Can We Drink Tea During Periods : पीरियड्स अपने आप में कोई समस्या नहीं होते हैं, लेकिन इनकी वजह से आपको कई परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। आमतौर पर पीरियड्स 4 से 7 दिन तक चल सकते हैं। इस दौरान महिलाओं को अपने लाइफस्टाइल, इमोशंस और डाइट में भी बदलाव का सामना करना पड़ सकता है। दरअसल, हम जिस तरह की डाइट का सेवन करते हैं, उसका सीधा असर हमारी सेहत पर भी होता है। यही वजह है कि पीरियड्स के दौरान महिलाओं को सोच समझकर अपनी डाइट का चुनाव करना चाहिए। कई बार हम रोजमर्रा की जिंदगी में कुछ ऐसी चीजों का सेवन कर रहे होते हैं, जो शरीर के लिए नुकसानदायक हो सकती हैं। इन्हीं चीजों में से एक चाय है। सर्दियां हो या गर्मियां चाय लवर्स हर मौसम में और हर रोज चाय पीते हैं। ऐसे में कई महिलाओं के मन में सवाल आता है कि क्या पीरियड्स के दौरान चाय का सेवन करना (Can We Drink Tea During Periods ) सही है? आइए इस सवाल का जवाब द डाइट एक्सपर्ट्स की सीईओ और हेड डायटीशियन सिमरत कथूरिया (Simrat Kathuria, CEO and Head Dietitian at The Diet Xperts) से जानते हैं।
पीरियड्स के दौरान चाय पीनी चाहिए? - Can We Drink Tea During Periods
आप चाय पीरियड्स के दौरान सीमित मात्रा में चाय पी सकती हैं। जैसा हम सभी जानते हैं कि अति किसी चीज की अच्छी नहीं होती है। अगर आप पीरियड्स के दौरान बहुत ज्यादा चाय पिएंगी, तो शरीर को नुकसान हो सकता है। बता दें कि सभी चाय में कुछ मात्रा में टैनिन एसिड पाया जाता है। यह एसिड भोजन के साथ मिलकर शरीर में आयरन के अब्सॉर्प्शन को कम कर देता है। ऐसे में पीरियड्स के दौरान बहुत ज्यादा चाय पीने से शरीर में आयरन की कमी हो सकती है। साथ ही, चाय में मौजूद कैफीन के कारण सिरदर्द, चिड़चिड़ापन, अनिद्रा, चिंता, बेचैनी और घबराहट जैसी समस्या भी हो सकती है।
पीरियड्स के दौरान कितनी मात्रा में चाय पी सकती हैं?- How Much Tea can you Drink
आपको पीरियड्स के दौरान चाय का कम मात्रा में सेवन करना चाहिए। इस दौरान महिलाएं प्रतिदिन 1-2 कप चाय का सेवन कर सकती हैं। जैसा हमने आपको बताया कि ज्यादा मात्रा में कैफीन का सेवन करने से पेट में ऐंठन की समस्या हो सकती है। पीरियड्स के समय आपको अदरक या कैमोमाइल जैसी हर्बल चाय पीने पर ध्यान देना चाहिए। हर्बल टी पीरियड्स के दौरान होने वाली कई समस्याओं को कम करती है।
इसे भी पढ़ें- क्या पीरियड्स में चाय-कॉफी पीने से पेट खराब हो सकता है? जानें एक्सपर्ट से
पीरियड्स के दौरान इन बातों का रखें ख्याल- Take Care of these Things During Periods
- कैफीन की मात्रा सीमित करें: जैसा हमने आपको बताया कि पीरियड्स के दौरान आपको कम मात्रा में कैफीन का सेवन करना चाहिए। कैफीन के कारण ब्लड वेसल्स संकुचित हो जाती हैं। इससे पेट में ऐठन और दर्द की समस्या हो सकती है।
- हर्बल चाय पीना है फायदेमंद: अगर आप पीरियड्स के दौरान हर्बल चाय का सेवन करती हैं, तो इससे शरीर को ढेरों फायदे हो सकते हैं। ऐसे में आप अदरक, कैमोमाइल, रास्पबेरी जैसी हर्बल चाय का सेवन कर सकते हैं। इसमें एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं, जो पीरियड के दर्द को कम करने में मदद कर सकते हैं।
- बॉडी के संकेतों को पहचानें: अगर आपको चाय पीने के बाद किसी भी तरह की असुविधा महसूस होती है, तो इसका सेवन कम कर दें। आप चाहें, तो इस मामले में डॉक्टर या संबंधित एक्सपर्ट की राय भी ले सकती हैं।
इसे भी पढ़ें- क्या पीरियड्स आने के बाद भी प्रेग्नेंट हो सकती हैं महिलाएं? जानें डॉक्टर से
अगर आप पीरियड्स के दौरान चाय का सेवन करना चाहती हैं, तो सीमित मात्रा में सेवन कर सकती हैं। हालांकि, इस दौरान अगर आप सामान्य मिल्क टी की जगह ग्रीन टी या हर्बल टी का सेवन करेंगी, तो शरीर को डबल फायदे हो सकते हैं। आपको कौन-सी और कितनी मात्रा में चाय पीनी है, इस बारे में आप डॉक्टर या संबंधित एक्सपर्ट से जान सकती हैं।