आयुर्वेद में त्रिफला एक बहुत ही प्रभावशाली और बेहतरीन औषधि है। यह आमतौर पर तीन फलों हरड़, बहेड़ा और आंवला को मिलाकर तैयार किया जाता है। आयुर्वेद के अनुसार त्रिफला एक ऐसी औषधि है, जो शरीर के तीनों दोषों को संतुलित करने में मदद करती है। इसके नियमित सेवन से पाचन में सुधार, शरीर को डिटॉक्स करना, इम्यूनिटी बढ़ाने और स्किन या बालों को स्वस्थ रखने में मदद मिलती है। आमतौर पर लोग त्रिफला चूर्ण का सेवन सिर्फ गुनगुने पानी के साथ करते हैं। लेकिन, हर बदलते मौसम में हमारे शरीर के त्रिदोषों में उतार-चढ़ाव आता है, जिसे संतुलित रखना बहुत जरूरी है। ऐसे में आइए रामहंस चेरिटेबल हॉस्पिटल के आयुर्वेदिक डॉ. श्रेय शर्मा से जानते हैं कि मौसम के अनुसार त्रिफला किसके साथ खाना चाहिए?
मौसम के अनुसार त्रिफला कैसे लेनी चाहिए?
आयुर्वेदिक डॉ. श्रेय शर्मा के अनुसार, त्रिफला का असर मौसम के अनुसार बदल सकता है, इसलिए हर मौसम में इसे अलग तरीके से खाना चाहिए, ताकि यह ज्यादा बेहतर तरीके से असर दिखा सके।
गर्मी में त्रिफला का सेवन कैसे करें?
गर्मी के मौसम में शरीर में पित्त दोष ज्यादा बढ़ जाता है। यह मौसम शरीर को ड्राई और अंदर से गर्म बना सकता है, जिससे पाचन से जुड़ी समस्या, मुंह में छाले, चिड़चिड़ापन और कब्जा जैसी समस्याएं बढ़ जाती हैं। ऐसे में अपने शरीर को बैलेंस रखने और स्वस्थ रहने के लिए आप अपनी डाइट में त्रिफला को गुड़ के साथ खा सकते हैं। रात को सोने से पहले आप आधा चम्मच त्रिफला चूर्ण लें और इसे एक चम्मच गुड़ के साथ गुनगुने पानी में मिलाकर खा लें। यह आपके शरीर को ठंडक देने और आंतों को साफ रखने में मदद करता है। गर्मियों में गुड़ के साथ त्रिफला खाने से पाचन में सुधार होता है, शरीर की गर्मी कम होती है, और कब्ज या एसिडिटी की समस्या से राहत मिलती है।
इसे भी पढ़ें: डायबिटीज पेशेंट रात को सोने से पहले पिएं त्रिफला का पानी, कंट्रोल होगा ब्लड शुगर
बरसात के मौसम में त्रिफला कैसे खाएं?
बरसात के मौसम में शरीर में वात दोष एक्टिव हो जाता है। इस मौसम में पाचन अग्नि कमजोर हो जाती है और शरीर में गैस, ब्लोटिंग, अपच और जुकाम की समस्याएं बढ़ जाती हैं। ऐसे में बरसात में होने वाली इन समस्याओं से राहत पाने के लिए आप त्रिफला और सेंधा नमक का एक साथ सेवन कर सकते हैं। इसे खाने के लिए आप त्रिफला चूर्ण में एक चुटकी सेंधा नमक मिलाएं। इसे गुनगुने पानी के साथ रात को सोने से खा लें। सेंधा नमक के साथ त्रिफला खाने से गैस, ब्लोटिंग, अपच की समस्या में सुधार होता है, मेटाबॉलिज्म बूस्ट होता है और शरीर की नमी को संतुलित करने में मदद मिलती है।
सर्दियों में त्रिफला किसके साथ खाएं?
सर्दियों के मौसम में शरीर में कफ और वात दोनों दोष एक्टिव हो जाते हैं। इस मौसम में आपके इम्यून सिस्टम को मजबूत होने और शरीर के अंदर की गर्मी का बढ़ना जरूरी है। इसलिए ठंड से जुड़ी समस्याओं से राहत पाने के लिए आप त्रिफला चूर्ण को एक चम्मच मिश्री के साथ मिलाकर रात को सोने से पहले गर्म या गुनगुने पानी के साथ खा सकते हैं। मिश्री आपके शरीर को जरूरी एनर्जी और गर्माहट देने में मदद करता है। मिश्री और त्रिफला का सेवन इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाता है, स्किन और बालों की समस्या को दूर करता है, कब्ज और शरीर की अकड़न से भी राहत दिलाता है।
इसे भी पढ़ें: क्या त्रिफला और इसबगोल को एक साथ लिया जा सकता है? एक्सपर्ट से जानें
बसंत के मौसम में त्रिफला कैसे खाएं?
बसंत ऋतु में हमारे शरीर में कफ दोष बढ़ जाता है, जिसके कारण जुकाम, एलर्जी, खांसी और थकान की समस्या आम हो जाती है। इसलिए, यह समय शरीर की सफाई और ताजगी को बढ़ाने में अहम भूमिका निभाता है। इस मौसम में होने वाली समस्या से राहत और शरीर में कफ दोष को संतुलित रखने के लिए आप त्रिफला का सेवन सुबह खाली पेट या रात को सोने से पहले इस चूर्ण में एक चम्मच शुद्ध शहद मिलाकर खाएं। इसे खाने से शरीर में जमा कफ निकालने में मदद मिलती है। त्रिफला के साथ शहद का सेवन कफ को कम करने से एलर्जी और खांसी से राहत मिलती है और वजन संतुलित रहता है।
निष्कर्ष
त्रिफला का सेवन आयुर्वेद में सेहत के लिए बेहद फायदेमंद है। लेकिन, मौसम के अनुसार सही चीजों के साथ इसका सेवन आपके सेहत के लिए ज्यादा फायदेमंद हो सकता है। इसलिए, स्वस्थ रहने और सही तरीके से त्रिफला का सेवन करने के लिए आप इन चीजों के साथ इसे खा सकते हैं।
Image Credit: Freepik
FAQ
रात को त्रिफला कैसे खाएं?
रात के समय त्रिफला खाने के लिए सोने से पहले आधा चम्मच त्रिफला चूर्ण खाएं, लेकिन इस गर्म पानी के साथ ही लें। खाना खाने के 30-40 मिनट बाद आप इसे खा सकते हैं।पेट साफ करने के लिए त्रिफला कैसे लेना चाहिए?
रात को सोने से 30 मिनट पहले आप एक चम्मच त्रिफला पाउडर का सेवन कर सकते हैं। इसे एक कटोरी ताजे दही में मिलाकर धीरे-धीरे खाएं और इस दौरान पानी पीने से बचें। फिर सुबह उठने के बाद आपका पेट अच्छी तरह साफ हो जाएगा।त्रिफला खाने से क्या फायदा होता है?
त्रिफला के नियमित सेवन से पाचन बेहतर होता है, कब्ज की समस्या से राहत मिलती है और वजन कम करने में मदद मिलती है। इसके अलावा, यह आपके इम्यून सिस्टम को मजबूत करता है, साथ ही स्किन और बालों के लिए भी फायदेमंद होता है।