
Ajwain for Constipation in Hindi: अजवाइन का उपयोग अधिकतर भारतीय घरों में किया जाता है। अजवाइन का पराठे, सब्जी, दाल आदि में उपयोग किया जाता है। इसके अलावा जब किसी को गैस या एसिडिटी बनती है, तो भी अजवाइन चबाने की सलाह दी जाती है। अजवाइन खाने से गैस आसानी से निकल आती है और पेट दर्द में भी आराम मिलता है। आपको बता दें कि अजवाइन पेट से जुड़ी समस्याओं जैसे अपच, पेट फूलना और पेट की जलन को ठीक कर सकता है। इसके अलावा अगर सुबह उठने के बाद आपका पेट सही से साफ नहीं हो पाता है, तो भी अजवाइन का सेवन करना फायदेमंद हो सकता है। अब आप सोच रहे होंगे कि कब्ज से छुटकारा पाने के लिए अजवाइन कैसे खाएं? तो चलिए, आरोग्य डाइट और न्यूट्रीशन क्लीनिक की डाइटीशियन डॉक्टर सुगीता मुटरेजा से जानते हैं पेट साफ करने के लिए अजवाइन का उपयोग कैसे करें?
कब्ज में कैसे फायदेमंद है अजवाइन?- How Ajwain Helps in Constipation in Hindi
अजवाइन गैस और कब्ज को ठीक करने में असरदार हो सकता है। अजवाइन में थाइमोल मौजूद होता है, जो अपच, पेट फूलना, कब्ज और डायरिया जैसे विकारों को ठीक करने में मदद करता है। दरअसल, थाइमोल पेट में गैस्ट्रिक रस को रिलीज करता है, जिससे पाचन तंत्र मजबूत बनता है। थाइमोल की मदद से पाचन प्रक्रिया तेज होती है। इसलिए अगर आपको कब्ज है, तो अजवाइन का सेवन करने से इसमें आराम मिल सकता है।
पेट साफ करने के लिए अजवाइन कैसे खाएं?- How to Eat Ajwain for Clearing Constipation in Hindi
1. अजवाइन की चाय
अगर सुबह उठने के बाद आपका पेट सही से साफ नहीं हो पाता है, तो अजवाइन की चाय पीना फायदेमंद हो सकता है। इसके लिए आप एक गिलास पानी लें। इसमें एक चम्मच अजवाइन के बीज डालें। अब इसे अच्छी तरह से उबालें, फिर छानकर पी लें। अगर आप रोजाना दिन में 1-2 बार अजवाइन की चाय का सेवन करेंगे, तो इससे पेट को साफ करने में मदद मिल सकती है। अजवाइन की चाय पीने से पेट दर्द में भी आराम मिल सकता है।
इसे भी पढ़ें- रात को अजवाइन कैसे खाएं? जानें 5 तरीके जिनसे दूर होगी कई समस्याएं
2. अजवाइन का पानी
कब्ज होने पर अजवाइन का पानी पीना भी काफी लाभकारी होता है। नियमित रूप से अजवाइन का पानी पीने से सुबह उठने के बाद आपका पेट आसानी से साफ हो सकता है। इसके लिए आप एक गिलास गुनगुना पानी लें। इसमें 1 चम्मच अजवाइन के बीज डालें और रातभर के लिए इसे छोड़ दें। फिर सुबह उठकर इस पानी को छानकर पी लें। रोज सुबह खाली पेट अजवाइन का पानी पीने से कब्ज से छुटकारा मिल सकता है।
3. अजवाइन का पाउडर
सुबह पेट आसानी से साफ हो, इसके लिए आप अजवाइन के पाउडर का सेवन भी कर सकते हैं। इसके लिए आप एक गिलास गुनगुना पानी लें। रात को सोते समय एक चम्मच अजवाइन के पाउडर का सेवन कर लें। इससे आपका पाचन बेहतर होगा, साथ ही कब्ज से भी छुटकारा मिलेगा। रोजाना रात को अजवाइन का पाउडर खाने से शरीर में जमा टॉक्सिंस को आसानी से बाहर निकाला जा सकता है।
इसे भी पढ़ें- इन लोगों को नहीं करना चाहिए अजवाइन का सेवन, पहुंच सकता है नुकसान
4. अजवाइन के बीज चबाएं
आप चाहें तो सीधे तौर पर अजवाइन के बीजों को भी चबा सकते हैं। इसके लिए आप एक चम्मच अजवाइन के बीज लें, इन्हें मुंह में रखें और चबाते रहें। इससे पेट की गैस आसानी से निकल जाएगी, साथ ही कब्ज की समस्या से भी राहत मिलेगी।
सुबह-सुबह पेट को आसानी से साफ करने के लिए आप कई तरीकों से अजवाइन का सेवन कर सकते हैं। आप अजवाइन की चाय पी सकते हैं या फिर अजवाइन का पानी, पाउडर और बीजों का सेवन भी कर सकते हैं।