Is mosquito cream safe for babies: भारत जैसे देशों में जहां गर्मियों और बरसात के मौसम में मच्छरों की भरमार हो जाती है, वहां बच्चों को मच्छरों से बचाना एक बड़ी चुनौती है। बच्चों को मच्छर काटने से न सिर्फ खुजली या स्किन रिएक्शन होता है, बल्कि डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया और जीका जैसे खतरनाक बीमारियों का खतरा भी रहता है। ऐसे में पेरेंट्स अक्सर बच्चों को मच्छरों के डंक से बचाने के लिए मॉस्किटो क्रीम या रेपेलेंट लगाते हैं।
मेरी एक दोस्त भी पिछले काफी समय से अपनी 2 साल की बेटी के लिए मॉस्किटो क्रीम का इस्तेमाल करती है, लेकिन जब मैंने इसका इस्तेमाल अपने बच्चे के लिए करना चाहा, तो मेरे मन में कई प्रकार के सवाल आया। जिनमें सबसे अहम था कि क्या वाकई बच्चों की त्वचा पर mosquito Cream लगाना सुरक्षित होता है? मैंने इस सवाल का जवाब जानने के लिए कई डॉक्टर से बात की और आज मैं आपको इसी सवाल का जवाब देने वाली हूं।
इसे भी पढ़ेंः घर में नहीं भटकेगा एक भी मच्छर, आज ही अपनाएं ये 5 घरेलू नुस्खे
बच्चों की स्किन की पहचान है जरूरी
दिल्ली के पीडियाट्रिशियन पुनीत आनंद के अनुसार, वयस्कों के मुकाबले बच्चों की त्वचा काफी पतली और नाजुक होती है। इतना ही नहीं पूरी तरह से विकसित न होने के कारण बच्चों की त्वचा वयस्कों की तुलना में अधिक सेंसिटिव भी होती है। उनकी त्वचा में तेल ग्रंथियां पूरी तरह से विकसित नहीं होती है, जिससे वह आसानी से ड्राय हो सकती है। बच्चों की स्किन की परतें इतनी पतली होती हैं कि कोई भी केमिकल तेजी से शरीर के अंदर प्रवेश कर जाता है। इसलिए बच्चों की त्वचा पर कोई भी प्रोडक्ट लगाने से पहले इंग्रीडिएंट की पहचान करना जरूरी होता है।
इसे भी पढ़ेंः छोटे बच्चों को मच्छरों से बचाने के लिए अपनाएं ये 5 उपाय, जानें कैसे दूर भगाएं मच्छर
मॉस्किटो क्रीम क्या होती है और कैसे काम करती है?
नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ पर प्रकाशित एक रिसर्च के अनुसार, मॉस्किटो रेपेलेंट क्रीम ऐसे तत्वों से बनी होती हैं जो मच्छरों को दूर रखने में मदद करते हैं। ये क्रीम मच्छरों की सूंघने की क्षमता को खराब कर देती है। इससे मच्छर शरीर की गंध को पहचान नहीं कर पाते हैं और आपको काटते नहीं है। रिसर्च बताती है कि बाजार में मिलने वाली ज्यादातर मॉस्किटो क्रीम में DEET (N, N-diethyl-meta-tolu amide), Picaridin (Icaridin), Citronella Oil, नीम का तेल और नीलगिरी का तेल इस्तेमाल किया जाता है।
इसे भी पढ़ेंः Malaria FAQs: मलेरिया का मच्छर कब काटता है? डॉक्टर से जानिए मलेरिया से जुड़े 5 सवालों का जवाब
क्या बच्चों की त्वचा पर mosquito Cream लगाना सुरक्षित है
इस सवाल का जवाब देते हुए डॉ. पुनीत आनंद कहते हैं कि बच्चों की त्वचा पर मॉस्किटो क्रीम लगाना आमतौर पर सुरक्षित होता है। जब बच्चा घर से बाहर पार्क में खेलने या मॉल में घूमने के लिए जा रहा हो, तब उन्हें मच्छरों से डंक से बचाने के लिए मॉस्किटो क्रीम लगाना एक सुरक्षित विकल्प होता है। इसलिए ये कहना बिल्कुल सही होगा कि बच्चों की त्वचा पर मॉस्किटो क्रीम लगाना सुरक्षित होता है। हालांकि बच्चों के लिए मॉस्किटो क्रीम का चुनाव करने से पहले कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी होता है। डॉ. पुनीत आनंद के अनुसार, छोटे बच्चों को मच्छर से बचाने के लिए कोई भी क्रीम लगाने से पहले 5 बातों को ध्यान में रखना बेहद जरूरी है।
बच्चों के लिए कौन सी मॉस्किटो क्रीम सुरक्षित होती है?
1. DEET युक्त क्रीम
बच्चों को मच्छरों से बचाने के लिए DEET प्रभावी तो होता है लेकिन मॉस्किटो क्रीम में इसकी मात्रा 10% से अधिक नहीं होनी चाहिए। बाल रोग विशेषज्ञ बताते हैं कि अगर बच्चा 3 महीने से छोटा है, तो उसकी त्वचा पर DEET युक्त मॉस्किटो क्रीम का प्रयोग बिल्कुल भी नहीं करना चाहिए। कुछ बच्चों में इससे एलर्जी, आंखों में जलन, सांस की दिक्कत या स्किन इरिटेशन हो सकता है। 3 महीने की उम्र के बाद बच्चे को मच्छरों से बचाने के लिए DEET युक्त क्रीम का उपयोग सुरक्षित होता है।
इसे भी पढ़ेंः मच्छरों से बचाने वाला कॉइल सेहत के लिए है हानिकारक, डॉक्टर से जानें इसके नुकसान
2. एसेंशियल ऑयल्स वाली मॉस्किटो क्रीम से रहें दूर
कई पेरेंट्स सोचते हैं बच्चों की त्वचा के लिए एसेंशियल ऑयल्स वाली क्रीम जैसे यूकेलिप्टस या सिट्रोनेला ऑयल सुरक्षित होते हैं। लेकिन असल में ऐसा बिल्कुल भी नहीं है। 3 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए एसेंशियल ऑयल वाली मॉस्किटो क्रीम का उपयोग नहीं करना चाहिए। इससे स्किन एलर्जी, जलन और त्वचा पर खुजली की परेशानी हो सकती है।
3. इन हिस्सों पर न लगाएं मॉस्किटो क्रीम
डॉक्टर के अनुसार, बच्चों के चेहरे, विशेषकर आंख, नाक या मुंह के पास मॉस्किटो क्रीम का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। अगर बच्चे के शरीर के किसी हिस्से में कट, रैशेज या दानें हैं, तो हिस्से पर भी मॉस्किटो क्रीम का इस्तेमाल करने से बचना चाहिए।
4. हाथों पर न करें मॉस्किटो क्रीम का उपयोग
बच्चों के चेहरे के साथ-साथ हाथों पर भी मॉस्किटो क्रीम का उपयोग नहीं करना चाहिए। बच्चे अक्सर अपने हाथ मुंह में डालते हैं। ऐसे में आप उनके हाथ पर मॉस्किटो क्रीम लगाएं, तो ये उनके पेट में जा सकती है और कई प्रकार की बीमारियों को न्योता दे सकती है।
5. Picaridin आधारित क्रीम
बच्चों के लिए Picaridin आधारित क्रीम का इस्तेमाल बिल्कुल सुरक्षित माना जाता है। इसकी गंध बहुत हल्की होती है और यह स्किन को ज्यादा चिपचिपा नहीं करता है। इसलिए बच्चों के लिए हमेशा Picaridin आधारित क्रीम का उपयोग करें।
ध्यान रहे कि 6 महीने से छोटे बच्चों पर कोई भी रेपेलेंट न लगाया जाए, केवल डॉक्टर से सलाह लें।
बच्चों पर मॉस्किटो क्रीम लगाने के फायदे
- बच्चों को मॉस्किटो क्रीम लगाने से मच्छरों से बचाव करने में मदद मिलती है। मॉस्किटो क्रीम बच्चों को डेंगू, मलेरिया और अन्य मच्छर जनित बीमारियों से बचाती है।
- जब बच्चा पार्क या गार्डन में खेलता है तो क्रीम लगाने से मच्छर नहीं काटते और वे आराम से खेल सकते हैं।
- रात के समय बच्चों को मच्छरों के काटने से बार-बार उठना पड़ता है। ऐसे में मॉस्किटो क्रीम बच्चे के शरीर पर लगाने से बच्चा रात को सोते समय मच्छर के डंक से बच सकता है और चैन की नींद सोता है।
- अगर बच्चा रेगुलर मॉस्किटो क्रीम लगाएं तो स्किन पर खुजली या निशान नहीं होते, जिससे स्किन हेल्दी बनी रहती है।
बच्चों की त्वचा पर मॉस्किटो क्रीम लगाने के नुकसान
- केमिकल युक्त क्रीम खासकर DEET या ALLETHRIN से बनी हुई क्रीम से कुछ बच्चों में एलर्जी, खुजली, जलन और लाल चकत्ते हो सकते हैं।
- अगर बच्चा सांस की बीमारी से पीड़ित है, जैसे कि अस्थमा, तो मॉस्किटो क्रीम उन्हें परेशानी में डाल सकती है।
- बच्चों की त्वचा पर लगातार मॉस्किटो क्रीम का उपयोग करने से त्वचा रूखी हो सकती है क्योंकि कुछ क्रीम त्वचा की ऑयल परत को नुकसान पहुंचा सकती हैं।
- बच्चे अक्सर अपने हाथ चेहरे या मुंह में डालते हैं। यदि हाथों पर क्रीम लगी हो, तो वह आंख या मुंह में जा सकती है जिससे जलन या मतली की परेशानी हो सकती है।
निष्कर्ष
बच्चों को मच्छरों से बचाने के लिए मॉस्किटो क्रीम का इस्तेमाल करना एक अच्छा विकल्प है। लेकिन यह तभी सुरक्षित है जब सही प्रकार की क्रीम चुनी जाए और सही तरीके से लगाई जाए। जहां केमिकल आधारित क्रीम तुरंत असर दिखाती हैं, वहीं हर्बल क्रीम और घरेलू उपाय बच्चों की त्वचा के लिए ज्यादा सुरक्षित हैं। अगर आप भी बच्चे के लिए मॉस्किटो क्रीम का इस्तेमाल करती हैं, तो एक बार डॉक्टर से सलाह जरूर लें।
FAQ
क्या मच्छर भगाने वाली क्रीम त्वचा के लिए सुरक्षित है?
आमतौर पर मच्छर भगाने वाली क्रीम सुरक्षित मानी जाती है। लेकिन कुछ मच्छर भगाने वाली क्रीम में कई प्रकार के केमिल्स का इस्तेमाल किया जाता है, जो त्वचा को डैमेज कर सकती है। इसलिए मच्छर भगाने वाली क्रीम का इस्तेमाल करने से पहले उसके इंग्रीडिएंट्स को चेक जरूर करें।छोटे बच्चों को मच्छरों से कैसे बचाएं?
छोटे बच्चों को मच्छरों से बचाना बहुत ही जरूरी होता है। छोटे बच्चों को मच्छरों से बचाने के लिए मच्छरदानी का इस्तेमाल करें। शाम के समय घर के खिड़की और दरवाजों को बंद करके रखें। घर के अंदर नीम की लड़कियों का हल्का धुआं करें, इससे मच्छर घर के अंदर प्रवेश नहीं कर पाएंगें।बच्चों के लिए मच्छर पैच कैसे उपयोग करें?
बच्चों को मच्छरों से बचाने के लिए पैच का इस्तेमाल करना बहुत ही आसान काम है। मच्छर भगाने वाले स्टिकर छीलकर बच्चों के कपड़ों, पालने पर लगाएं।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
Current Version