सर्दियों के मौसम में ठंडी हवाएं जहां हमें ताजगी का एहसास कराती हैं, वहीं शरीर को अंदर से गर्म रखने और ऊर्जा बनाए रखने के लिए सही खानपान बेहद जरूरी हो जाता है। इस मौसम में हमारी पाचन क्षमता कमजोर हो सकती है और ऐसे में गलत खानपान शरीर में कफ और वात दोष को बढ़ा सकता है, जिससे सर्दी-खांसी, बदन दर्द और पाचन संबंधी समस्याएं हो सकती हैं। इस मौसम में खानपान का संतुलन बनाए रखना जरूरी है। शरीर को गर्म रखने वाले फूड्स, जैसे गुड़, सूखे मेवे, हर्बल टी और मसालों का उपयोग करना सर्दियों में सेहतमंद रहने का सबसे अच्छा तरीका है। कई लोग रात के समय दूध और केले का सेवन करना पसंद करते हैं। दूध प्रोटीन और कैल्शियम से भरपूर है, जबकि केला ऊर्जा और पोटेशियम का अच्छा सोर्स है। ऐसे में लोगों का सवाल होता है कि क्या रात में दूध और केला खा सकते हैं? इस बारे में ज्यादा जानकारी के लिए हमने आयुर्वेदिक डॉक्टर श्रेय शर्मा से बात की है।
सर्दियों में रात में दूध और केला खा सकते हैं या नहीं?
डॉक्टर श्रेय ने बताया कि सर्दियों के मौसम में हमारे खानपान और आदतों का सीधा असर सेहत पर पड़ता है। आयुर्वेद के अनुसार, रात में दूध और केले का सेवन हर किसी के लिए लाभकारी नहीं होता। यह मुख्य रूप से आपके पाचन तंत्र (अग्नि) की स्थिति पर निर्भर करता है। सर्दियों के मौसम में कफ और वात दोष का प्रभाव अधिक रहता है, जो शरीर में भारीपन और पाचन अग्नि के मंद होने का कारण बन सकता है। ऐसे में यदि गलत खानपान अपनाया जाए, तो यह सर्दी, खांसी और बंद नाक जैसी समस्याएं शुरू हो सकती हैं।
इसे भी पढ़ें: वात प्रकृति है तो माइंड को रिलैक्स रखने के लिए अपनाएं ये 5 आयुर्वेदिक तरीके
कौन खा सकता है रात में दूध और केला?
1. तीक्ष्ण अग्नि वाले लोग
जिन लोगों का पाचन तंत्र मजबूत होता है और शरीर में गर्मी बनी रहती है, वे रात में दूध और केले का सेवन कर सकते हैं। यह उन्हें ऊर्जा प्रदान करता है और शरीर को पोषण देता है।
2. फिजिकल वर्क करने वाले
जो लोग दिनभर शारीरिक मेहनत करते हैं, जैसे कंस्ट्रक्शन वर्कर, एथलीट या हैवी वर्कआउट करने वाले, उनके लिए यह लाभकारी हो सकता है। ऐसा इसलिए, क्योंकि उनकी ऊर्जा की जरूरतें अधिक होती हैं।
इसे भी पढ़ें: शरीर में सभी दोषों को संतुलित रखता है केसर का पानी, सेहत के लिए होता है फायदेमंद
दूध और केला कौन नहीं खा सकता है?
1. मंद अग्नि वाले लोग
जिनका पाचन कमजोर है, उनके लिए रात में दूध और केले का सेवन हानिकारक हो सकता है। यह पेट में भारीपन, अपच और गैस की समस्या बढ़ा सकता है।
2. कफ प्रधान लोग
जिन लोगों का शरीर पहले से कफ प्रधान होता है, उन्हें सर्दियों में यह बिलकुल नहीं खाना चाहिए। ऐसा इसलिए, क्योंकि इससे बंद नाक और खांसी की समस्या हो सकती है।
दूध और केले के फायदे और नुकसान
फायदे
- दूध और केला दोनों ऊर्जा प्रदान करने वाले फूड्स हैं। इनका सही समय पर सेवन मांसपेशियों को मजबूती देता है।
- दूध कैल्शियम और केला पोटेशियम से भरपूर होते हैं। यह हड्डियों और मांसपेशियों के लिए फायदेमंद हैं।
- जो लोग वजन बढ़ाना चाहते हैं, उनके लिए दूध और केले का सेवन उपयोगी हो सकता है।
नुकसान
- कुछ लोगों को दूध और केला खाने से अपच, भारीपन और एसिडिटी की समस्या हो सकती है।
- यह सर्दी-खांसी और एलर्जी की समस्याओं को बढ़ा सकता है।
- कुछ लोगों के लिए यह नींद में बाधा पैदा कर सकता है, खासकर यदि उनका पाचन कमजोर हो।
निष्कर्ष
रात में दूध और केले का सेवन हर किसी के लिए सही नहीं है। इसे अपने शरीर के दोषों और पाचन क्षमता के अनुसार अपनाएं। यदि आपका पाचन मजबूत है और आप नियमित रूप से शारीरिक मेहनत करते हैं, तो यह आपको फायदा पहुंचा सकता है। लेकिन यदि आपका पाचन कमजोर है या सर्दी-खांसी की समस्या होती है, तो इसे खाने से बचें।
All Images Credit- Freepik