वर्टिगो को आम भाषा में चक्कर आना कहते हैं। सिर को मूवमेंट करते समय जब चक्कर आते हैं, तो इसे वर्टिगो कहते हैं। इसमें उठने, बैठने, लेटने और काम करते समय चक्कर आते हैं। चक्कर आने के कई कारण होते हैं जैसे ब्लड प्रेशर का कम होना, आंखों के आगे अंधेरा छा जाना। लेकिन वर्टिगो में घर, घर का सामान घूमता हुआ नजर आता है और बैलेंस बिगड़ जाता है। वर्टिगो जानलेवा बीमारी नहीं है, लेकिन इससे पीड़ित लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। यहां तक कि इससे उनके रोजमर्रा के काम भी प्रभावित होते हैं। इसमें मरीज को चक्कर आते समय गिरने और चोट लगने का खतरा भी बना रहता है। वर्टिगो के बारे में फैमिली फिजिशियन ऑफ इंडिया, ग्रेटर नोएडा के अध्यक्ष डॉ. रमन कुमार से जानें चक्कर आने यानी वर्टिगो के कारण और इसे ठीक करने के लिए कुछ घरेलू उपाय।
वर्टिगो के कारण (Causes of vertigo)
वर्टिगो भीतरी कान या मस्तिष्क की समस्याओं (brain problems) के कारण होता है। जब कान के भीतरी हिस्से में चोट लगती है, इंफेक्शन होता है तो वर्टिगो की समस्या होती है। कभी-कभी सर्दी-जुखाम और वायरल की वजह से भी यह समस्या देखने को मिलती है। इसके अलावा वैस्टिब्यूलर माइग्रेन (Vestibular migraine), पैरिलिम्फ फिस्ट्यूली (Perilymph fistula), सुपीरियर सैमीसर्कुलर कैनाल डीहिस्सैन्स (Seperior semicircular canal dehiscence) और मल्टीपल स्क्लैरॉसिस (Multiple sclerosis) भी वर्टिगो के कारण होते हैं।
वर्टिगो के लक्षण (Symptoms of vertigo)
वर्टिगो के लक्षण काफी कॉमन होते हैं। इसमें चक्कर आना, सिर घूमना जैसे लक्षण शामिल हैं। लेकिन इसके अलावा भी इसके कई लक्षण होते हैं।
- मोशन सिकनेस
- उल्टी आना
- आंखों में असामान्य हरकतें
- सिरदर्द
- कानों में झनझनाहट महसूस होना
इसे भी पढ़ें- Neck Pain: 'गर्दन के दर्द' से हैं परेशान? यहां दिए 7 घरेलू उपायों से मिलेगा आराम
वर्टिगो को ठीक करने के घरेलू उपाय (Home remedies for vertigo)
वर्टिगो कोई जानलेवा बीमारी नहीं है, लेकिन वर्टिगो होने पर इसके मरीज को कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में उन्हें डॉक्टर को दिखाना होता है, लेकिन अगर स्थिति सामान्य है, तो आप कुछ घरेलू उपाय को अपनाकर भी वर्टिगो में आराम पा सकते हैं।
1. अदरक है फायदेमंद (Ginger is good for vertigo)
अदरक की चाय पीने से वर्टिगो में आराम मिलता है। इसके सेवन से इंफ्लेमेशन (Inflammation) कम होता है। साथ ही यह ब्लड सर्कुलेशन (Blood circulation) को बढ़ाता है, दिमाग को रिलैक्स करके इसे संतुलित करने में मदद करता है। आप अदरक के रस का सेवन भी कर सकते हैं। आप चाहें तो अदरक का एक छोटा टुकड़ा मुंह में रखकर इसे टॉफी की तरह भी चूस सकते हैं। आप इसे दाल, सब्जी में मिलाकर भी खा सकते हैं। अदरक का नियमित रूप से सेवन करने से आपको वर्टिगो में काफी फायदा मिलेगा। इससे घबराहट की समस्या भी दूर होती है।
2. मसालों का करें सेवन (Eat spices)
वर्टिगो में एंटी इंफ्लेमेटरी (Anti inflammatory) मसालों का सेवन करना फायदेमंद होता है। इसलिए अपने भोजन में हल्दी, काली मिर्च, तुलसी के पत्ते, इलायची, लौंग जैसे एंटी इंफ्लेमेटरी मसाले जरूर शामिल करें। आप इनका इस्तेमाल सब्जी में मिलाकर या इनकी चाय या काढ़ा बनाकर कर सकते हैं।
3. खूब पानी पीएं (Drink water)
सभी को दिनभर में 8-10 गिलास पानी जरूर पीना चाहिए। वर्टिगो होने पर भी आप पानी पर जरूर ध्यान दें। अपने शरीर में पानी की कमी बिल्कुल न होने दें। शरीर में इलेक्ट्रोलाइट (Electrolyte) को बैलेंस रखने के लिए आप नारियल पानी और नींबू पानी का सेवन कर सकते हैं।
4. डीप ब्रीदिंग लें (Take deep breathing)
चक्कर आने पर आप स्ट्रेस बिल्कुल न लें। स्ट्रेस लेने से आपको अनिद्रा की समस्या हो सकती है, जो वर्टिगो में ठीक नहीं है। इसलिए आप रोज सुबह और सोने से पहले डीप ब्रीदिंग लें। इसमें आप प्राणायाम कर सकते हैं।
5. सिर को अचानक न घुमाएं (Don’t turn your head suddenly)
नींद से जागने, खड़े होने पर और बैठते हुए सिर को आराम से घुमाएं। सिर को हड़बड़ी में, झटके से न उठाएं। सिर को नीचे की तरफ भी न झुकाएं।
6. स्क्रीन पर कम समय बिताएं (Spend less time on screen)
अगर आपको चक्कर आना और सिर घूमने जैसी परेशानी हो, तो आपको टीवी, लैपटॉप, मोबाइल फोन, कंप्यूटर और दूसरे गैजेट्स पर कम समय बिताना चाहिए। इनका इस्तेमाल न के बराबर ही करें। अगर करते भी हैं, तो झुककर न बैठें।
इसे भी पढ़ें- बाजार में मिल रहा केमिकल वाला सिंदूर लगाने से झड़ सकते हैं आपके बाल, जानें घर पर हर्बल सिंदूर बनाने का तरीका
वर्टिगो होने पर इन उपायों को भी अपनाएं
- पुदीने और तुलसी की पत्तियों को चबा सकते हैं। इससे भी थोड़ा आराम मिलता है।
- नमक के पानी से गरारा करना भी लाभकारी हो सकता है।
- कैफीन युक्त चीजों के सेवन से बचें।
- विटामिन B12 का सेवन करें।
- आप एक्यूप्रेशर स्पेशलिस्ट ( Acupressure specialist) की मदद भी ले सकते हैं। कान के पीछे और ईयर लोब्स में कुछ प्वाइंट्स होते हैं, अगर इन्हें सही से प्रेस किया जाए तो वर्टिगो में आराम मिल सकता है।
अगर आपको भी चक्कर आने या सिर घूमने की समस्या होती है, तो आप इन घरेलू उपायों की मदद ले सकते हैं। लेकिन कुछ दिनों में फायदा न हो तो डॉक्टर से जरूर मिलें।
Read more on Home remedies in Hindi