Doctor Verified

सर्दी के मौसम मेटाबॉलिज्म को कैसे प्रभावित करता है? जानें इस मौसम की 5 आम समस्‍याएं

सर्दियों में मेटाबॉलिज्म धीमा होता है, जिससे वजन बढ़ जाता है, जोड़ों में दर्द होता है और त्वचा की समस्याएं हो सकती हैं।
  • SHARE
  • FOLLOW
सर्दी के मौसम मेटाबॉलिज्म को कैसे प्रभावित करता है? जानें इस मौसम की 5 आम समस्‍याएं

सर्दी का मौसम जहां स्वास्थ्य के लिए कुछ फायदे लेकर आता है, वहीं यह कई तरह की शारीरिक समस्याएं भी पैदा कर सकता है। इस मौसम में मेटाबॉलिज्म पर गहरा असर पड़ता है। मेटाबॉलिज्म शरीर की वह प्रक्रिया है, जो भोजन को एनर्जी में बदलती है। ठंड के दौरान मेटाबॉलिज्म धीमा हो सकता है, जिससे वजन बढ़ने और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है। इसके अलावा, ठंड में कम फ‍िज‍िकल एक्‍ट‍िव‍िटी और भारी भोजन की आदतें भी मेटाबॉलिज्म को प्रभावित करती हैं। आइए सर्दी के मौसम की 5 आम समस्याओं के बारे में विस्तार से जानते हैं। इस व‍िषय पर बेहतर जानकारी के ल‍िए हमने लखनऊ के केयर इंस्‍टिट्यूट ऑफ लाइफ साइंसेज की एमडी फ‍िजिश‍ियन डॉ सीमा यादव से बात की।

1. सर्दी में मेटाबॉलिज्म धीमा हो जाता है- Slow Metabolism in Winter

सर्दियों में ठंड से बचने के लिए शरीर अपनी ऊर्जा को बचाकर रखता है, जिससे मेटाबॉलिज्म धीमा हो सकता है। यह प्रक्रिया वजन बढ़ने का कारण बनती है, क्योंकि शरीर, कैलोरी की खपत पर असर डालता है। इस दौरान गरम और तैलीय भोजन का ज्‍यादा सेवन करने से मेटाबॉलिज्म और धीमा हो सकता है। नियमित एक्‍सरसाइज और हल्के भोजन का सेवन मेटाबॉलिज्म को संतुलित बनाए रखने में मदद करता है।

इसे भी पढ़ें- 30 की उम्र के बाद मेटाबॉलिज्म बढ़ाने के लिए अपनाएं ये 4 टिप्स, वजन भी रहेगा कंट्रोल

2. ठंड के कारण शारीरिक दर्द बढ़ सकता है - Physical Pain May Increase

ठंड के मौसम में ब्‍लड सर्कुलेशन धीमा हो जाता है, जिससे जोड़ों और मांसपेशियों में दर्द हो सकता है। यह खासतौर पर बुजुर्गों और गठिया के मरीजों के लिए समस्या बन जाता है। ठंडा मौसम मेटाबॉलिज्म पर भी असर डालता है, जिससे शरीर की एनर्जी कम हो जाती है और मांसपेशियां में ज्‍यादा जकड़न महसूस होती है। गर्म पेय और हल्‍की एक्‍सरसाइज से इन समस्याओं से राहत मिल सकती है।

3. त्‍वचा संबंधी समस्याएं बढ़ सकती हैं- It Causes Skin Problems

सर्दियों में ठंडी और शुष्क हवा के कारण त्वचा रूखी हो जाती है और फट जाती है। मेटाबॉलिज्म धीमा होने से त्वचा में नमी बनाए रखने की क्षमता कम हो जाती है। यह समस्या ठंड के मौसम में सबसे आम है। इस दौरान पानी पीने की मात्रा कम होने से डिहाइड्रेशन भी त्वचा को नुकसान पहुंचाता है। नियमित मॉइश्चराइजर का इस्‍तेमाल और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने से इस समस्या को कम किया जा सकता है।

4. इम्‍यून‍िटी कमजोर हो सकती है- It Causes Weak Immunity

ठंड के मौसम में मेटाबॉलिज्म धीमा होने से शरीर की इम्‍यून‍िटी पर असर पड़ता है। सर्दी का मौसम, खांसी और जुकाम जैसी बीमारियों के प्रति सेंस‍िट‍िव बनाता है। शरीर को एनर्जी की जरूरत पूरी करने के लिए पोषक तत्वों से भरपूर भोजन का सेवन करना जरूरी है। विटामिन-सी और एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर फलों और सब्जियों का सेवन इम्युनिटी को मजबूत करने में मदद करता है।

5. वजन बढ़ सकता है- Weight Gain Issue

weight-gain

सर्दियों में मेटाबॉलिज्म धीमा होने के कारण शरीर को ज्‍यादा एनर्जी की जरूरत होती है, जिससे भूख बढ़ जाती है। लोग अक्सर गरम और ऑयली चीजों का ज्‍यादा सेवन करना पसंद करते हैं, लेक‍िन ऐसे खाने से वजन बढ़ने का खतरा रहता है। यह समस्या खासकर उन लोगों में ज्यादा देखी जाती है, जो ठंड में फ‍िज‍िकल एक्‍ट‍िव‍िटीज कम कर देते हैं। संतुलित आहार और नियमित वर्कआउट वजन बढ़ने से बचा सकते हैं।

सर्दी में मेटाबॉलिज्म को सुधारने के उपाय- Tips to Improve Metabolism in Winter

  • ज्‍यादा फल, सब्जियां और प्रोटीन युक्त भोजन का सेवन करें।
  • ठंड में नियमित रूप से हल्की एक्‍सरसाइज या योग करें।
  • ठंड में पर्याप्त पानी पिएं, ताकि शरीर डिहाइड्रेट न हो।
  • काढ़ा, सूप और ग्रीन टी जैसे ड्र‍िंक्‍स पिएं, जो मेटाबॉलिज्म को तेज करते हैं।
  • शरीर को गर्म रखने के लिए गरम कपड़े पहनें।

सर्दी का मौसम मेटाबॉलिज्म पर गहरा प्रभाव डालता है, जिससे शरीर में कई बदलाव होते हैं। इस दौरान मेटाबॉलिज्म को संतुलित बनाए रखना जरूरी है, ताकि वजन बढ़ने और बीमारियों से बचा जा सके।

उम्‍मीद करते हैं क‍ि आपको यह जानकारी पसंद आई होगी। इस लेख को शेयर करना न भूलें।

Read Next

गर्दन की मसाज करवाते समय बरतें सावधानी, बन सकता है स्ट्रोक का कारण

Disclaimer