गर्मियों का मौसम शुरू होते ही मच्छरों का आतंक भी शुरू होने लगता है। विशेषकर शाम के समय में मच्छरों की संख्या अचानक बढ़ जाती है, जो डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी गंभीर बीमारियों को फैलाने का कारण बनते हैं। इससे बचाव के लिए अधिकतर लोग बाजार में उपलब्ध मच्छर भगाने वाले स्प्रे, कॉइल या क्रीम का सहारा लेते हैं, लेकिन इनमें मौजूद हानिकारक केमिकल स्किन और श्वसन तंत्र पर बुरा प्रभाव डाल सकते हैं। खासकर बच्चों, गर्भवती महिलाओं और एलर्जी से पीड़ित लोगों के लिए ये केमिकल युक्त प्रोडक्ट्स खतरनाक साबित हो सकते हैं। इस लेख में नोएडा के सेक्टर-12 में स्थित, अर्चित आयुर्वेदिक क्लिनिक के डॉ. अनंत त्रिपाठी (Dr. Anant Tripathi of Archit Ayurvedic Clinic, Sector 12, Noida) से जानिए, घर पर मच्छर भगाने के लिए स्प्रे कैसे बनाएं?
घर पर मच्छर भगाने के लिए स्प्रे कैसे बनाएं? - How To Make Mosquito Repellent Spray At Home
हर्बल स्प्रे को घर पर कुछ आसान चीजों से ही तैयार किया जा सकता है। तुलसी, नीम, लैवेंडर, यूकेलिप्टस और अन्य प्राकृतिक तत्वों की मदद से आप एक ऐसा प्रभावी स्प्रे बना सकते हैं जो मच्छरों को दूर रखे और आपकी त्वचा के लिए भी नुकसानदायक न हो। आइए जानते हैं ऐसे ही कुछ असरदार और सरल नेचुरल मच्छर भगाने वाले स्प्रे बनाने के तरीके।
इसे भी पढ़ें: क्या आप भी मच्छरों से जुड़े इन मिथकों पर करते हैं भरोसा, जानें डॉक्टर से सच्चाई
1. नीम और लैवेंडर तेल स्प्रे
नीम का तेल वर्षों से एंटीबैक्टीरियल और एंटीसेप्टिक गुणों के लिए जाना जाता है। यह मच्छरों को दूर रखने में बेहद प्रभावशाली होता है। वहीं लैवेंडर का तेल न केवल त्वचा के लिए लाभकारी होता है, बल्कि इसकी सुगंध मच्छरों को दूर भी रखती है। इस स्प्रे को बनाने के लिए नीम का तेल 2 चम्मच, लैवेंडर एसेंशियल ऑयल 5 बूंद, डिस्टिल्ड वॉटर 100 मि.ली. और 1 स्प्रे बोतल चाहिए होगी।
स्प्रे बोतल में नीम का तेल और लैवेंडर ऑयल डालें। फिर इसमें डिस्टिल्ड वॉटर मिलाकर अच्छी तरह से हिलाएं। हर इस्तेमाल से पहले इस स्प्रे को हिलाएं और खुले शरीर के हिस्सों पर छिड़कें। यह स्प्रे मच्छरों को शरीर से दूर रखने में मदद करेगा और त्वचा पर किसी प्रकार की जलन भी नहीं करेगा।
इसे भी पढ़ें: मच्छरों से बचाने वाला कॉइल सेहत के लिए है हानिकारक, डॉक्टर से जानें इसके नुकसान
2. तुलसी और नींबू हर्बल स्प्रे
तुलसी में मौजूद तत्व मच्छरों को भगाने में प्रभावी होता है। वहीं नींबू की खुशबू भी मच्छरों को नापसंद होती है। यह स्प्रे घर के अंदर और बाहर दोनों जगह इस्तेमाल किया जा सकता है। इसे बनाने के लिए तुलसी की पत्तियां 1 कप, नींबू का रस 2 चम्मच, पानी 100 मि.ली. और एक स्प्रे बोतल की जरूरत होगी।
तुलसी की पत्तियों को पानी में उबालें जब तक पानी आधा न रह जाए। फिर उसे छान लें और ठंडा करें। इसमें नींबू का रस मिलाकर स्प्रे बोतल में भर लें। यह हर्बल स्प्रे खिड़कियों, दरवाजों और सोने के कमरे में छिड़का जा सकता है। इसकी खुशबू तरोताजा भी रखती है और मच्छरों को भी दूर भगाती है।
3. एसेंशियल ऑयल से बना स्प्रे
पेपरमिंट, यूकेलिप्टस और टी ट्री ऑयल जैसे एसेंशियल ऑयल्स न केवल मच्छर भगाने में असरदार हैं, बल्कि मानसिक तनाव को भी कम करते हैं। यह स्प्रे अरोमाथेरेपी का भी काम करता है। इसे बनाने के लिए पेपरमिंट ऑयल 5 बूंद, यूकेलिप्टस ऑयल 5 बूंद, टी ट्री ऑयल – 5 बूंद और डिस्टिल्ड वॉटर 100 मि.ली. चाहिए होगा। एक स्प्रे बोतल में सभी ऑयल्स डालें और फिर डिस्टिल्ड वॉटर मिलाएं। अच्छे से मिलाकर शरीर या कपड़ों पर छिड़कें। यह मिश्रण मच्छरों को आपसे दूर रखेगा।
निष्कर्ष
इन घरेलू मच्छर भगाने वाले स्प्रे का सबसे बड़ा फायदा यह है कि ये नेचुरल हैं और इनका कोई साइड इफेक्ट नहीं होता। ये न केवल मच्छरों को दूर रखने में कारगर हैं, बल्कि आपके परिवार की सेहत का भी ख्याल रखते हैं। इसके अलावा, ये पर्यावरण के लिए भी सुरक्षित हैं। जब आप घर पर इन स्प्रे को खुद बनाते हैं, तो आप यह सुनिश्चित कर सकते हैं कि उनमें कोई हानिकारक केमिकल नहीं है।
All Images Credit- Freepik