When to Avoid Sex During Pregnancy in Hindi: प्रेग्नेंसी हर महिला के जीवन का सबसे खूबसूरत और बेहद खास समय होता है। लेकिन, यह समय बेहद संवेदनशील भी होता है। इस दौरान महिलाओं को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। प्रेग्नेंसी के दौरान महिलाओं को कई तरह की शारीरिक और मानसिक बदलावों से गुजरना पड़ता है। कई चीजों से परहेज भी करना होता है। इस दौरान खान-पान का भी खास ख्याल रखना होता है। साथ ही, शारीरिक संबंध यानी सेक्स करने के दौरान भी सावधानी बरतनी जरूरी होती है। वैसे तो प्रेग्नेंसी के दौरान शारीरिक संबंध बनाया जा सकता है। लेकिन, कुछ स्थितियों में शारीरिक संबंध बनाने से बचना चाहिए। आइए, मेक्स हेल्थकेयर की ऑब्सटेट्रिक्स एंड गायनोकॉलोजिस्ट डॉ. ऋचा सिंघल से जानते हैं कि प्रेग्नेंसी में सेक्स कब नहीं करना चाहिए-
प्रेग्नेंसी के दौरान इन स्थितियों में नहीं बनाना चाहिए शारीरिक संबंध
1. यौन संचारित संक्रमण
अगर गर्भावस्था के दौरान आपको या आपके पार्टनर को यौन संचारित संक्रमण रहता है, तो इस स्थिति में आपको शारीरिक संबंध बनाने से बचना चाहिए। इस स्थिति में सेक्स करने से बच्चे को गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। अगर महिला किसी भी तरह की संक्रामक बीमारी से ग्रस्त हैं तो भी शारीरिक संबंध नहीं बनाना चाहिए। इस स्थिति में शारीरिक संबंध बनाने से गर्भ में पल रहे बच्चे में स्वास्थ्य समस्याओं का जोखिम बढ़ सकता है।
इसे भी पढ़ें- क्या प्रेग्नेंसी की शुरुआत में सेक्स करना सुरक्षित होता है? जानें डॉक्टर की राय
टॉप स्टोरीज़
2. प्रेग्नेंसी की तीसरी तिमाही
प्रेग्नेंसी की तीसरी तिमाही यानी आखिरी तीन महीनों में शारीरिक संबंध बनाने से बचना (Which trimester is not good for sex) चाहिए। दरअसल, इस दौरान शारीरिक संबंध बनाने से प्राप्त ऑर्गेज्म की वजह से गर्भाशय सिकुड़ सकता है। इसलिए अगर आपके गर्भावस्था के आखिरी तीन महीने चल रहे हैं, तो सेक्स करने से बचें। प्रेग्नेंसी की तीसरी तिमाही में आने के बाद गर्भवती महिला को शारीरिक संबंध बनाना बंद (When must Pregnant Woman Stop Having Sex) कर देना चाहिए।
3. कंसीव करने में दिक्कत
अगर आपको बड़ी मुश्किल के बाद कंसीव हुआ है या आपको पहले कोई दिक्कत रही है, तो इस स्थिति में भी शारीरिक संबंध नहीं बनाना चाहिए। अगर आपको पहले गर्भपात हुआ हो तो भी सेक्स करने से बचें। इस स्थिति में आपको डॉक्टर की सलाह पर ही पूरी सावधानी के साथ शारीरिक संबंध बनाना चाहिए।
4. ब्लीडिंग होना
अगर आपको गर्भावस्था के दौरान ब्लीडिंग हो रही है तो शारीरिक संबंध बनाने से पूरी तरह से बचें। ब्लीडिंग के दौरान सेक्स करने से समस्या बढ़ सकती है। यह स्थिति गंभीर हो सकती है और गर्भ में पल रहने बच्चे के लिए खतरा पैदा हो सकता है।
इसे भी पढ़ें- क्या बच्चेदानी निकलवाने से यौन स्वास्थ्य प्रभावित होता है? डॉक्टर से जानें
5. डिलीवरी डेट से कुछ दिन पहले
अगर आपके डिलीवरी की डेट नजदीक है तो भी शारीरिक संबंध बनाने से बचें। इस दौरान आपको शारीरिक संबंध बनाने से पूरी तरह बचना चाहिए। इससे बच्चे को नुकसान पहुंच सकता है।
अगर आप गर्भवती हैं, तो ऊपर बताई गए इन स्थितियों में शारीरिक संबंध बनाने से बचें। अगर आप शारीरिक संबंध बनाते हैं तो पूरी सावधानी का ख्याल रखें।