हरा और सूखा दोनों ही प्रकार के धनिया हमारे घरों में उपलब्ध होते हैं। यह दोनों ही धनिया जितना आपके खाने का जायका बढ़ाते हैं, उतना ही आपकी सेहत को दुरुस्त भी करते हैं। अक्सर गृहणियों को धनिए के घरेलू नुस्खे मालूम होते हैं, लेकिन अगर आपको नहीं मालूम हैं तो हम यहां आपको बता रहे हैं। हरा और सूखा धनिया नकसीर, बुखार, सूजन आदि को ठीक करने में मददगार है। तो आइए किचन में उपलब्ध इन दोनों ही सामग्रियों के सेवन से आपके स्वास्थ्य से जुड़ी कौन सी परेशानियां दूर होती हैं, यह जानते हैं। साथ ही जानेंगे इसे उपयोग कैसे करना है।
1. जलन व सूजन में मददगार
आपको शरीर में कहीं पर अगर जलन हो रही हो या सूजन हो रही हो तो धनिया आपकी मदद कर सकता है। सूजन या जलन होने पर सुखे धनिया को पीसकर सिरके में मिलाकर प्रभावित जगह पर लगाएं, इससे आपको आराम मिलेगा।
2. कब्ज को करे दूर
कब्ज की समस्या बहुत आम है। आजकल यह परेशानी बढ़ती जा रही है। अगर आपको भी कब्ज की दिक्कत है तो कब्ज से राहत पाने के लिए आप हरा धनिया, काली मिर्च, काला नमक और पिसा हुआ जीरा मिलाकर इसकी चटनी जैसी बना लें। इसका सेवन रोजाना करने से कब्ज रोग में आराम मिलता है। इसकी डोसेज के बारे में अधिक जानकारी के लिए आप अपने नजदीकी आयुर्वेदिक डॉक्टर से सलाह ले सकते हैं।
3. नकसीर
गर्मियों में अक्सर नकसीर की समस्या होती है। नाक से खून बहने की समस्या अक्सर बच्चों में देखी जाती है। अगर आप किसी ऐसे को जानते हैं जिसे नकसीर की परेशानी है तो आप हरे धनिये का यह नुस्खा उसे बता सकते हैं। हरे धनिये का रस सूंघने से नकसीर की समस्या दूर हो जाती है। तो वहीं, हरे धनिये को पीसकर सिर पर लेप लगाने से भी यह परेशानी दूर हो जाती है।
इसे भी पढ़ें : त्वचा और बालों की इन समस्याओं में फायदेमंद हैं धनिया के बीज, जानें प्रयोग का तरीका
4. बुखार
अगर आपको मलेरिया का बुखार है तो सूखा धनिया आपके काम आ सकता है। अगर आपको ठंड देकर बुखार आता है तो आप सूखा धनिया और सोंठ को बराबर मात्रा में मिलाकर गोलियां बना लें या चूर्ण ही रहने दें। इसकी सेवन की विधि आप नजदीकी आयुर्वेदिक चिकित्सक की मदद से ले सकते हैं।
5. मुंह की दुर्गंध
मुंह की दुर्गंध को मिटाने के लिए बाजार में आपको अनेक प्रोडक्ट्स मिल जाएंगे। लेकिन यहां हम आपको घरेलू उपाय बता रहे हैं। जो आपके घर में ही उपलब्ध है। इसके लिए आपको कहीं अधिक दौड़ने की जरूरत नहीं है। अगर आपके मुंह से दुर्गंध आती है तो आपको कुछ नहीं करना है बस सूखा धनिया चबा लें और मुंह की दुर्गंध की परेशानी से आप निजात पा लेंगे। मुंह से दुर्गंध कई बीमारियों की वजह से भी होती है तो वहीं ऊपरी कारणों से प्याज या लहसुन का सेवन भी हो सकता है। तो धनिया प्याज या लहसुन की दुर्गंध भी मिटाता है।
इसे भी पढ़ें : भूख बढ़ाने का काम करती है धनिया, जानें सेवन का तरीका और भूख बढ़ाने के 5 अन्य नैचुरल उपाय
6. मुंह में छाले
मुंह में छाले एक आम समस्या है। यह किसी भी मौसम में और किसी भी उम्र में हो सकती है। इस परेशानी से बचाने में हरा धनिया और सूखा दोनों ही कारगर हैं। हरे धनिये का रस छालों पर लगाने से छाले ठीक होते हैं। तो वहीं, सूखे धनिये को पानी में उबालकर उसके पानी से गरारे करने से छालों में आराम मिलता है।
7. अनिद्रा को करे दूर
अगर आपको नींद नहीं आती है तो हरा धनिया आपके लिए लाभदायक है। हरे धनिये को मिश्री के साथ पीस लें। अब इसमें पानी मिलाकर इसका सेवन करें। इससे अनिद्रा की परेशानी दूर होती है।
हरा धनिया और सूखा धनिया आपकी सेहत के लिए बहुत लाभदायक है। यह खाने में जायका तो बढ़ाता ही है साथ ही आपकी सेहत के लिए बहुत लाभदायक है।
नोट : यहां जो उपाय बताए गए हैं वे घरेलू उपाय हैं किसी बीमारी का इलाज नहीं हैं।