
गर्मियों के मौसम में अक्सर कई लोगों की नाक से खून बहने की समस्या शुरू हो जाती है। इस समस्या को नकसीर के नाम से भी जाना जाता है। वैसे तो यह कई कारणों से हो सकती है, लेकिन आमतौर पर नाक में मौजूद छोटी रक्त वाहिकाओं में असमानता आने या कई बार इन वाहिकाओं के फट जाने के कारण भी ऐसा हो सकता है। हालांकि यह समस्या आम है। लेकिन हर समय इसे नजरअंदाज करना भी किसी बड़ी समस्या का कारण बन सकता है। ऐसे में चिकित्सक की सलाह लेना निश्चित तौर पर एक कारगर विकल्प है, लेकिन इसे आप कुछ घरेलू नुस्खों से भी दूर कर सकते हैं। जैसे बर्फ से नाक की सिकाई करना, प्याज, सेब के सिरके आदि का इस्तेमाल करने से नाक से आने वाले खून को रोका जा सकता है। चलिए जानते हैं नाक से खून बहने पर इसे रोकने के लिए काम आने वाले घरेलू नुस्खों के बारे में।
1. बर्फ से करें सिकाई (Cold Compress)
नाक से खून आने पर बर्फ से सिकाई करना एक कारगर नुस्खा माना जाता है। यह खून को रोकने में मदद करता है। इसके लिए आपको बर्फ के टुकड़ों को किसी कपड़े में लपेटकर उसे अपनी नाक के दोनों ओर सहलाना है। ध्यान रहे ऐसा करते समय आपका सिर थोड़ा पीछे की ओर होना चाहिए। इस प्रकिया को करने के दौरान कुर्सी पर बैठना ज्यादा फायदेमंद होता है। माना जाता है कि तापमान अधिक गर्म होने के कारण भी आपकी नाक से खून आ सकता है। ऐसे में बर्फ या ठंडा पानी आपकी रक्त वाहिकाओं में ठंडक पहुंचाने का काम करता है। अगर आपके पास बर्फ उपलब्ध नहीं है तो आप अपने सिर पर और नाक के आस-पास ठंडा पानी भी डाल सकते हैं। इससे भी आपको लाभ मिलेगा।
इसे भी पढ़ें - अर्थराइटिस रोगियों के लिए फायदेमंद है देवदार, इन 6 तरीकों से करें इस्तेमाल
2. धनिया (Coriander)
सुनने में भले ही थोड़ा अटपटा लगे, लेकिन यह सच है कि धनिया आपकी नाक से आ रहे खून को रोक सकती है। धनिया में एंटी एलर्जिक गुण भी पाए जाते हैं, जो किसी भी प्रकार की एलर्जी दूर करने में सक्षम होती है। इसके लिए आपको ताजी धनिया की पत्तियों को पीसने की जरूरत है। आप चाहें तो इसे पीसकर माथे पर भी लगा सकते हैं। या फिर धनिया के साथ कपूर पीसकर इसकी एक बूंद अपनी नाक के अंदर की परत पर भी लगा सकते हैं। इससे भी नाक को काफी ठंडक मिलती है।
3. सेब का सिरका (Apple Cider Vinager)
सेब का सिरका कई स्वास्थ्य समस्याओं में घरेलू उपचार के तौर पर इस्तेमाल किया जाता है। इसके लिए आप रूई की मदद लें। सबसे पहले सेब के सिरके में रूई डालें। अब लगभग 5 मिनट के लिए इस रूई को अपनी नाक में लगाकर रखें। हालांकि इसे लगाने के बाद आपकी नाक में थोड़ी जलन हो सकती है, लेकिन यह नकसीर फूटने का कारगर नुस्खा माना जाता है। ध्यान रहे ऐसा करने के दौरान आपको अपना सिर पीछे की ओर ही रखना है। सेब का सिरका आपकी रक्त वाहिकाओं को सिकोड़ने में मदद करता है, जिससे नाक में खून आना कम हो जाता है।
4. तुलसी (Basil)
तुलसी को तो आयर्वेद के अनुसार भी कई रोगों का प्राकृतिक इलाज माना जाता है। तुलसी आपकी नाक से आने वाले खून को आसानी से काबू कर सकती है। तुलसी में एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-माइक्रोबियल प्रॉपर्टीज पाई जाती हैं, जो आपके नाक से निकलने वाले खून को काबू करने में मदद करती हैं। इसके लिए आप तुलसी की पत्तियों को चबा सकते हैं। साथ ही तुलसी की कुछ पत्तियों को पीसकर उसके रस को नाक में भी डाल सकते हैं। ऐसा करने से आपकी नाक से खून बहना कुछ ही समय में बंद हो जाएगा।
5. प्याज (Onion)
प्याज को भी नकसीर की समस्या में काफी लाभदायक माना जाता है। प्याज को तो केवल सूंघने भर से आपकी यह समस्या काबू हो सकती है। इसके लिए आपको कटी हुई प्याज सूंघनी है। थोड़ी भारी और मोटी प्याज को काटकर उसे सूंघें। 2 से 3 बार ऐसा करने से आपकी नाक से आने वाला खून बंद हो जाएगा। अगर आप प्याज नहीं सूंघना चाहते या फिर आपको प्याज से एलर्जी हो तो आप इसका रस निचोड़कर भी नाक में डाल सकते हैं। ऐसा करने से भी नाक से आने वाला खून रुकता है।
6. नाक को दबाएं (Press Nose)
नाक से खून निकलते समय नाक को दबाना कोई अटपटा तरीका नहीं बल्कि यह सचमुच एक कारगर तरीका माना जाता है। इसके लिए आप अपनी नाक को हल्के हाथों से दबाएं। ऐसा करने से आपकी नाक के उस हिस्से पर दबाव पड़ता है, जहां से खून आ रहा है। इसके लिए किसी स्थिर जगह पर बैठ जाएं और खून बहने के दौरान ही नाक को दबा लें, जिससे अतिरिक्त खून बाहर नहीं आ पाए। इस स्थिति में अपना सिर आगे की ओर लाने से बचें। कुछ देर तक नाक दबाने से आपका खून खुद ब खुद बंद हो जाएगा।
7. बेल का रस (Bael Juice)
बेल का रस भी नाक से खून आने की समस्या से निजात दिलाने में काफी मददगार होता है। इसके लिए आप बेल की जगह उसके पत्तों को पीसकर उसका रस निकालें। इसे आपको कहीं लगाना नहीं है बल्कि इन पत्तों से निकले रस को पानी में मिलाएं और उसे पी लें। ऐसा करने से थोड़ी ही देर में आपके नाक से खून बहना बंद हो सकता है।
इसे भी पढ़ें - होंठों के दाग-धब्बों से छुटकारा दिलाएंगे ये 7 घरेलू उपाय
8. नमक का पानी (Salt Water)
नमक का पानी कई समस्याओं में काम आता है। यह आपकी नाक से खून बहने की समस्या पर भी अंकुश लगा सकता है। त्वचा में नमी रहने के साथ-साथ नाक में भी नमी बरकरार रहनी जरूरी होती है। नाक में सूखापन भी नाक से खून बहने का कारण बन सकता है। इसे मॉस्चुराइज करने के लिए नमक पानी बेहतर विकल्प साबित होता है। इसके लिए आपको पानी गर्म करने की जरूरत नहीं है। सामान्य पानी में थोड़ा सा (एक चुटकी) नमक डालें और इसकी एक से दो बूंदे अपनी नाक में डाल लें। ऐसा करने से आपकी नाक की झिल्ली को आराम मिलने साथ ही नमी भी मिलती है।
नाक से खून बहने पर आप इस लेख में दिए गए नुस्खों का प्रयोग कर सकते हैं। अगर आपकी नाक से ज्यादा और बार-बार खून आता है तो इन नुस्खों को आजमाने से पहले एक बार चिकित्सक की सलाह जरूर लें।
Read more Articles on Home Remedies in Hindi