आजकल लोग काम में व्यस्त रहते हैं, जिसकी वजह से लोगों खानपान पर ध्यान नहीं दे पाते हैं। पोषण युक्त आहार न लेने की वजह से लोगों में पोषण की कमी होने लगती है। यह कैल्शियम की कमी का एक बड़ा कारण बन सकता है। कैल्शियम हड्डियों के लिए आवश्यक माना जाता है। इसकी वजह से हड्डियों का कमजोर होना, जोड़ो में दर्द और हड्डियों के टूटने की संभावना बढ़ जाती है। खासकर उम्र बढ़ने के साथ-साथ हड्डियां धीरे-धीरे कमजोर होने लगती हैं। ऐसे में एक आयुर्वेदिक औषधि हड़जोड़ हड्डियों के लिए अत्यंत उपयोगी मानी जा सकती है। हड़जोड़, जिसे संस्कृत में "अस्तिसंधानी" एक औषधीय बेल है जिसका उपयोग हड्डियों को जोड़ने और मजबूत करने में सदियों से किया जाता रहा है। आयुर्वेद में इसे हड्डियों को जोड़ने वाली दवा के रूप में जाना जाता है। इस लेख में राजहंस चेरिटेबल अस्पताल के आयुर्वेदाचार्य डॉ श्रेय शर्मा से जानेंगे कि हड़जोड़ हड्डियों के लिए कैसे फायदेमंद है, इसे किस तरह से सेवन किया जा सकता है और इसके अन्य स्वास्थ्य लाभ क्या हैं?
हड़जोड़ के हड्डियों के लिए फायदे - Hadjod Benefits For Bone Health In Hindi
हड़जोड़ एक प्रकार की हरी बेल होती है जो मोटी, चार कोनों वाली तनों से युक्त होती है। यह गर्म प्रदेशों में पाई जाती है और आयुर्वेद में इसका उपयोग हड्डियों को जोड़ने, सूजन कम करने और जोड़ों के दर्द में राहत देने के लिए किया जाता है।
फ्रैक्चर को जल्दी ठीक करने में मददगार
हड़जोड़ में ऐसे गुण होते हैं जो टूटे हुए हड्डी के टिश्यू (tissues) को दोबारा जोड़ने में सहायक होते हैं। यह कोलेजन (Collagen) उत्पादन को बढ़ाकर हड्डियों के निर्माण की प्रक्रिया को तेज करता है।
हड्डियों की मजबूती बढ़ाएं
इसमें कैल्शियम, मैग्नीशियम, फॉस्फोरस और विटामिन सी जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं जो हड्डियों को मजबूत बनाते हैं। हड़जोड़ का नियमित सेवन ऑस्टियोपोरोसिस (हड्डियों का कमजोर होना) से बचाव करता है।
जोड़ों के दर्द में राहत
हड़जोड़ में एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं जो सूजन को कम करके जोड़ों में दर्द से राहत दिलाते हैं। गठिया (Arthritis) या जोड़ों में अकड़न की समस्या वालों के लिए यह बहुत फायदेमंद है।
हड्डी की कमजोरी में उपयोगी
बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं में कैल्शियम की कमी से हड्डियाँ कमजोर होने लगती हैं। हड़जोड़ हड्डियों की पोषण की कमी को पूरा करने में सहायक होता है।
खेलों में चोट लगने पर लाभदायक
खिलाड़ियों को अकसर मांसपेशियों या हड्डियों में चोट लगती है। हड़जोड़ का उपयोग इस तरह की चोटों में रिकवरी के लिए किया जाता है, जिससे मांसपेशियों की मरम्मत और ताकत दोनों बढ़ती हैं।
हड़जोड़ का सेवन कैसे करें? - How To Eat Hadjod In Hindi
हड़जोड़ की सब्जी
ताजा हड़जोड़ की डंठल को अच्छे से धोकर हल्दी, नमक और देसी मसालों के साथ पकाकर सब्जी बनाई जा सकती है। इसका स्वाद भिंडी जैसा होता है।
हड़जोड़ का काढ़ा
हड़जोड़ की ताजी डंठल को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर पानी में उबालें। इसमें हल्दी और थोड़ी सी सोंठ मिलाएं। दिन में एक बार पिएं।
हड़जोड़ चूर्ण (पाउडर)
सूखी हड़जोड़ को पीसकर पाउडर बना लें और इसे रोज़ 1 चम्मच गर्म दूध या गुनगुने पानी के साथ लें। यह तरीका हड्डियों को ताकत देने में सबसे प्रभावशाली है।
हड़जोड़ कैप्सूल या टैबलेट
यदि आपके पास ताज़ा हड़जोड़ उपलब्ध नहीं है तो आप बाज़ार में मिलने वाले हड़जोड़ के कैप्सूल या टैबलेट का सेवन कर सकते हैं। लेकिन डॉक्टर से सलाह लेकर ही सेवन करें।
इसे भी पढे़ं: हड्डियों को मजबूत बनाने के लिए अपनाएं ये 5 उपाय, जोड़ों और घुटनों के दर्द में मिलेगा आराम
हड़जोड़ एक चमत्कारी आयुर्वेदिक औषधि है जो हड्डियों की सेहत के लिए अत्यंत लाभकारी है। यह ना केवल टूटी हड्डियों को जोड़ने में मदद करता है, बल्कि हड्डियों की कमजोरी, जोड़ों के दर्द और सूजन को भी दूर करता है। अगर आप अपने जीवन में हड्डियों को मजबूत और स्वस्थ बनाना चाहते हैं, तो हड़जोड़ को अपनी दिनचर्या में जरूर शामिल करें।
FAQ
ऑस्टियोपोरोसिस का इलाज क्या है?
ऑस्टियोपोरोसिस के इलाज के डॉक्टर बोन डेंसिटी को बनाए रखने के लिए कैल्शियम और विटामिन डी के सप्लीमेंट्स दे सकते हैं। साथ ही हड्डियों की कमजोर होने की प्रक्रिया को कम किया जा सकता है।कौन सा फल खाने से हड्डी मजबूत होती है?
हड्डियों को मजबूत करने के लिए कुछ फल खाने चाहिए जिनमें कैल्शियम, विटामिन सी, और अन्य पोषक तत्व होते हैं। इन फलो में संतरा, केला, कीवी, पपीता, और अंजीर आदि शामिल हैं।हड्डियों की मजबूत के लिए क्या खाएं?
हड्डियों को मजबूत बनाने के लिए आप डाइट में दही, दूध और कैल्शियम युक्त आहार को शामिल कर सकते हैं।