बच्चों की जैसे-जैसे उम्र बढ़ती है, वैसे-वैसे ही उनकी हाइट भी बढ़ने लगती है। फिर उम्र के एक पड़ाव पर आकर इंसान की हाइट रुक जाती है। इसके बाद ताउम्र वह उसी लंबाई के साथ जीवन व्यतीत करता है। अगर आपको बताया जाए कि ये बात सच नहीं है। स्टडी के अनुसार, जैसे ही उम्र बढ़ने लगती है, वैसे ही हाइट में भी कमी होने लगती है। आपकी लंबाई कितनी भी हो, लेकिन एक उम्र बाद इसमें कमी आने लगती है। NIH स्टडी के अनुसार, 30 to 70 साल की उम्र के बीच पुरुषों की लंबाई 1.2 इंच कम हो जाती है और महिलाओं में यह आंकड़ा 2 इंच का होता है। 80 साल की उम्र के बाद पुरुषों की लंबाई करीब 2 इंच और महिलाओं की 3 इंच के करीब घट जाती है। इसके पीछे के कारणों पर हमने नई दिल्ली के पीएसआरआई अस्पताल के स्पोर्टस इंजरी और ज्वाइंट प्रिवेंशन व रिप्लेसमेंट विभाग के डॉयरेक्टर डॉ. गौरव प्रकाश भारद्वाज से बातचीत की। उन्होंने न सिर्फ इसके कारण बताए, बल्कि हड्डियों को मजबूत करने के भी टिप्स दिए, ताकि लंबाई में कमी कम से कम हो।
उम्र बढ़ने के साथ लंबाई कम होने की वजह
हड्डियों का घनत्व कम होना
डॉ. गौरव कहते हैं कि हड्डियों का घनत्व तब तक बना रहता है, जब तक मांसपेशियों का द्रव्यमान (muscle mass) सपोर्ट करता है। जैसे-जैसे उम्र बढ़ती है, हड्डियों का घनत्व कम होने लगता है। इस समस्या को ऑस्टियोपोरिसस भी कहते हैं। इसके मुख्य कारण एस्ट्रोजन की कमी, कैल्शियम और विटामिन डी की कमी और उम्र बढ़ना है। जब घनत्व कम होता है, तो हड्डियों के अंदर छेद बड़े और चौड़े होने लगते हैं। इससे हड्डियां कमजोर हो जाती है। इसका अर्थ यह है कि हड्डियों की लंबाई कम हो जाती है। पुरुषों के मुकाबले महिलाओं में ये घनत्व ज्यादा कम होता है, इसलिए उनकी ऊंचाई में ज्यादा कमी आती है।
इसे भी पढ़ें: मेनोपॉज के बाद क्यों बढ़ जाती है ऑस्टियोपोरोसिस की समस्या? डॉक्टर से जानें इसके कारण और समाधान
रीढ़ की हड्डी का सिकुड़ना
इस बारे में बात करते हुए डॉ. गौरव ने बताया उम्र बढ़ने के साथ रीढ़ की हड्डी सिकुड़ने लगती है, जिससे इस पर दबाव पड़ता है और रीढ की हड्डी के डिस्क और जोड़ों में बदलाव होने लगते हैं। ये आमतौर पर ज्यादा उम्र के लोगों में देखने को मिलती हैं। बढ़ती उम्र में डिस्क का सूखना या फटना इसके कारण हो सकते हैं। इस वजह से भी महिलाओं और पुरुषों की लंबाई कम होती जाती है।
मांसपेशियों का कमजोर होना
उम्र बढ़ने के साथ हड्डियों के सिकुड़न होने में हमारे शरीर की मांसपेशियां महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। कई बार किसी बीमारी या संक्रमण की वजह से मांसपेशियां कमजोर हो सकती है। इसलिए बढ़ती उम्र के साथ लंबाई कम होना भी एक कारण हो सकता है।
जोड़ों का संकुचन
डॉ. गौरव कहते हैं कि उम्र बढ़ने के साथ जोड़ों में बदलाव होते हैं। जोड़ बनाने वाली दो हड्डियों के बीच की जगह सिकुड़ जाती है, तब जोड़ों में संकुचन की समस्या आती है। चोट लगने या तंत्रिका संबंधी चोट, बहुत समय तक स्थिर रहने के कारण जोड़ों में सिकुड़न हो जाती है। इससे भी लंबाई कम होती है।
हार्मोनल परिवर्तन
बढ़ती उम्र के साथ हार्मोंनल बदलाव बहुत ज्यादा होते हैं। कई बार लाइफस्टाइल बीमारियों या फिर हड्डियों से जुड़ी बीमारियों के कारण हार्मोंन में असंतुलन हो जाता है। कई बार पोषक तत्वों के अभाव से भी हार्मोंनल बदलाव हो सकते हैं। ये कारण लंबाई कम होने की वजह भी बन सकता है।
इसे भी पढ़ें: बुजुर्गों का इम्यून सिस्टम क्यों होता है कमजोर? एक्सपर्ट से जानें इम्यूनिटी बढ़ाने के खास टिप्स
हड्डियों को फिट रखने के टिप्स
डॉ. गौरव प्रकाश भारद्वाज ने बताया, “बढ़ती उम्र में लंबाई कम होना आम है, लेकिन हड्डियों को फिट रखकर आप इसे कुछ हद तक कम कर सकते हो। इसके अलावा हड्डियों को फिट रखने से आप खुद में स्फूर्ति और सेहतमंद महसूस करते हैं। इसलिए इन टिप्स को रोजाना अपने जीवन में जरूर अपनाएं।”
- नियमित कसरत करें - इससे हड्डियां मजबूत बनती है। खासतौर पर वजन उठाने और ताकत बढ़ाने वाली कसरत अपने रुटीन में शामिल करें।
- कैल्शियम और विटामिन डी का सेवन - हड्डियों की मजबूती के लिए अपनी डाइट में दूध, दही, हरी पत्तेदार सब्जियां, और पोल्ट्री उत्पाद जरूर शामिल करें।
- धूम्रपान न करें - स्मोकिंग से हड्डियों का घनत्व कम हो सकता है, इसलिए इससे परहेज करें।
- शराब का सेवन सीमित करें - वैसे तो शराब का सेवन बिल्कुल नहीं करना चाहिए क्योंकि ये न सिर्फ हड्डियों के लिए बल्कि पूरे शरीर के लिए ही खतरनाक है। शराब का सेवन सीमित करें और नियमित रूप से शराब का सेवन करने से बचें।
- नियमित रूप से डॉक्टर से जांच कराएं - बढ़ती उम्र में समय-समय पर जांच कराते रहना चाहिए, ताकि किसी भी तरह की परेशानी का समय रहते पता चल सके।
हड्डियों की सही तरीके से देखभाल करने पर न सिर्फ हाइट में कमी आएगी, बल्कि ये पूरी सेहत के लिए भी फायदेमंद होगी। इसके साथ यह ध्यान रखना भी महत्वपूर्ण है कि सभी के लिए स्वास्थ्य से जुड़ी सलाह अलग-अलग हो सकती है, इसलिए अपने डॉक्टर से परामर्श लेना बहुत महत्वपूर्ण है।
All Image Credit- Freepik