Drinking Bed Time Tea for Weight Loss : लोग बढ़ते वजन को घटाने के लिए जिम में पसीना बहाते हैं और सख्त डाइट को फॉलो करते हैं। इतनी मेहनत के बाद भी कई लोगों को मनचाहा रिजल्ट नहीं मिलता है। अगर आप भी इस समस्या का सामना कर रहे हैं, तो एक्सरसाइज और डाइट के साथ कुछ अन्य हेल्दी आदतों को अपना सकते हैं। इन आदतों की मदद से वजन घटाना आसान हो सकता है। इन्हीं में से एक बेड टाइम टी का सेवन करने की आदत है। बता दें कि सोने से पहले चाय पीने की आदत वजन घटाने के साथ शरीर के लिए कई अन्य तरह से भी फायदेमंद साबित हो सकती है। ऐसे में आइए हम द डाइट एक्सपर्ट्स की सीईओ और हेड डायटीशियन सिमरत कथूरिया (Simrat Kathuria, CEO and Head Dietitian at The Diet Xperts) से जानते हैं कि आप रात में सोने से पहले किन चाय का सेवन कर सकते हैं।
बेड टाइम टी पीने से क्या फायदे होते हैं?- What are the Benefits of Drinking Bedtime Tea
रात में सोने से पहले कुछ चाय पीना सेहत के लिए बहुत फायदेमंद होता है। इससे वजन घटाने के अलावा, नींद आने में मदद मिलती है, तनाव और चिंता कम होती है, शरीर रिलैक्स हो जाता है,स्लीप क्वालिटी में सुधार होता है, ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस कम होता है और दिमाग शांत हो सकता है। ऐसे में आइए जानते हैं कि आप सोने से पहले किन बेड टाइम टी का सेवन कर सकते हैं:
पुदीना चाय पिएं
वजन घटाने के लिए आप रात में सोने से पहले पुदीने की चाय पी सकते हैं। इसमें एंटी-ऑक्सीडेंट और कई अन्य पोषक-तत्व अच्छी मात्रा में पाए जाते हैं। इससे वजन घटाने के लिए सबसे अच्छी बेड टी माना जाता है। पुदीने की चाय में कैलोरी की मात्रा कम होती है। इसे पीने से भूख को कम किया जा सकता है और पाचन को भी फायदा होता है। पुदीना मेटाबॉलिज्म को सुधारने का काम करता है। साथ ही, पुदीने की मदद से तनाव के कारण होने वाले सिरदर्द और साइनस की समस्या से भी बचा जा सकता है।
दालचीनी की चाय पिएं
वजन कम करने के लिए रात के समय दालचीनी की चाय पीना फायदेमंद होता है। दालचीनी की चाय शरीर में एनर्जी भरने और भूख को कंट्रोल करने में मदद करती है। इसे मेटाबॉलिज्म को सुधारा जा सकता है। साथ ही, दालचीनी एक नेचुरल एंटी-इंफ्लेमेटरी एजेंट के रूप में काम करती है, जो सूजन और तनाव को कम करने में मदद करता है।
इसे भी पढ़ें- डायबिटीज में करें लौंग और दालचीनी का सेवन, कम होगा ब्लड शुगर
ग्रीन टी पिएं
ग्रीन टी वजन घटाने में बहुत फायदेमंद साबित हो सकती है। ग्रीन टी में कैटेचिन नाम का एंटी-ऑक्सीडेंट होता है, जो मेटाबॉलिज्म को बढ़ावा देता है। इससे शरीर में जम रहा फैट बर्न हो जाता है और व्यक्ति का वजन घटने लगता है। साथ ही, ग्रीन टी में ब्लैक टी के मुकाबले कैफीन की मात्रा भी कम होती है। इसे आप डेली डाइट में शामिल कर सकते हैं।
कैमोमाइल चाय पिएं
वजन घटाने के लिए कैमोमाइल चाय फायदेमंद होती है। यह सूजन को कम करने और नींद की क्वालिटी को सुधारने में मदद करती है।कैमोमाइल चाय पेट में ऐंठन, आईबीएस, अपच और गैस जैसी पाचन संबंधी समस्याओं से भी राहत दिला सकती है। इससे वजन घटाने में मदद मिलती है और शरीर को कई अन्य फायदे भी हो सकते हैं।
इसे भी पढ़ें- क्या कैमोमाइल टी पीने से नींद अच्छी आती है? एक्सपर्ट से जानें
ऊपर बताई अलग-अलग चाय की मदद से आप अपना वजन घटा सकते हैं। इससे शरीर को कई अन्य फायदे भी हो सकते हैं। आमतौर पर इन ड्रिंक्स का सेवन करने से शरीर को कोई समस्या नहीं होती है। हालांकि, अगर आप किसी समस्या का सामना कर रहे हैं, तो तुरंत डॉक्टर या संबंधित एक्सपर्ट से मिलें।