रात की एक अच्छी नींद के बाद सुबह फ्रेश उठना और एक स्वस्थ दिनचर्या का पालन हर कोई करना चाहता है लेकिन कई लोगों को सुबह उठने के बाद चक्कर आना और सिर घूमने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। वे बाथरूम में भी खुद को बहुत मुश्किल से संभाल पाते हैं और किसी तरह अपने दैनिक कार्य करते है लेकिन अगर आपके साथ एक-दो दिन ऐसा हो, तो इसे आप थकावट कह सकते है लेकिन हर दिन सुबह उठने पर अगर आपको चक्कर आते है और इसीक वजह से आपका पूरा दिन प्रभावित होता है, तो आपको सावधान हो जाना चाहिए क्योंकि ये किसी गंभीर बीमारी के संकेत हो सकते है, जिससे आपका स्वास्थ्य प्रभावित हो सकता है। कई बार हम इन लक्षणों को सामान्य समस्या समझकर नजरअंदाज कर देते है लेकिन ये भविष्य में आपको कई तरह से नुकसान पहुंचा सकती है। इससे आपका मस्तिष्क, हृदय और तंत्रिका तंत्र प्रभावित हो सकता है। आइए इसके बारे में विस्तार से जानते है ताकि इन समस्या को दूर करने के लिए हम सही समाधान निकाल सकें।
क्या होता है चक्कर आना (What is Dizziness)
चक्कर आना वास्तव में सामान्य स्थिति नहीं है बल्कि यह किसी बीमारी के लक्षण हो सकते हैं। कई बार सुबह सोकर उठने पर आपको असंतुलन और कमरा घूमता हुआ अनुभव हो सकता है। आपको बेहोशी और सिरदर्द का अनुभव हो सकता है। अधिक उम्र होने पर ये समस्याएं आपको अधिक परेशान कर सकती है। इसलिए आपको सतर्क रहने की जरूरत है ताकि यह किसी बड़ी बीमारी का कारण न बन जाएं।
सुबह उठने पर चक्कर आने के कारण (Morning Dizziness Causes)
1. स्लीप एप्निया
यदि आपको स्लीप एपनिया है या आपके साथी ने आपको बताया है कि आप सोते समय बहुत खर्राटे लेते हैं, तो सुबह आपको चक्कर आने का कारण आपके सांस लेने के पैटर्न में बदलाव हो सकता है। स्लीप एपनिया वास्तव में आपके सांस की गति में अवरोध पैदा कर सकता है। कई बार व्यक्ति अस्थायी रूप से सांस लेना बंद कर देते हैं। सांस लेने में रुकावट से ऑक्सीजन का स्तर कम हो सकता है, जिससे सुबह उठते ही आपको चक्कर आ सकते हैं।
2. डिहाईड्रेशन
सुबह उठते के साथ चक्कर आने का सबसे सामान्य कारण डिहाईड्रेशन हो सकता है। जैसे अगर आपको सोने से पहले शराब पीते है, तो आपको सुबह उठने पर डिहाईड्रेशन के कारण चक्कर आ सकते हैं। इसके अलावा गर्म वातावरण, कैफीनयुक्त पेय पदार्थ लेने, अधिक पसीना और पर्याप्त मात्रा में पानी न पीने के कारण आपको डिहाईड्रेशन की परेशानी हो सकती है।
Image Credit- Freepik
3. लो ब्लड शुगर
सुबह उठने पर चक्कर आने का कारण लो ब्लड शुगर भी हो सकता है। इसके अलावा अगर आपको खाना खाने से पहले चक्कर आते हैं, तो आपके शरीर में इंसुलिन की अधिकता हो सकती है या आपको सुबह हाइपोग्लाइसेमिक की समस्या हो सकती है। यह रात को पर्याप्त भोजन न करने या अगर आपको डायबिटीज की समस्या नहीं है, तब भी आप हाइपोग्लाइसेमिक के शिकार हो सकते हैं। इसके कारण आपको थकान, ज्यादा पसीना या ध्यान केंद्रित करने में भी परेशानी आ सकती है। इसके लिए आपको अपने डॉक्टर से परामर्श करना चाहिए और उन्हें अपनी स्थिति के बारे में बताना चाहिए।
4. लेबिरिंथाइटिस
यह एक कान के भीतरी हिस्से से जुड़ी एक समस्या है, जिसमें कान के भीतर वायरल या जीवाणु संक्रमण के कारण चक्कर आ सकता है। यह आमतौर पर एक वायरल संक्रमण के कारण होता है। इससे आंतरिक संरचनाओं में सूजन आ सकती है, जिससे चक्कर आ सकते हैं। लेबिरिंथाइटिस कभी-कभी किसी व्यक्ति के लिए खड़ा होना या सीधा रहना मुश्किल बना सकता है। इसके कारण आपको कान का दर्द, सिर दर्द, धुंधला दिखना, उल्टी या मतली की समस्या भी हो सकती है।
इसे भी पढ़ें- क्या आपको भी बार-बार अचानक चक्कर आते हैं? इन आसान घरेलू नुस्खों से करें इलाज
सुबह चक्कर आना पर क्या करें
अगर आपको सुबह उठने पर चक्कर आते है, तो आपको कई सावधानियां बरतनी चाहिए ताकि कोई अनहोनी न हो। इसके लिए आप कभी भी सुबह उठते ही बेड से उठने की कोशिश न करें। इससे गिरने और चोट लगने का खतरा होता है। पहले कुछ देर खुद को शांत करने की कोशिश करें। तभी बाथरूम या ब्रश करने का प्रयास करें। इसके अलावा आप बेड पर ही ध्यान केंद्रित करने का प्रयास करें और कुछ योगासन करें ताकि आप मन शांत हो सके। इसके अलावा आप अधिक चक्कर का अनुभव न करें।
Image Credit- Freepik
जीवनशैली में करें बदलाव
1. चक्कर आने की समस्या से निजात पाने के लिए आपको अपनी जीवनशैली में बदलाव करने की जरूरत होती है। सबसे पहले आपको खुद को हाइड्रेट रखने की कोशिश करनी चाहिए। पूरे दिन में अधिक तरल पदार्थ या पानी पीने की कोशिश करें। अगर आप आहार को भी तरल के रूप में ले सकते है, तो ऐसा जरूर करें।
2. शराब का सेवन या ध्रूमपान बिल्कुल न करें। इससे शरीर में निकोटीन की मात्रा बढ़ती है और कई बीमारियां हो सकती है।
3. स्वस्थ आहार लेने की कोशिश करें ताकि रात को अच्छी नींद आए। हो सके तो रात को जल्दी खाने की कोशिश करें और खाने के तीन घंटे बाद सोने का प्रयास करें।
4. चाय या कॉफी का अधिक सेवन न करें क्योंकि इसमें कैफीन की बहुत अधिक मात्रा पाई जाती है, जो आपकी नींद खराब कर सकती है और इससे सुबह उठने पर आपको चक्कर आने का अनुभव हो सकता है।
5. तनाव को कम करने की कोशिश करें ताकि आप एक बेहतर नींद ले सके और सुबह तरोताजा उठें।
6. नियमित रूप से व्यायाम करने की कोशिश करें ताकि सभी प्रकार की समस्याओं को कम करने में मदद मिले।
डॉक्टर को कब दिखाएं
अगर आपको कभी-कभी चक्कर आते हैं, तो इसके लिए आपको चिकित्सकीय सलाह की जरूरत नहीं होती है लेकिन अगर आपको सुबह उठने पर नियमित रूप से चक्कर आते है, तो आपको डॉक्टर से जरूर संपर्क करना चाहिए ताकि आप किसी प्रकार की बीमारियों के संपर्क में न आएं। यदि आपको सुबह उठने पर चक्कर के साथ सीने में दर्द, तेज हृदय गति, असंतुलन और सिरदर्द होता है, तो बिना देरी के अपने चिकित्सा से परामर्श लें।
Main Image Credit- Freepik