर की कमजोर हुई कोशिकाओं की मरम्मत में मदद करते हैं और लिवर सिरोसिस के लक्षणों को कम करते हैं। नियमित सेवन से यह लिवर को मजबूत बनाता है और लिवर सिरोसिस की समस्या को कम करता है।

इसे भी पढ़ें: सेहत के लिए फायदेमंद होता है करेला, आयुर्वेदिक डॉक्टर से जानें कब और कैसे करें इसका सेवन?

3. पित्त समस्याओं में लाभकारी 

शरपुंखा पित्त के बढ़ने को कंट्रोल करता है, जिससे पाचन प्रक्रिया में सुधार होता है। जब लिवर बेहतर तरीके से काम करता है और पाचन तंत्र सुचारू रूप से चलता है।

4. फैटी लिवर की समस्या में कारगर

अनहेल्दी लाइफस्टाइल और खराब खानपान के कारण फैटी लिवर की समस्या आजकल काफी सामान्य हो गई है। शरपुंखा के एंटीऑक्सीडेंट गुण लिवर में जमे फैट को घटाने में मदद करते हैं। यह लिवर की सूजन को कम करके इसे हेल्दी रखता है।

5. लिवर की सूजन को कम करे

शरपुंखा में एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं, जो लिवर की सूजन को कम कर सकते हैं। इससे लिवर की कोशिकाओं को ठीक होने में मदद मिलती है और लिवर के काम करने की क्षमता में सुधार होता है।

आयुर्वेद के अनुसार शरपुंखा का उपयोग कैसे करें

शरपुंखा का काढ़ा

शरपुंखा का काढ़ा लिवर की समस्याओं में फायदेमंद है। इसे बनाने के लिए 3 ग्राम शरपुंखा के पाउडर को रात में पानी में भिगो दें और अगली सुबह इसे हल्का गुनगुना कर के पिएं। इस काढ़े को सुबह और शाम में लिया जा सकता है। यह काढ़ा लिवर की सूजन को कम करता है और पाचन तंत्र को सुधारने में भी मदद करता है। शरपुंखा पाउडर का नियमित सेवन लिवर को डिटॉक्स करता है और उसकी कार्यक्षमता को बढ़ाता है।

सावधानियां और साइड इफेक्ट्स

  • हालांकि शरपुंखा प्राकृतिक और आयुर्वेदिक जड़ी-बूटी है, लेकिन इसका उपयोग करते समय कुछ सावधानियां बरतनी चाहिए।
  • गर्भवती महिलाएं और स्तनपान कराने वाली महिलाएं इसका सेवन डॉक्टर की सलाह से करें।
  • यदि आप किसी भी प्रकार की लिवर संबंधी गंभीर समस्या, कैंसर या अन्य गंभीर बीमारियों से जूझ रहे हैं, तो इसका सेवन करने से पहले डॉक्टर से परामर्श लें।

निष्कर्ष

शरपुंखा लिवर के लिए एक उपयोगी औषधि है, जो लिवर की सफाई, डिटॉक्सिफिकेशन और लिवर की कोशिकाओं की मरम्मत में सहायक है। इसके गुण लिवर को हेल्दी रखते हैं और लिवर की बीमारियों जैसे फैटी लिवर, लिवर सिरोसिस से बचाने में मदद करते हैं। हालांकि इसका सेवन आयुर्वेदिक डॉक्टर की सलाह से ही किया जाना चाहिए, ताकि इसके फायदे बिना किसी साइड इफेक्ट्स के मिल सकें। 

All Images Credit- Freepik

Read Next

क्या सर्दियों में सत्तू का सेवन करना सही है? जानें इसके फायदे और नुकसान

Disclaimer