Low Blood Pressure And Women Sex Life In Hindi: लो ब्लड प्रेशर, जिसे हम हाइपोटेंशन के नाम से भी जानते हैं। धमनियों में खून किस रफ्तार से प्रवाह हो रहा है, उसे ही ब्लड प्रेशर कहा जाता है। अगर धमनियों के इसका माप सामान्य से कम है, तो वह लो ब्लड प्रेशर हो जाता है। लो ब्लड प्रेशर होने के कई कारण हो सकते हैं, जैसे डिहाइड्रेशन, कुछ दवाओं का सेवन या अन्य स्वास्थ्य समस्याएं। ब्लड प्रेशर की समस्या को हम साइलेंट किलर के नाम से भी जानते हैं, क्यांकि यह परेशानी होने पर स्वास्थ्य बुरी तरह प्रभावित होता है। माना जाता है कि लो ब्लड प्रेशर का महिलाओं की सेक्स लाइफ पर भी बुरा असर पड़ता है। सवाल है, क्या ऐसा सच में होता है? आखिर लो ब्लड प्रेशर महिलाओं की सेक्स लाइफ को किस तरह प्रभावित कर सकता है? इस बारे में जानने के लिए हमने मदरहुड अस्पताल की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. मनीषा रंजन से बात की।
क्या लो ब्लड प्रेशर महिलाओं की सेक्स लाइफ को प्रभावित करता है- Does Low Blood Pressure Affect Women Sex Life In Hindi
लो ब्लड प्रेशर कई तरह से स्वास्थ्य पर असर डालता है। जैसे लो ब्लड प्रेशर की वजह से चक्कर आना, आंखों की रोशनी कमजोर होना, धुंधला नजर आना, चक्कर आना, सिर घूमना जैसी कई समस्याएं होती हैं। लेकिन, जहां तक सवाल इस बात का है कि क्या वाकई लो ब्लड प्रेशर का महिलाओं की सेक्स लाइफ पर कोई असर पड़ता है? इस पर डॉक्टर का कहना है, "लो ब्लड प्रेशर का महिलाओं की सेक्स लाइफ पर कोई विशेष फर्क नहीं पड़ता है। क्योंकि यह महिलाओं में सेक्स संबंधी कोई असामान्यता का कारण नहीं बनता है। हां, यह कहा जा सकता है कि ब्लड प्रेशर की वजह से कुछ अन्य कारण महिलाओं की सेक्स लाइफ पर असर डाल सकते हैं।"
इसे भी पढ़ें: लो ब्लड प्रेशर के कारण पुरुषों की सेक्सुअल लाइफ कैसे प्रभावित होती है? समझें डॉक्टर से
महिलाओं की सेक्स लाइफ कैसे प्रभावित होती है?
- दवाओं के कारणः अगर महिला लंबे समय से लो ब्लड की दवा ले रही है, तो इसके कुछ साइड इफेक्ट्स नजर आ सकते हैं। इस स्थिति में महिला की सेक्स लाइफ पर असर पड़ सकता है। ऐसा इसलिए, क्योंकि कई दवाएं ऐसी होती हैं, जो सेक्स लिबिडो को नेगेटिवली प्रभावित करती हैं। वैसे यह जरूरी नहीं है कि सिर्फ लो ब्लड प्रेशर की दवा ही इसके लिए जिम्मेदार है। अगर महिला एंटीडिप्रेसेंट की दवा लेती है, तो भी उनकी सेक्स लाइफ पर असर दिखता है।
- हार्मोनल इंबैलेंसः लो ब्लड की प्रेशर की समस्या हो या न हो, लेकिन अगर महिला के शरीर में हार्मोनल इंबैलेंस है, तो उनकी सेक्स लाइफ पर बुरा असर पड़ सकता है। असल में, महिलाओं के शरीर में कई तरह के बदलाव होते हैं, जिस वजस हार्मोनल अंसतुलन हो जाता है। आपको बता दें कि थायराइड की समस्या भी हार्मोनल अंसतुलन का कारण बनती है। थायराइड ग्लैंड ब्लड प्रेशर को रेगुलेट करने वाले हार्मोंस प्रोड्यूस करती है। अगर किसी महिला को थायराइड से जुड़ी समस्या है, तो उन्हें लो सेक्स लिबिडो की समस्या हो सकती है।
- डिप्रेशन या एंग्जाइटीः कुछ अध्ययनों से यह साबित होता है कि जिन्हें लो ब्लड प्रेशर की समस्या होती है, उन्हें डिप्रेशन या एंग्जाइटी होने का जोखिम भी अधिक होता है। अगर कोई महिला लो ब्लड प्रेशर के कारण डिप्रेशन या एंग्जाइटी जैसी परेशानी से ग्रस्त होती है, तो उनकी सेक्स लाइफ पर इसका असर दिखता है। ऐसी महिलाओं में लो सेक्स ड्राइव की परेशानी हो सकती है।