केसर की खुशबू जितनी मन को लुभाती है उतना ही इसका सेवन सेहत के लिए लाभकारी साबित होता है। केसर अपनी खुशबू, रंग और औषधीय गुणों के लिए जाना जाता है, यही कारण है कि केसर का उपयोग प्राचीन काल से आयुर्वेद और पारंपरिक चिकित्सा में होता आ रहा है। यह न केवल हमारे भोजन को स्वादिष्ट बनाता है, बल्कि हमारे शरीर और मन के लिए भी बेहद लाभदायक होता है। केसर में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण हमारे शरीर की इम्यूनिटी को बूस्ट करने में मदद करते हैं, जिससे बीमारियों और संक्रमणों से बचाव होता है। आयुर्वेद में केसर का विशेष स्थान है। ऐसा इसलिए, क्योंकि यह तीनों दोषों (वात, पित्त और कफ) को संतुलित करने में मदद करता है। केसर का गुनगुना पानी सेहत के लिए फायदेमंद होता है। इस बारे में ज्यादा जानकारी के लिए हमने रामहंस चेरिटेबल हॉस्पिटल के आयुर्वेदिक डॉक्टर श्रेय शर्मा से बात की है।
केसर का पानी पीने के फायदे
डॉक्टर ने बताया कि केसर का गुनगुना पानी पीने से शरीर में तीनों दोषों का संतुलन हो सकता है। वात दोष का असंतुलन आमतौर पर चिंता, अनिद्रा और गैस्ट्रिक समस्याओं का कारण बनता है। ऐसे में केसर का गुनगुना पानी पीने से मन को शांति मिलती है और पाचन तंत्र सुधरता है। वहीं, पित्त दोष के असंतुलन के कारण गर्मी, जलन और चिड़चिड़ेपन का एहसास होता है। ऐसे में केसर में ठंडक प्रदान करने वाले गुण होते हैं जो पित्त दोष को शांत करने में मदद करते हैं। यह शरीर की गर्मी को कम करता है और मन को शांत करता है। इसके अलावा कफ दोष का असंतुलन ठंड और वजन बढ़ने का कारण बनता है, ऐसे में केसर का गुनगुना पानी पीने से कफ दोष को संतुलित करने में मदद मिलती है, यह शरीर से टॉक्सिंस को निकालता है और मेटाबॉलिज्म को बढ़ावा देता है।
इसे भी पढ़ें: डल और बेजान त्वचा से राहत पाने के लिए लगाएं केसर और चंदन का फेस मास्क, जानें बनाने का तरीका
1. केसर में एंटीऑक्सीडेंट और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं जो इम्यूनिटी को मजबूत करते हैं। केसर का गुनगुना पानी पीने से शरीर को बीमारियों से लड़ने की शक्ति मिलती है और संक्रमणों से बचाव होता है।
2. केसर युक्त गर्म पानी पाचन तंत्र को उत्तेजित करता है और अपच जैसी समस्याओं से राहत दिलाता है। यह पाचन एंजाइमों को बढ़ावा देता है, जिससे भोजन का पाचन बेहतर होता है।
3. गुनगुने पानी में केसर का सेवन मानसिक तनाव और चिंता को कम करने में मदद करता है। यह मूड को सुधारता है और नींद की क्वालिटी को बेहतर करता है। केसर में मौजूद गुण मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में सहायक होते हैं।
4. केसर में कई तरह के जरूरी एंटीऑक्सीडेंट गुण होते हैं जो त्वचा को निखारने और उम्र बढ़ने के लक्षणों को कम करने में मदद करते हैं। केसर युक्त गर्म पानी पीने से त्वचा हेल्दी होती है, जिससे नेचुरली निखार आता है।
5. केसर का पानी हार्ट हेल्थ के लिए भी लाभदायक होता है, यह ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने में सहायक होता है और कोलेस्ट्रॉल के लेवल को कम करता है, जिससे हार्ट डिजीज का जोखिम कम होता है।
इसे भी पढ़ें: गर्मियों में केसर लगाने से दूर होंगी स्किन की ये 5 समस्याएं, जानें इस्तेमाल का तरीका
केसर का पानी कैसे बनाएं?
केसर का पानी बनाने के लिए 1 कप गुनगुने पानी में 4-5 केसर के पंखुड़ियां (धागे) डालें और 5-10 मिनट तक इसे भीगने दें। जैसे ही इसका अच्छा रंग और खुशबू पानी में आ जाए, वैसे ही इसका सेवन करें। स्वाद बढ़ाने के लिए आप इसमें शहद भी मिला सकते हैं। इसके अलावा आप केसर के धागों को रातभर के लिए पानी में भिगोकर रखें और अगली सुबह इसे गर्म करके पिएं।
केसर का पानी एक प्राकृतिक उपाय है जो स्वास्थ्य को बेहतर बनाने और तीनों दोषों को बैलेंस करने में सहायक हो सकता है।
All Images Credit- Freepik