खानपान, लाइफस्टाइल, बढ़ता प्रदूषण, लगातार स्क्रीन का इस्तेमाल जैसे कारकों की वजह से आज के समय में आंख की बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। आंख की बीमारियां कई बार गंभीर होने पर पता चलती है जिसके कारण रोशनी की हानि, धुंधला दिखना, आंख में दर्द जैसी गंभीर समस्याएं हो सकती हैं। आंख से जुड़ी एक समस्या है दोहरी दृष्टि या डबल विजन (Double Vision) जिसमें आपको एक ही चीज दो दिखाई देती है। डबल विजन या दोहरी दृष्टि की समस्या को मेडिकल की भाषा में डिप्लोपिया (Diplopia in Hindi) कहते हैं। यह समस्या कई बार लोगों में कमजोरी, चक्कर आना जैसी समस्याओं के कारण होती है लेकिन कई बार शरीर की आंतरिक स्थिति इसके लिए जिम्मेदार मानी जाती है। ज्यादा दिनों तक इस समस्या का उपचार न होने पर आंख से जुड़ी अन्य गंभीर समस्याएं भी हो सकती हैं। आइये विस्तार से जानते हैं दोहरी दृष्टि या डिप्लोपिया की समस्या के कारण, लक्षण और इलाज के बारे में।
क्या है दोहरी दृष्टि या डिप्लोपिया की समस्या? (What is Diplopia in Hindi?)
आंख शरीर का सबसे महत्वपूर्ण अंग है जिसके जरिए हम इस दुनिया को देखते हैं। डिप्लोपिया आंख से जुड़ी एक गंभीर समस्या है जिसमें आपको एक ही चीज दो दिखती है। आंखों के इलाज के लिए मशहूर सीतापुर आंख अस्पताल के डॉक्टर धर्मेंद्र सिंह के मुताबिक आंख के बीच का एलाइनमेंट बिगड़ जाने पर यह समस्या होती है। हालांकि यह एक अस्थाई समस्या है लेकिन अगर आप लंबे समय तक इसका इलाज नहीं करते हैं तो इसकी वजह से कई गंभीर समस्याएं हो सकती हैं। आंख की नसों या मांसपेशियों में किसी भी प्रकार की कमजोरी भी इस समस्या का कारण बनती हैं। डिप्लोपिया के मरीजों को एक ही चीज दो दिखाई देती है और उन्हें एक ही चीज अगल-बगल, ऊपर नीचे या आसपास दो दिखती है।
इसे भी पढ़ें : आंखों की बीमारियों का कारण बनती हैं आपकी ये 5 गलतियां, जानें इनसे बचाव के उपाय
डिप्लोपिया का कारण (Diplopia Causes in Hindi)
डिप्लोपिया या दोहरी दृष्टि की समस्या किसी भी उम्र में हो सकती है और इसके कई कारण होते हैं। कई बार दोहरी दृष्टि या डिप्लोपिया की समस्या शरीर की अंतर्निहित बीमारी के कारण हो जाती है। आंख पर बाहरी दबाव पड़ने, आंखों पर अधिक जोर देने या दबाव देने से भी डबल विजन की समस्या हो सकती है। दोहरी दृष्टि या डिप्लोपिया की समस्या किसी भी कारण से हो इसके लक्षण दिखने पर तुरंत नेत्र विशेषज्ञ डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए। डिप्लोपिया की समस्या के कई प्रमुख कारण इस प्रकार से हैं।
- आंख में किसी भी प्रकार की सूजन।
- आंख में चोट लगने की वजह से डिप्लोपिया की समस्या।
- आंखों का सूखापन।
- मोतियाबिंद की समस्या।
- थायरॉयड की बीमारी के कारण डिप्लोपिया की समस्या।
- स्ट्रोक या गंभीर चोट के कारण।
इसे भी पढ़ें : आंखों के दर्द को दूर करने में बेहद कारगर हैं ये 5 घरेलू नुस्खे
डिप्लोपिया के लक्षण (Diplopia Symptoms in Hindi)
डिप्लोपिया की समस्या किसी भी उम्र में हो सकती है और यह एक या दोनों आंखों को प्रभावित कर सकती है। दोहरी दृष्टि या डिप्लोपिया के मरीजों में एक ही चीज का दो दिखना के अलावा कई अन्य समस्याएं हो सकती हैं। डिप्लोपिया की समस्या में आंख में दर्द, सूजन और चक्कर आने की समस्या हो सकती है। डबल विजन या डिप्लोपिया की समस्या में ये लक्षण दिखाई देते हैं।
- एक ही चीज दो-दो दिखना।
- आंख घुमाने पर दर्द महसूस होना।
- लगातार सिरदर्द बना रहना।
- कभी-कभी चक्कर आना।
- आंख में कमजोरी, नजर धुंधली होना।
- डेप्थ परसेप्शन लगाने में परेशानी।
डिप्लोपिया की समस्या का इलाज (Diplopia Treatment)
डिप्लोपिया की समस्या का इलाज इसके लक्षणों के आधार पर अलग-अलग होता है। मरीज में इसकी गंभीरता के आधार पर डॉक्टर अलग-अलग तरह से इस समस्या का इलाज करते हैं। शुरुआत में मरीज के लक्षणों के आधार पर इसकी जांच की जाती है। जांच के बाद मरीज को शुरुआती इलाज के रूप में कुछ दवाओं का सेवन और ड्रॉप्स के इस्तेमाल की सलाह देते हैं। आंखों की कमजोरी को दूर करने के लिए व्यायाम और खानपान में सुधार की सलाह दी जाती है। मोतियाबिंद के कारण डिप्लोपिया की समस्या होने पर डॉक्टर मरीज को सर्जरी की सलाह देते हैं। चोट, स्ट्रोक आदि के कारण मरीज को डबल विजन की समस्या होने पर सर्जरी का इस्तेमाल किया जाता है।
(All Image Source - Freepik.com)