Does Garlic Increase Sperm Production in Hindi: पुरुषों की प्रजनन क्षमता, शुक्राणुओं की संख्या, गुणवत्ता और गतिशीलता पर निर्भर करती है। जब पुरुषों में शुक्राणु की संख्या या गुणवत्ता कम होती है, तो प्रजनन से जुड़ी दिक्कतों से परेशान होना पड़ता है। शुक्राणु की कम संख्या, बांझपन का एक मुख्य कारण हो सकता है। इसकी वजह से कई कपल संतान सुख प्राप्त नहीं कर पाते हैं। वैसे तो प्रजनन से जुड़ी कोई भी दिक्कत होने पर डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। लेकिन आज भी कई लोग ऐसे हैं, जो अपने गुप्त रोगों के बारे में खुलकर बात नहीं कर पाते हैं। कई लोग सिर्फ ऐसे उपाय ढूंढते हैं, जिनकी मदद से उन्हें घर पर ही इन समस्याओं से छुटकारा मिल जाए। शुक्राणुओं की संख्या बढ़ाने के लिए आयुर्वेद में कई जड़ी-बूटियों का उपयोग किया जाता है। इसके लिए कोई अश्वगंधा, तो कोई सफेद मूसली का सेवन करता है। इसके अलावा, लहसुन को भी शुक्राणुओं की संख्या बढ़ाने का अच्छा उपाय (Garlic to Increase Sperm Count in Hindi) माना जाता है। लेकिन क्या सच में लहसुन खाने से शुक्राणु बढ़ते हैं। आइए, इस बारे में जानते हैं रामहंस चेरिटेबल हॉस्पिटल, सिरसा के आयुर्वेदिक डॉ. श्रेय शर्मा से-
लहसुन में मौजूद पोषक तत्व- Garlic Nutritional Value
लहसुन विटामिन्स और मिनरल्स का बेहद अच्छा सोर्स होता है। कई अध्ययनों में साबित हुआ कि लहसुन, पुरुष प्रजनन क्षमता पर पॉजिटिव प्रभाव डालता है।
- विटामिन सी
- विटामिन बी6
- सेलेनियम
- मैंगनीज
- फाइबर

क्या लहसुन खाने से शुक्राणु बढ़ते हैं?- Is Garlic Increase Sperm Count in Hindi
डॉ. श्रेय शर्मा बताते हैं, "लहसुन में पोषक तत्व अधिक मात्रा में पाए जाते हैं, जो आपको स्वस्थ रखने में मदद करते हैं। लहसुन को पुरुषों के स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद माना जाता है। लहसुन, पुरुषों की प्रजनन क्षमता को बढ़ाने में मदद करता है। इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट गुण, पुरुषों में शुक्राणु की संख्या और गुणवत्ता को बढ़ाते हैं। साथ ही, लहसुन खाने से पुरुष हार्मोन टेस्टोस्टेरोन (Male Hormone Testosterone) के स्तर में भी सुधार होता है।"
- इसके अलावा, कई रिसर्च में भी साबित हुआ कि लहसुन खाने से शुक्राणुओं की संख्या बढ़ती है। एक स्टडी के मुताबिक लहसुन, पुरुषों में टेस्टोस्टेरोन हार्मोन का लेवल बढ़ाता है।
- लहसुन टेस्टोस्टेरोन और स्पर्म काउंट को बढ़ाता है, जो पुरुषों की फर्टिलिटी के लिए बेहद जरूरी होते हैं। इसलिए आयुर्वेद में पुरुषों की प्रजनन क्षमता बढ़ाने के लिए लहसुन को बेहद असरदार माना गया है।
- लहसुन, टेस्टोस्टेरोन के स्तर को होने वाले नुकसान से भी बचाता है। अगर आप नियमित रूप से लहसुन का सेवन करेंगे, तो इससे आपकी प्रजनन क्षमता बेहतर बनी रह सकती है।
- लहसुन में एलिसिन नामक कंपाउड होता है, जो पुरुषों के स्पर्म काउंट और क्वालिटी को बेहतर बनाए रखने में मदद करता है। लहसुन, शुक्राणुओं को स्वस्थ रखता है।
- आपको बता दें कि लहसुन, पुरुषों के यौन कार्य में भी सुधार कर सकता है।

शुक्राणु की संख्या बढ़ाने के लिए लहसुन कैसे खाएं?- How to Eat Garlic to Increase Sperm Count in Hindi
शुक्राणु की संख्या बढ़ाने और टेस्टोस्टेरोन के स्तर में सुधार करने के लिए आप लहसुन को अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं। इसके लिए आप लहसुन की 1-2 कली लें। आप इनका सेवन गुनगुने पानी के साथ रोज सुबह खाली पेट कर सकते हैं। 1-2 महीनों तक रोजाना लहसुन का सेवन करने से आपको काफी लाभ मिलेगा। इसके अलावा आप सब्जी, दाल आदि में भी लहसुन शामिल कर सकते हैं।