Does Food Affect your Emotions : हम सभी जो चीजें खाते हैं, उनका सीधा असर सेहत पर होता है। हेल्दी डाइट का संबंध हेल्दी लाइफ से होता है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि हमारी डाइट का असर फिजिकल ही नहीं, मेंटल हेल्थ पर भी होता है? जी हां, आपने सही सुना है। हम अपनी रोजमर्रा की जिंदगी में जो डाइट लेते हैं, वह शरीर के साथ इमोशंस पर भी असर डालती है। आज के इस आर्टिकल में हम डॉ. केदार तिलवे, सलाहकार मनोचिकित्सक, फोर्टिस अस्पताल मुलुंड और फोर्टिस हीरानंदानी अस्पताल, वाशी (Dr Kedar Tilwe, Consultant Psychiatrist, Fortis Hospital Mulund & Fortis Hiranandani Hospital, Vashi) से जानेंगे कि हमारे डेली के खाने और इमोशंस के बीच कैसा संबंध होता है? आइए इस बारे में विस्तार से जानते हैं।
खाने और इमोशंस के बीच क्या संबंध है?- What is the Relationship Between Food and Emotions
बता दें कि हम जो खाना खाते हैं, उसका हमारे शरीर में न्यूरोट्रांसमीटर के स्राव (Neurotransmitters Secretion) पर असर पड़ता है। ये न्यूरोट्रांसमीटर ही हमारे मूड, व्यवहार और शरीर में विभिन्न प्रकार के कार्यों को कंट्रोल करते हैं। उदाहरण से समझने की कोशिश करें, तो डार्क चॉकलेट खाने से हमारे शरीर में एंडोर्फिन का स्राव बढ़ जाता है। ऐसे में व्यक्ति थोड़े समय के लिए बेहतर महसूस कर सकता है। व्यक्तिगत प्राथमिकताओं के आधार पर उच्च तृप्ति मूल्य (high satiety value) वाली खाने की चीजे तत्काल तनाव या चिंता को कम कर सकती हैं। हालांकि, इनका ज्यादा मात्रा में सेवन करने से व्यक्ति को मेटाबॉलिज्म से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। इसके अलावा, कॉफी जैसी कैफीन युक्त चीजों का सेवन करने से व्यक्ति पैनिक अटैक की समस्या का सामना करना पड़ सकता है। बता दें कि कैफीन एड्रेनालाईन के स्राव को बढ़ाता है, जो हृदय गति को बढ़ा सकता है। इससे व्यक्ति को बेचैनी या चिंता महसूस हो सकती है। आइए जानते हैं कि आपको खुश और स्ट्रेस फ्री रहने के लिए किन चीजों का सेवन करना चाहिए।
इसे भी पढ़ें- सर्दी के मौसम मेटाबॉलिज्म को कैसे प्रभावित करता है? जानें इस मौसम की 5 आम समस्याएं
स्ट्रेस फ्री और खुश रहने के लिए खाएं ये चीजें- Eat These Things to Stay Stress Free and Happy
ड्राई फ्रूट्स का सेवन करें
अगर आप खुश और स्ट्रेस फ्री जिंदगी जीना चाहते हैं, तो अपनी डेली डाइट में ड्राई फ्रूट्स का सेवन कर सकते हैं। रोजाना एक मुट्ठी बादाम या अखरोट खाने से मूड में सुधार होता है और तनाव को कम करने में मदद मिलती है। इनमें मौजूद एंटी-ऑक्सीडेंट स्ट्रेस को कम करते हैं।
पालक का सेवन करें
पालक खाने से भी शरीर में हैप्पी हार्मोन बढ़ सकता है। साथ ही, पालक में फाइबर और विटामिन-ई की भरपूर मात्रा होती है। इससे आपके पाचन और स्किन को फायदा होता है। ऐसे में आप पालक की स्मूदी, सूप या सब्जी बनाकर खा सकते हैं।
केला और शकरकंद का सेवन करें
केला और शकरकंद का सेवन करना फायदेमंद हो सकता है। इनसे तनाव कम करने में मदद मिलती है। शकरकंद में मैग्नीशियम होता है, जो तनाव और चिंता को कम करता है। वहीं, केले में ट्रिप्टोफैन नाम का अमीनो एसिड होता है, जो सेरोटोनिन हार्मोन के प्रोडक्शन को बढ़ाता है। इन दोनों चीजों को खाने से तनाव कम होता है।
एवोकाडो का सेवन करें
एवोकाडो खाने से भी स्ट्रेस कम हो सकता है। इसमें विटामिन-बी 3 और ओमेगा-3 फैटी एसिड होते हैं, जो सेरोटोनिन के प्रोडक्शन को बढ़ाने काम करते हैं। यह एक हैप्पी हार्मोन है। इससे आप स्ट्रेस फ्री रह सकते हैं।
इसे भी पढ़ें- डायबिटीज में एवोकाडो खाने से मिलते हैं कई फायदे, जानें कुछ सावधानियां
अगर आप दिनभर खुश और स्ट्रेस फ्री रहना चाहते हैं, तो ऊपर बताई चीजों को अपनी डेली डाइट में शामिल कर सकते हैं। इससे शरीर को फायदा होता है। साथ ही, व्यक्ति का मूड भी अच्छा हो जाता है। कुल मिलाकर, खाने का व्यक्ति के इमोशंस से संबंध होता है। ऐसे में आपको हेल्दी चीजों का सेवन करना चाहिए।