How to Balance Pitta Dosha in Winters: आयुर्वेद के अनुसार हमारा शरीर वात, पित्त और कफ से बना होता है। इसलिए स्वस्थ रहने के लिए शरीर में इन तीनों को संतुलन में रखना बहुत जरूरी होता है। अगर इनमें से एक भी असंतुलित हो जाता है, तो शरीर में कई तरह की बीमारियां लग जाती हैं। अभी सर्दी का मौसम आने वाला है, इस मौसम में हम सभी गर्म तासीर की चीजों का सेवन करते हैं। इस मौसम में अदरक, लहसुन, गर्म मसालों का सेवन अधिक मात्रा में किया जाता है। इससे शरीर में पित्त असंतुलित हो जाता है। खासकर, जिन लोगों की पित्त प्रकृति है, उन्हें सर्दियों में गर्म चीजों और खराब खान-पान की वजह से ज्यादा परेशानियां हो सकती हैं। इसलिए सर्दियों में पित्त को संतुलन में रखना बहुत जरूरी होता है। आइए, रामहंस चेरिटेबल हॉस्पिटल, सिरसा के आयुर्वेदिक डॉक्टर श्रेय शर्मा से जानते हैं कि सर्दियों में पित्त दोष वाले लोगों को किन चीजों का सेवन करना चाहिए।
सर्दियो में पित्त दोष वाले लोग करें इन चीजों का सेवन
1. घी का सेवन करें
अगर आपकी पित्त प्रकृति है, तो आपको अपनी विंटर डाइट में घी जरूर शामिल करना चाहिए। आयुर्वेद में घी को सेहत के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है। घी, पित्त दोष को संतुलित करने में मदद करता है। सर्दियों में घी का सेवन करना बेहद लाभकारी होता है। इससे शरीर को ठंडक मिलती है। खासकर, गाय के घी की तासीर ठंडी होती है। इससे पित्त संतुलित बना रहता है। आप घी का सेवन खाने के साथ या गुनगुने पानी में मिलाकर सकते हैं।
2. फलों का सेवन जरूर करें
सर्दियों में भी आपको फलों का सेवन जरूर करना चाहिए। अगर आपकी पित्त प्रकृति है तो फलों का सेवन करना बेहद फायदेमंद होता है। पित्त को संतुलित करने के लिए आप अंगूर, संतरा, सेब और मौसंबी का सेवन कर सकते हैं। इन फलों को खाने से पित्त संतुलित रहता है। फलों में एंटीऑक्सीडेंट्स अधिक मात्रा में पाए जाते हैं, जो शरीर के लिए बेहद फायदेमंद होते हैं। फलों का सेवन करने से शरीर हाइड्रेटेड रहता है। इससे शरीर की गर्मी शांत होती है। आप चाहें तो घर पर बना फलों का जूस भी पी सकते हैं।
इसे भी पढ़ें- पित्त प्रकृति में लाभदायक है सौंफ का पानी, जानें इसके 5 बेहतरीन फायदे
3. दही का सेवन करें
सर्दियों में दही का सेवन करने से भी पित्त दोष को शांत करने में मदद मिल सकती है। दही की तासीर ठंडी होती है, जिससे शरीर की गर्मी शांत होती है। दही में प्रोबायोटिक्स होते हैं, ये आंतों को हेल्दी बनाए रखने में मदद करते हैं। आप दही में शहद या धागे वाली मिश्री मिलाकर सेवन कर सकते हैं। दही पाचन-तंत्र को भी बेहतर बनाए रखने में मदद करती है।
4. कद्दू का सेवन करें
कद्दू की सब्जी सेहत के लिए बेहद फायदेमंद होती है। सर्दियों में पित्त को संतुलित करने के लिए आप कद्दू की सब्जी का सेवन कर सकते हैं। कद्दू की तासीर ठंडी होती है, जिससे पित्त शांत होता है। कद्दू में विटामिन्स और मिनरल्स अधिक मात्रा में पाए जाते हैं, जो शरीर को स्वस्थ रखने में मदद करते हैं। आप कद्दू की सब्जी बनाकर खा सकते हैं या फिर इसका सूप पी सकते हैं।
इसे भी पढ़ें- पित्त दोष को कम करने के लिए डाइट में शामिल करें ये आहार, मिलेगी राहत
5. इलायची हर्बल टी
सर्दियों में पित्त दोष को संतुलित करने के लिए आप इलायची हर्बल टी पी सकते हैं। हरी इलायची की तासीर ठंडी होती है, जो पित्त को शांत करने में मदद करती है। इसके लिए आप पानी लें। इसमें हरी इलायची डालें और उबाल लें। फिर आप इसे छानकर पी सकते हैं।
पित्त दोष वाले लोगों को सर्दियों में भी ठंडी तासीर की चीजों का सेवन करना चाहिए। आपको हल्का खाना खाना चाहिए। इनका सेवन करने से घी, फल, कद्दू और हर्बल टी का सेवन करना चाहिए। अगर आपको पित्त का कोई लक्षण महसूस हो, तो डॉक्टर से जरूर कंसल्ट करें।