Is Alopecia Curable In Hindi: शायद ही कोई ऐसा व्यक्ति हो, जिसके बाल न झड़ते हों। किसी के कम तो किसी के ज्यादा बाल झड़ते हैं। वैसे तो हर कोई बालों के झड़ने की समस्या से परेशान रहता है। वहीं, विशेषज्ञ कहते हैं कि बालों का झड़ना एक सहज प्रक्रिया है। हर व्यक्ति के बाल झड़ते हैं। लेकिन, एलोपेसिया की बात करें, तो यह बाल झड़ने की समस्या सामान्य हेयर फॉल से अलग है। एलोपेसिया के अलग-अलग प्रकार है। कभी एलोपेसिया होने पर गुच्छेदार बाल निकलते हैं, तो कभी बाल बहुत ज्यादा पतले हो जाते हैं। एलोपेसिया एक तरह की ऑटो इम्यून डिसऑर्डर है, जिसमें इम्यून सिस्टम हेयर फॉलिकल को अटैक करता है। नतीजतन, पैचेज में बाल झड़ने लगते हैं। ऐसा होने पर पूरे शरीर के बाल झड़ सकते हैं। हालांकि, मुख्य रूप से ऐसा चेहरे और सिर में ज्यादा दिखाई देता है। बहरहाल, सवाल यह है कि क्या एलोपेसिया पूरी तरह ठीक हो सकता है? आइए, जानते हैं इस बारे में नई दिल्ली के राजौरी गार्डन में स्थित कॉस्मेटिक स्किन क्लिनिक की कॉस्मेटोलॉजिस्ट और त्वचा रोग विशेषज्ञ, डॉ. करुणा मल्होत्रा की क्या सलाह है।
क्या एलोपेसिया पूरी तरह ठीक हो सकता है?- Is Alopecia Curable In Hindi
जैसा कि यह स्पष्ट है कि बालों के झड़ने से जुड़ी समस्या है, एलोपेसिया। जिन लोगों को एलोपेसिया की प्रॉब्लम होती है, उनका आत्मविश्वास कम हो जाता है, वे दूसरों से मिलना बंद कर देते हैं। यहां तक कि बालों को वापिस पाने के लिए वे तरह-तरह के ट्रीटमंट भी करवाते हैं। ऐसे में इस सवाल का जवाब जान लेना बहुत जरूरी हो जाता है कि क्या एलोपेसिया पूरी तरह ठीक हो सकता है? इस संबंध में डॉ. करुणा मल्होत्रा का कहना है, "एलोपेसिया कई प्रकार के होते हैं। कभी यह माइल्ड होता है, तो कभी यह बहुत गंभीर रूप ले लेता है। असल बात य है कि जब एलोपेसिया शुरू होता है, तब यह बहुत हल्का होता है। ऐसी कंडीशन में जो बाल झड़ते हैं, वह अपने आप लौट भी आते हैं।" डॉ. करुणा मल्होत्रा का आगे कहना है, "एलोपेसिया हर व्यक्ति को अलग-अलग तरह से प्रभावित करता है। जैसे एलोपेसिया के किसी मरीज का बाल सिर्फ एक बार झड़ता है, जो कि भविष्य में सामान्य हो जाता है। वहीं, एलोपेसिया के कुछ मरीजों के ताउम्र बाल झड़ते हैं। ऐसे मामलों में अक्सर एलोपेसिया ठीक नहीं होता है। कुल मिलाकर कहने की बात यह है कि एलोपेसिया का जितना गंभीर मामला होता है, उतनी ही उसके पूरी तरह ठीक होने की संभावना कम होती है।"
इसे भी पढ़ें: एलोपेसिया एरीटा से जुड़ी इन 5 भ्रामक बातों पर लोग करते हैं यकीन, एक्सपर्ट से जानें इनकी सच्चाई
एलोपेसिया का कारण- Causes Of Alopecia In Hindi
- जेनेटिक्सः अगर किसी के परिवार में एलोपेसिया की समस्या की हस्ट्री है, तो भावी पीढ़ी को भी यह बीमारी होने की आशंका रहता है।
- ऑटोइम्यून डिजीजः जिन लोगों को ऑटोइम्यून डिजीज जैसे, सोरायसिस, थायराइड डिजीज या विटिलिगो है। इन लोगों को एलोपेसिया को होने का रिस्क रहता है।
- स्ट्रेसः जो लोग बहुत ज्यादा तनाव में रहते हैं, स्ट्रेस को मैनेज नहीं कर पाते हैं। ऐसे लोगां को भी एलोपेसिया होने का जोखिम रहता है। आपको चाहिए कि अपने स्ट्रेस लेवल को मैनेज करें। ध्यान रखें कि स्ट्रेस के कारण कई अन्य बीमारियां भी हो सकती हैं।
- स्मोकिंगः जो लोग 10 साल से अधिक समय तक स्मोकिंग कर रहे हैं या एक दिन में 5 से अधिक सीगरेट का इस्तेमाल करते हैं, उन्हें एलोपेसिया का रिस्क काफी ज्याद होता है।