अंगूर न केवल खाने में बेहद स्वादिष्ट होते हैं, बल्कि ये हमारे स्वास्थ्य और त्वचा के लिए भी बेहद लाभकारी माने जाते हैं। इस छोटे से दिखने वाले फल में बहुत से पोषक तत्व होते हैं, जो शरीर को भीतर से पोषण देते हैं और त्वचा को प्राकृतिक रूप से ग्लोइंग और जवां बनाए रखने में मदद करते हैं। अंगूर हरे, काले और लाल जैसे कई रंगों में पाए जाते हैं और हर प्रकार में अलग-अलग एंटीऑक्सिडेंट्स और फाइटोन्यूट्रिएंट्स होते हैं जो शरीर के लिए फायदेमंद होते हैं। ये तत्व शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता यानी इम्यूनिटी को बढ़ाते हैं, दिल को हेल्दी रखते हैं और त्वचा को फ्री रेडिकल्स से बचाकर उम्र बढ़ने की प्रक्रिया को धीमा करते हैं। इस लेख में दिल्ली के एसेंट्रिक डाइट्स क्लीनिक की डाइटिशियन शिवाली गुप्ता (Shivali Gupta, Dietitian, Eccentric Diets Clinic) से जानिए, क्या अंगूर खाना स्किन के लिए फायदेमंद है?
क्या अंगूर खाना स्किन के लिए फायदेमंद है? - Is Eating Grapes Good For Skin
डाइटिशियन शिवाली बताती हैं कि अंगूर सेहत और स्किन के लिए लाभकारी होते हैं लेकिन अंगूर का सेवन करने से पहले इन्हें अच्छी तरह धोना चाहिए। बाजार में बिकने वाले अंगूरों पर अक्सर कीटनाशकों और मोम की परत होती है, जो अगर सीधे सेवन कर ली जाए, तो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकती है। साफ पानी से धोकर या हल्के गुनगुने पानी में भिगोकर अंगूर खाना सबसे सुरक्षित तरीका है।
इसे भी पढ़ें: क्या अंगूर खाने से खांसी हो सकती है? जानें एक्सपर्ट से
1. स्किन का ग्लो बढ़ाने में सहायक
अगर आप अपनी स्किन पर नेचुरल ग्लो पाना चाहते हैं तो अंगूर का सेवन एक शानदार विकल्प हो सकता है। विटामिन C त्वचा में कोलेजन के निर्माण को बढ़ावा देता है, जिससे त्वचा की लोच बनी रहती है और वह जवां दिखती है। रोजाना अंगूर का सेवन त्वचा को नेचुरल निखार देने में मदद करता है।
इसे भी पढ़ें: क्या वाकई लाल अंगूर वजन घटाने में फायदेमंद होता है? जानें एक्सपर्ट की राय
2. झुर्रियों और फाइन लाइन्स से बचाव
बढ़ती उम्र के साथ त्वचा पर झुर्रियां और फाइन लाइन्स आना आम बात है। लेकिन अंगूर में मौजूद यौगिक और विटामिन C स्किन एजिंग के प्रभाव को कम करने में मदद करते हैं। ये तत्व कोलेजन को टूटने से बचाते हैं और नई सेल्स के निर्माण में सहायक होते हैं। इससे त्वचा की उम्र धीमी होती है और वह लंबे समय तक जवां बनी रहती है।
3. त्वचा को अंदर से हाइड्रेट करे
स्किन में नमी बनाए रखने के लिए शरीर का हाइड्रेटेड रहना बहुत जरूरी है। अंगूर में पानी की मात्रा ज्यादा होती है, जिससे यह शरीर में पानी की कमी को दूर करता है। नियमित रूप से अंगूर खाने से त्वचा अंदर से मॉइश्चराइज होती है, जिससे वह सॉफ्ट और स्मूद बनी रहती है।
अंगूर का सेवन करने का सही तरीका - What is the best way to eat grapes
रोजाना मुट्ठीभर अंगूर खाएं। यह सबसे आसान और प्रभावी तरीका है। इसके अलावा ताजे अंगूर का रस निकालकर पिएं या इसे स्मूदी में मिलाएं। लेकिन इस बात का ध्यान रखें कि अंगूर का सेवन रोजाना सीमित मात्रा में ही करें। ऐसा इसलिए, क्योंकि किसी भी चीज का ज्यादा सेवन सेहत पर अलग असर डाल सकता है। अंगूर बहुत अधिक मात्रा में खाने से ब्लड शुगर लेवल बढ़ सकता है, खासकर डायबिटिक मरीजों को थोड़ी सावधानी रखनी चाहिए। साथ ही, अगर आपको किसी प्रकार की एलर्जी है, तो अंगूर के सेवन से पहले डॉक्टर से सलाह जरूर लें।
निष्कर्ष
अंगूर न केवल स्वादिष्ट फल है और इसके नियमित सेवन से त्वचा की सुंदरता बढ़ाई जा सकती है। तो अगली बार जब आप फ्रूट मार्केट जाएं, तो अंगूर को अपनी शॉपिंग लिस्ट में जरूर शामिल करें, क्योंकि ये आपकी त्वचा को हेल्दी और नेचुरल ग्लो दे सकते हैं।
All Images Credit- Freepik