Guava to Get Relief from Constipation in Hindi: कब्ज आजकल की एक बेहद आम समस्या बन गई है। हर व्यक्ति अपने जीवन में कभी-न-कभी कब्ज का सामना जरूर करता है। कब्ज बनने पर आप पेट में दर्द, ऐंठन और मरोड़ से परेशान हो सकते हैं। इसके अलावा, मल त्याग करने में दिक्कत होना, मल का सख्त होना, मल त्याग के दौरान जोर लगाना आदि कब्ज के लक्षण माने जाते हैं। खराब खान-पान, लाइफस्टाइल और डाइट में फाइबर की कमी, कब्ज के मुख्य कारण होते हैं। जब किसी व्यक्ति को कब्ज बनती है, तो वह सबसे पहले तरह-तरह के चूर्ण का सेवन करने लगता है। लेकिन अगर लंबे समय तक मार्केट में मिलने वाले चूर्ण का सेवन किया जाता है, तो इससे आंतों को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है। ऐसे में आप चाहें तो सिर्फ घरेलू उपायों की मदद से भी कब्ज से छुटकारा पा सकते हैं। कब्ज होने पर अमरूद का सेवन करना बेहद फायदेमंद हो सकता है। आप इन 4 तरीकों से अमरूद का सेवन कर सकते हैं।
कब्ज होने पर अमरूद कैसे फायदेमंद होता है?
अमरूद खाने से कब्ज की समस्या से छुटकारा मिल सकता है। आपको बता दें कि 100 ग्राम अमरूद में लगभग 5 ग्राम फाइबर होता है। फाइबर, पाचन स्वास्थ्य के लिए बहुत फायदेमंद होता है। फाइबर, मल त्याग में मदद करता है। फाइबर लेने से कब्ज और अपच की समस्या से छुटकारा मिलता है। अगर आप कब्ज की समस्या से परेशान हैं, तो अपनी डाइट में अमरूद शामिल कर सकते हैं।
कब्ज से छुटकारा पाने के लिए अमरूद कैसे खाएं?- How to Eat Guava to Get Relief from Constipation in Hindi
1. खाना खाने से पहले खाएं अमरूद
पेट से जुड़ी दिक्कतें होने पर, अमरूद का सेवन खाना खाने से पहले करना फायदेमंद होता है। अगर आप रोजाना खाना खाने से पहले अमरूद खाएंगे, तो इससे पाचन दुरुस्त रहता है। भोजन से पहले अमरूद खाने से कब्ज से भी छुटकारा मिल सकता है। इसलिए अगर आपको कब्ज बनी रहती है, तो खाना खाने से पहले अमरूद का सेवन करना शुरू कर दें। इससे आपको काफी लाभ मिलेगा।
इसे भी पढ़ें- अमरूद खाने से दूर होती हैं पेट से जुड़ी ये 4 समस्याएं, जानें कैसे करें सेवन?
2. अमरूद को भूनकर खाएं
कब्ज से छुटकारा पाने के लिए आप अमरूद को भूनकर भी खा सकते हैं। इसके लिए आप अमरूद को भून लें। फिर टुकड़ों में काट लें और काला नमक लगाकर खाएं। भूना हुआ अमरूद खाने से पाचन से जुड़ी समस्याएं दूर हो जाती हैं। साथ ही, पुरानी खांसी की समस्या में भी आराम मिलता है। रोजाना भूना हुआ अमरूद खाने से कब्ज और अपच से छुटकारा मिलेगा।
3. अमरूद का जूस पिएं
अगर आप अपच, गैस और कब्ज की समस्या से परेशान रहते हैं, तो अमरूद के जूस का सेवन कर सकते हैं। अमरूद का जूस पीने से शरीर हाइड्रेट रहता है। इससे पानी की कमी दूर होती है और पेट में जमा विषाक्त पदार्थ आसानी से निकल जाते हैं। अमरूद का जूस बनाने का तरीका-
- इसके लिए अमरूद को छीलकर छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें।
- अब अमरूद को मिक्सी जार में डालें और पीस लें।
- इसमें चीनी, नमक और नींबू का रस मिलाएं।
- फिर पानी मिलाएं और गिलास में जूस निकाल लें।
- आप रोजाना सुबह अमरूद का जूस पी सकते हैं।
4. खाली पेट खाएं अमरूद
कब्ज से छुटकारा पाने के लिए आप रोज खाली पेट अमरूद का सेवन कर सकते हैं। लेकिन खाली पेट आपको सिर्फ अच्छे से पका हुआ अमरूद ही खाना चाहिए। अगर आप खाली पेट कच्चा अमरूद खाएंगे, तो इससे पेट में दर्द या मरोड़ हो सकती है। अगर आप रोज सुबह पका हुआ अमरूद खाएंगे, तो इससे अपच और कब्ज से छुटकारा मिल सकता है। लेकिन अगर आपको पेट में अक्सर दर्द रहता है, तो खाली पेट अमरूद का सेवन करने से बचें।
अमरूद कब्ज का इलाज नहीं है। इसे खाने से पाचन दुरुस्त होता है। ऐसे में कब्ज की समस्या से छुटकारा मिल जाता है। लेकिन अगर आपको क्रोनिक कब्ज बनी हुई है, तो एक बार डॉक्टर से कंसल्ट जरूर करें।