Liver Failure Symptoms: लिवर हमारे शरीर का बहुत महत्वपूर्ण अंग है। यह हमारे शरीर में प्रोटीन और हार्मोन बनाने का काम करता है। साथ ही लिवर के कई महत्वपूर्ण कार्य जैसे विषैले पदार्थों को बाहर निकालना, ब्लड को फिल्टर करना और शरीर को ऊर्जा प्रदान करना है। जब यही लिवर खराब हो जाए, तो शरीर कुछ संकेत देने लगता है। जिससे यह मालूम पड़ता है कि आपका लिवर डैमेज हो रहा है। हालांकि, अगर इन संकेतों को ज्यादा दिनों तक नजरअंदाज किया जाए, तो आपको कई गंभीर बीमारियां हो सकती हैं। आइए जानते हैं, क्या हैं ये 5 लक्षण? हमने इस विषय पर दिल्ली के सर गंगाराम हॉस्पिटल के सीनियर कंसल्टेंट गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट डॉ. आशीष कुमार (Dr. Ashish Kumar, Senior Consultant Gastroenterologist, Sir Gangaram Hospital, Delhi) से विस्तार में बात की।
लिवर खराब होने के 5 लक्षण-5 symptoms of Liver Damage
लिवर एक ऐसा अंग है जिसे साइलेंट हीरो भी कहा जाता है। यह हमारे शरीर में चुपचाप सारे काम करता है। हालांकि, यह वैसे तो कोई संकेत नहीं देता, लेकिन ज्यादा खराब हो जाए तो शुरुआत में कुछ लक्षण होते हैं, जिससे यह पता लगाया जा सकता है कि लिवर ठीक से काम नहीं कर रहा है। लिवर से जुड़ी कोई समस्या हो गई है। तो समझते हैं क्या हैं वे लक्षण जिन्हें शुरू में ही समझ लेंगे तो किसी बड़ी बीमारी से बच सकते हैं।
1. पीलिया (Jaundice)
अगर आपका लिवर ठीक से काम नहीं कर रहा है, तो मुख्य संकेत है कि आपको पीलिया हो जाए, यानी कि आंखों में पीलापन आ जाए। यह लिवर का लक्षण है। इसमें लिवर जरूर चेक कराना है।
इसे भी पढ़ें- क्या ज्यादा नींद आना लिवर या शुगर की बीमारी का संकेत हो सकता है? जानें डॉक्टर की राय
2. पेट में दाहिनी तरफ दर्द (abdominal pain)
डॉ. आशीष कुमार बताते हैं कि अगर आपके पेट के दाहिनी तरफ दर्द महसूस हो रहा है या सूजन आ गई है, तो कई बार लिवर खराब होने का अंदेशा हो सकता है। हालांकि, फैटी लिवर और सूजन की वजह से भी दर्द हो सकता है। इसके अलावा, लिवर में और किसी तरह का इंफेक्शन हो तो उसमें भी दर्द हो सकता है।
3. वजन कम होना (weight loss)
कई बार होता है कि आपको भूख कम लगने लगती है और वजन कम हो जाता है। तो यह लिवर की बीमारी का संकेत हो सकता है। इस स्थिति में भी लिवर की जांच कराना जरूरी हो जाता है क्योंकि हेपेटाइटिस की बीमारी में भी यही लक्षण होते हैं। हेपेटाइटिस, जो कि लिवर की बीमारी है, जिसमें लिवर में सूजन पैदा हो जाती है।
4. बहुत थकान और कमजोरी (fatigue)
अगर आपको बहुत थकान या कमजोरी महसूस हो रही है, तो लिवर से जुड़ी समस्या का कारण हो सकता है। इस स्थिति में लिवर की जांच कराएं।
5. पेशाब का रंग गहरा हो (urine dark)
लिवर की बीमारी को पहचानने का एक संकेत यह भी है कि पेशाब का रंग गहरे रंग का होने लग जाए या पेशाब का रंग पीले रंग का हो। जब लिवर ठीक से काम नहीं करता तो पेशाब का रंग गहरा हो जाता है। इस स्थिति में लिवर की जांच करानी चाहिए।
अगर यह सभी संकेत शरीर में दिख रहे हैं, तो डॉक्टर की सलाह लेनी चाहिए। तब जांच होती है, जिससे पता चलता है कि असल में लिवर में कोई बीमारी है या नहीं। अगर बीमारी है तो किस तरह की बीमारी है।
इसे भी पढ़ें- क्या पीलिया फैटी लिवर का लक्षण है? डॉक्टर से जानें
लिवर के इन संकेतों को नजरअंदाज करना हो सकता है खतरनाक।
लिवर खराब होने के शुरुआती लक्षण मामूली लगते हैं, लेकिन इसे ज्यादा दिनों तक नजरअंदाज किया जाए, तो यह गंभीर बीमारी का रूप ले सकते हैं। हालांकि, लिवर की बीमारियां अक्सर धीरे-धीरे बढ़ती हैं। कई बार व्यक्ति इसे गंभीर न समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, जिससे लिवर काफी डैमेज हो चुका होता है। लिवर से जुड़ी कई समस्याएं हो जाती हैं, जैसे फैटी लिवर, हेपेटाइटिस ए, बी, सी, सिरोसिस और लिवर कैंसर आदि। इसलिए जरूरी है कि लिवर इन शुरुआती लक्षणों से सावधान हो जाएं और लिवर की जांच कराएं।
लिवर में ये लक्षण दिखने पर क्या करें?
- सबसे पहले डॉक्टर से परामर्श लें और जांच कराएं।
- एल्कोहल से दूरी बना लें और संतुलित आहार लें।
- फास्ट फूड से दूरी बना लें।
- व्यायाम और एक्सरसाइज करें।
- हाइजीन का ध्यान रखें और हाइड्रेट रहें।
निष्कर्ष
लिवर, जो कि हमारे शरीर में साइलेंट हीरो की तरह काम करता है, यह हमारे शरीर से विषैले पदार्थों को बाहर निकालता है और ब्लड को फिल्टर करता है। लिवर का स्वस्थ रहना हमारे शरीर के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। हालांकि, लिवर के डैमेज होने का कुछ लोगों को पता नहीं चलता, इसलिए ज्यादा परेशानी हो जाती है। जरूरी है कि इन पांच लक्षणों, जैसे पेट में दर्द, कमजोरी या थकान, पीलिया और पेशाब का भूरा होना, से पहचानें कि आपका लिवर ठीक से काम नहीं कर रहा है। समय रहते इलाज करें और बड़े खतरे को टाल दें।
FAQ
ऐसे कौन से संकेत हैं जो बताते हैं कि आपका लिवर ठीक से काम नहीं कर रहा है?
अगर आपका लिवर ठीक से काम नहीं कर रहा है तो आपकी आंखों में पीलापन हो सकता है, पेट के दाहिने ओर दर्द, थकान या कमजोरी जैसे लक्षण दिख सकते हैं, जो इसकी ओर इशारा करते हैं कि लिवर ठीक नहीं है।मैं कैसे जान सकता हूं कि मेरा लिवर स्वस्थ है?
लिवर फंक्शन टेस्ट करा सकते हैं, जिससे मालूम पड़ जाएगा कि आपके लिवर की स्थिति क्या है।क्या लिवर खुद ठीक हो सकता है?
यह लिवर की समस्याओं पर निर्भर करता है। अगर आपको कोई लिवर से जुड़ी गंभीर बीमारी है, तो इलाज के बिना ठीक नहीं हो सकती है। हालांकि, कुछ आम समस्याएं हैं जिन्हें लाइफस्टाइल में बदलाव करके ठीक किया जा सकता है। लिवर में किसी भी तरह की परेशानी होने पर पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें।