Kya Roj Gond Katira Khana Chahiye: आयुर्वेद के अनुसार गोंद कतीरा हमारी सेहत के लिए बहुत ही फायदेमंद होता है। इसका सेवन करने से पाचन क्षमता बेहतर होती है, हड्डियों को मजबूती मिलती है और इसे त्वचा के लिए भी लाभकारी माना जाता है। कई लोगों के मन में यह सवाल जरूर उठता है कि गोंद कतीरा का सेवन कब किया जाना चाहिए? विशेषज्ञों के अनुसार इसकी तासीर ठंडी होती है। इसलिए, गर्मियों में इसका सेवन अधिक किया जाता है। गोंद कतीरा का सेवन सुबह या दोपहर के समय किया जाना अधिक फायदेमंद माना जाता है। नाश्ते में आप गोंद कतीरा की ड्रिंक बनाकर इसे अपनी डाइट का हिस्सा बना सकते हैं। मगर यहां यह जानने की इच्छा जरूर होती है कि क्या वाकई गोंद कतीरा का सेवन रोजाना किया जाना सही होता है? कहीं सेहत को कोई नुकसान तो नहीं होता? आइए, जानते हैं रामहंस चैरिटेबल अस्पताल में प्रैक्टिस कर रहे आयुर्वेदचार्य डॉ. श्रेय शर्मा (Dr. Shrey Sharma, Ayurvedacharya, Sirsa) इस पर क्या कहते हैं।
क्या रोजाना गोंद कतीरा का सेवन किया जा सकता है?- Is It Safe To Consume Gond Katira Daily In Hindi
गर्मी बढ़ते ही कई लोग गोंद कतीरा को अपनी डाइट का अभिन्न हिस्सा बना लेते हैं। खासकर, नाश्ते में इससे बने ड्रिंक को लोग खूब एंज्वॉय करते हैं। इसकी वजह से झुलसती गर्मी में अपने शरीर के तापमान को सामान्य बनाए रखने में मदद मिलती है। मगर जहां तक सवाल इस बात का है कि क्या रोजाना गोंद कतीरा का सेवन किया जाना सेफ होता है? इस बारे में आयुर्वेदाचार्य का कहना है, "किसी भी चीज को अति में खाया जाना सही नहीं होता है। आयुर्वेद में तो यह सलाह दी जाती है कि हर चीज संतुलित मात्रा में ही खाएं। इसी तरह, गोंद कतीरा के लिए कहा जाता है कि आप रोजाना इसका सेवन कर सकते हैं, लेकिन सीमित मात्रा में।"
विशेषज्ञ आगे बताते हैं, "अगर कोई व्यक्ति रोजाना अधिक मात्रा में गोंद कतीरा का सेवन करता है, तो इसकी वजह से उन्हें कई तरह की शारीरिक समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। जैसे पेट फूलना, गैस और पाचन संबंधी अन्य समस्या होना है।" अधिक मात्रा में गोंद कतीरा का सेवन करने से स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याएं क्यों होने लगती हैं? इस बारे में आयुर्वेदाचार्य आगे बताते हैं, "गोंद कतीरा में फाइबर की मात्रा अधिकता में पाई जाती है। ज्यादा मात्रा में फाइबर का सेवन करने से पेट खराब हो सकता है। वहीं, अगर आप इसका सेवन सही तरह से नहीं करते हैं, तो वह भी आपकी सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है। इसलिए, इस बात को सुनिश्चित करें कि गोंद कतीरा हमेशा अच्छी तरह भीगी हुई हो।"
इसे भी पढ़ें: गोंद कतीरा खाने के क्या फायदे हैं और इसे कैसे खाना चाहिए? एक्सपर्ट से जानें ऐसे 6 सवालों के जवाब
कब न करें गोंद कतीरा का सेवन- Who Should Not Use Gond Katira In Hindi
अगर आपको किसी तरह की एलर्जी या मेडिकल कंडीशन है, तो गोंद कतीरा को अपनी डाइट का हिस्सा न बनाएं। ऐसा किया जाना सही नहीं होगा। इससे आपकी स्वास्थ्य समस्या ट्रिगर हो सकती है और आपकी सेहत पर इसका बुरा असर पड़ सकता है। खासकर, डायबिटीज और पाचन संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों को इसका सेवन नहीं करना चाहिए। अगर किसी को गोंद कतीरा से एलर्जी है, तब भी इसे अपनी रेगुलर डाइट का हिस्सा न बनाएं।
इसे भी पढ़ें: क्या हाई ब्लड प्रेशर के रोगियों के लिए गोंद कतीरा खाना फायदेमंद होता है? जानें क्या हैं इसके फायदे-नुकसान
एक्सपर्ट की सलाह- Expert Suggestions
अगर आप रोजाना गोंद कतीरा का सेवन करना चाहते हैं, तो इसके पोर्शन साइज का ध्यान रखा जाना जरूरी होता है। जैसे रोजाना एक गिलास दूध या पानी के साथ महज 1-2 ग्राम गोंद कतीरा का ही सेवन किया जाना चाहिए। इसके अलावा, जब भी गोंद कतीरा का सेवन करें, तो इससे पहले कुछ घंटों के लिए इसे भिगा लें ताकि इसका सेवन करते हुए यह गले में फंसे नहीं। जो लोग इसका सेवन रोजाना करते हैं, उन्हें खुद को हाइड्रेट भी रखना चाहिए यानी पर्याप्त मात्रा में पानी जरूर पिएं।
All Image Credit: Freepik
FAQ
गोंद कतीरा कितने दिनों तक खाना चाहिए?
गोंद कतीरा का सेवन रोजाना किया जा सकता है। लेकिन, सीमित मात्रा में। एक्सपर्ट की मानें, तो एक गिलास दूध या पानी में सिर्फ 1 से 2 ग्राम गोंद कतीरा काफी होता है। अगर आप इसे रेगुलर ले रहे हैं, तो कुछ-कुछ महीनों के बाद इसका सेवन छोड़ दें। गैप लेने के बाद दोबारा इसे डाइट का हिस्सा बना सकते हैं।गोंद कतीरा से कौन सी बीमारी ठीक होती है?
गोंद कतीरा पेट संबंधी कई समस्याओं में कारगर तरीके से काम करता है, जैसे कब्ज, गैस और एसिडिटी। यह शरीर की अंदरूनी सूजन को भी कम करता है।पुरुषों के लिए गोंद कतीरे के क्या फायदे हैं?
पुरुषों की कई समस्याएं जैसे इरेक्टाइल डिसफंक्शन, नाइट फॉल में सुधार करता है। यह शारीरिक ताकत बढ़ाने का भी काम करता है।