महिलाओं के संपूर्ण स्वास्थ्य में प्रजनन क्षमता को भी शामिल किया जाता है। प्रजनन क्षमता में उत्पन्न समस्याएं महिलाओं की फर्टिलिटी को प्रभावित कर सकती हैं। ऐसें में कई बार कुछ महिलाओं को एंडोमेट्रियोसिस का भी सामना करना पड़ता है। इस स्थिति में महिलाओं के गर्भाशय में एंडोमेट्रियल टिश्यू बढ़ने लगते हैं। यह एंडोमेट्रियल टिश्यू जब बड़ी आंत, छोटी आंत, रेक्टम या अन्य पाचन अंगों की बाहरी सतह पर बढ़ने लगते हैं, तो यह स्थिति बाउल एंडोमेट्रियोसिस कहलाती है। यह आमतौर पर बड़ी आंत (colon) या रेक्टम को प्रभावित करता है। इस स्थिति में पाचन तंत्र पर सूजन और स्कार टिश्यू बन सकते हैं, जिससे डाइजेस्टिव समस्याएं और मासिक धर्म के दौरान अत्यधिक दर्द हो सकता है। इस लेख में साईं पॉलिक्लीनिक की सीनियर कंसल्टेंट गाइनाक्लॉजिस्ट डॉ. विभा बंसल से जानते हैं कि बाउल एंडोमेट्रियोसिस के लक्षण और कारण क्या हो सकते हैं ?
बाउल एंडोमेट्रियोसिस के लक्षण - Symptoms Of Bowel Endometriosis In Hindi
बाउल एंडोमेट्रियोसिस के लक्षण सामान्य गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल (GI) समस्याओं जैसे दिख सकते हैं, इसलिए इसका समय पर पता लगाना कठिन हो सकता है। इसके कुछ आम लक्षण आगे बताए गए हैं।
पीरियड के समय पेट में असहनीय दर्द
- मासिक धर्म के दौरान गैस, पेट फूलना या कब्ज
- रेक्टल ब्लीडिंग (गुदा से खून आना)
- पीरियड के दौरान मल त्याग के समय दर्द
- लगातार पेट फूलना
- गैस और ऐंठन
- डायरिया या कब्ज
- भोजन के बाद पेट में भारीपन
- मरोड़ के साथ मलत्याग, आदि।
बाउल एंडोमेट्रियोसिस के कारण - Causes Of Bowel Endometriosis In Hindi
बाउल एंडोमेट्रियोसिस के स्पष्ट कारण अभी तक पूरी तरह ज्ञात नहीं हैं, लेकिन संभावित कारणों में शामिल हैं।
- रिवर्स मेंस्ट्रुएशन (Retrograde Menstruation): इसमें मासिक धर्म के दौरान खून गर्भाशय से बाहर निकलने की बजाय फैलोपियन ट्यूब्स के ज़रिए पेट की ओर चला जाता है।
- हार्मोनल असंतुलन: अधिक मात्रा में एस्ट्रोजन एंडोमेट्रियल टिश्यू की ग्रोथ को बढ़ावा देता है।
- प्रतिरक्षा प्रणाली की कमजोरी: जिससे शरीर एंडोमेट्रियल टिश्यू को नष्ट नहीं कर पाता।
- जेनेटिक फैक्टर: अगर परिवार में किसी को यह समस्या रही है, तो इसकी संभावना बढ़ जाती है।
बाउल एंडोमेट्रियोसिस की जांच कैसे की जाती है? - How To Diagnose Bowel Endometriosis In Hindi
बाउल एंडोमेट्रियोसिस का जांच करना चुनौतीपूर्ण होता है क्योंकि इसके लक्षण IBS (Irritable Bowel Syndrome), गैस्ट्रिक अल्सर या अन्य GI रोगों जैसे हो सकते हैं। इसके लिए आगे बताए तरीकों से जांच की जा सकती हैं।
- लैप्रोस्कोपी (Laparoscopy): एंडोमेट्रियोसिस का सबसे भरोसेमंद तरीका, जिसमें ऑप्टिकल डिवाइस की मदद से पेट के अंदर देखा जाता है।
- MRI / CT Scan: प्रभावित क्षेत्रों की इमेजिंग के लिए एमआरआई और सीटी स्कैन किया जाता है।
- कोलोनोस्कोपी (Colonoscopy): आंतों की परत का निरीक्षण किया जाता है।
- ट्रांसवेजाइनल अल्ट्रासाउंड: गर्भाशय और ओवरी के आसपास की स्थिति जांचने के लिए यह टेस्ट किया जाता है।
बाउल एंडोमेट्रियोसिस का इलाज - Treatment To Treat Bowel Endometriosis In Hindi
बाउल एंडोमेट्रियोसिस का इलाज लक्षणों की गंभीरता और महिला की उम्र, फर्टिलिटी योजनाओं और स्वास्थ्य की स्थिति पर निर्भर करता है।
दवाइयों द्वारा इलाज
- हार्मोन थेरेपी: जैसे कि बर्थ कंट्रोल पिल्स, GnRH एगोनिस्ट्स, या प्रोजेस्टिन्स, जो एंडोमेट्रियल टिश्यू की वृद्धि को रोकते हैं।
- पेन रिलीफ मेडिसिन: दर्द को कम करने के लिए NSAIDs जैसे इबुप्रोफेन
- डाइजेस्टिव मेडिकेशन: कब्ज या गैस के लक्षणों के लिए
सर्जिकल उपचार
- अगर दवाएं असर नहीं करतीं, और लक्षण बहुत गंभीर हों, तो सर्जरी की सलाह दी जाती है:
- लैप्रोस्कोपिक सर्जरी: जिससे एंडोमेट्रियल टिश्यू को हटा दिया जाता है
- बाउल रीसैक्शन सर्जरी: अगर आंत का कोई हिस्सा बुरी तरह प्रभावित हो, तो उसे काटकर अलग कर दिया जाता है।
लाइफस्टाइल बदलाव और सपोर्ट थेरेपी
- हाई फाइबर डायट लें और प्रोबायोटिक फूड्स शामिल करें
- रेगुलर एक्सरसाइज करें
- स्ट्रेस मैनेजमेंट के लिए योग, ध्यान
- साइकोलॉजिकल काउंसलिंग या सपोर्ट ग्रुप्स से जुड़ना
इसे भी पढ़ें: महिलाओं को एंडोमेट्रियोसिस की समस्या क्यों होती है? डॉक्टर से जानें इसका कारण और इलाज
बाउल एंडोमेट्रियोसिस एक गंभीर लेकिन इलाज योग्य स्थिति है। इसके लक्षण अगर लंबे समय तक नजरअंदाज किए जाएं तो यह न केवल जीवन की गुणवत्ता को प्रभावित करता है, बल्कि फर्टिलिटी पर भी असर डाल सकता है। इसलिए, यदि आप या कोई महिला पीरियड्स के दौरान असहनीय पाचन समस्याओं से जूझ रही है, तो डॉक्टर से परामर्श लेना जरूरी है।
FAQ
क्या एंडोमेट्रियोसिस को रोका जा सकता है?
एंडोमेट्रियोसिस को रोका नहीं जा सकता, लेकिन जल्दी निदान और उचित प्रबंधन से लक्षणों को कम किया जा सकता है।एंडोमेट्रियोसिस का मुख्य कारण क्या है?
कोई भी स्वास्थ्य स्थिति जो मासिक धर्म के दौरान रक्त को शरीर से बाहर निकलने से रोकती है, वह भी एंडोमेट्रियोसिस का जोखिम कारक हो सकती है।एंडोमेट्रियोसिस में क्या नहीं खाना चाहिए?
एंडोमेट्रियोसिस से पीड़ित महिला को कैफीन और शराब का सेवन भी कम करना चाहिए, क्योंकि इनसे एस्ट्रोजन का स्तर बढ़ सकता है।