काली किशमिश पोषक तत्वों से भरपूर होती है। इसमें वे सभी विटामिन्स और मिनरल्स पाए जाते हैं, जो स्वस्थ रहने के लिए जरूरी होते हैं। आपको बता दें कि काली किशमिश में प्रोटीन, कैल्शियम, विटामिन ई, मैग्नीशियम, फाइबर, आयरन और पोटैशियम आदि पाए जाते हैं। अगर आप रोजाना काली किशमिश का सेवन करेंगे, तो हमेशा स्वस्थ रह सकते हैं। काली किशमिश खाने से कई बीमारियों से बचाव हो सकता है। इसमें आयरन की मात्रा अधिक होती है, जिससे शरीर में खून की पूर्ति होती है। वैसे तो आप काली किशमिश का सेवन सीधे तौर पर कर सकते हैं। लेकिन आप चाहें तो काली किशमिश का सेवन दूध में उबालकर भी कर सकते हैं। रोज रात को सोते समय दूध में काली किशमिश उबालकर खाने से आपको कई लाभ मिल सकते हैं। तो आइए, इस लेख में आरोग्य डाइट और न्यूट्रीशन क्लीनिक की डाइटीशियन सुगीता मुटरेजा से जानते हैं इसके बारे में-
रात को दूध में उबले काली किशमिश खाने के फायदे
1. वजन बढ़ाने में मददगार
अगर आप वजन बढ़ाना चाहते हैं, तो रोज रात को दूध में उबले हुए काली किशमिश का सेवन कर सकते हैं। किशमिश और दूध में फैट अधिक होता है, जो वेट गेन में मदद (Weight Gain Tips in Hindi) करते हैं। अगर आप रोज रात को सोते समय किशमिश वाला दूध पिएंगे, तो इससे आपको कैलोरी अधिक मिलेगी। आपको एनर्जी महसूस होगी और धीरे-धीरे वजन भी बढ़ने लगेगा।
2. एनीमिया के लक्षणों को कम करे
एक उम्र के बाद अधिकतर महिलाओं को एनीमिया की समस्या से परेशान होना पड़ता है। अगर आप भी एनीमिया से पीड़ित हैं, तो रोज रात को सोते समय दूध में काली किशमिश उबालकर ले सकते हैं। दूध में उबले किशमिश खाने से एनीमिया के लक्षण जैसे- थकान, पीली त्वचा और कमजोरी आदि दूर होने लगते हैं। अगर आप रोजाना इस तरह से किशमिश का सेवन करेंगे, तो एनीमिया से बचाव भी हो सकता है। काली किशमिश वाला दूध पीने से आपके शरीर में ऊर्जा बनी रहेगी।
इसे भी पढ़ें- रोज सुबह खाली पेट पिएं काली किशमिश का पानी, मिलेंगे जबरदस्त फायदे
3. हड्डियां मजबूत बनाए
45 की उम्र के बाद ज्यादातर लोगों को हड्डियों से जुड़ी दिक्कतें होने लगती हैं। ऐसे में आप दूध में काली किशमिश उबालकर ले सकते हैं। काली किशमिश और दूध में कैल्शियम अधिक मात्रा में होता है, जो हड्डियों के लिए जरूरी होता है। किशमिश वाला दूध पीने से हड्डियां मजबूत बनती हैं और ऑस्टियोपोरोसिस का खतरा भी कम होता है। अगर आप रोजाना इस दूध का सेवन करेंगे, तो इससे हड्डियां लंबी उम्र तक मजबूत बनी रहेंगी।
4. पाचन तंत्र को बेहतर बनाए
अगर आपको पाचन तंत्र से जुड़ी कोई समस्या है, तो आप रात को दूध में काली किशमिश उबालकर ले सकते हैं। काली किशमिश में फाइबर पाया जाता है, जो पाचन को बेहतर बनाने में मदद करता है। रोज रात को काली किशमिश वाला दूध पीने से आपको पाचन से जुड़ी समस्याओं से छुटकारा मिल सकता है। इस दूध को पीने से गैस, अपच और कब्ज की समस्याएं दूर हो सकती हैं।
इसे भी पढ़ें- काली या पीली किशमिश, वजन बढ़ाने के लिए क्या है ज्यादा फायदेमंद?
काली किशमिश को दूध में उबालकर कैसे खाएं?- How to Eat Boiled Black Raisins in Milk in Hindi
- इसके लिए आप एक गिलास दूध लें।
- इसमें 4-5 काली किशमिश डालें।
- अब इन्हें अच्छी तरह से उबालें।
- इसके बाद दूध को छानकर पी लें।
- आप रोज रात को सोते समय इस दूध को पी सकते हैं।
- आप चाहें तो किशमिश को चबाकर भी खा सकते हैं।
आप भी काली किशमिश को दूध में उबालकर ले सकते हैं। लेकिन काली किशमिश की तासीर गर्म होती है, इसलिए अगर आपकी पित्त प्रकृति है, तो पहले किशमिश को पानी में भिगोकर रख दें। फिर इसे दूध में उबालकर खाएं। इससे किशमिश की तासीर सामान्य हो जाएगी और पित्त असंतुलित नहीं होगा।