Nuts For Women Health In Hindi: महिलाएं घर-परिवार और ऑफिस की जिम्मेदारियों को तो बखूबी निभाती हैं, लेकिन अक्सर अपनी सेहत के प्रति लापरवाह हो जाती हैं। उम्र बढ़ने के साथ ही महिलाओं के शरीर में कई बदलाव आने लगते हैं। इनमें हार्मोनल बदलाव, कैल्शियम की कमी होना, मसल्स में कमजोरी और वजन बढ़ना आदि शामिल हैं। बढ़ती उम्र में बालों के झड़ने की समस्या और त्वचा से जुड़ी परेशानियां भी बढ़ जाती हैं। महिलाओं को हेल्दी रहने के लिए नट्स का सेवन जरूर करना चाहिए। इनमें विटामिन्स, आयरन, फाइबर, ओमेगा-3 फैटी एसिड, फोलिक एसिड और मिनरल्स प्रचुर मात्रा में होते हैं। आयुर्वेदिक एक्सपर्ट दीक्षा भावसार ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर महिलाओं के लिए 5 फायदेमंद नट्स बताए हैं। एक्सपर्ट के मुताबिक, महिलाओं को रोज रात में नट्स को भिगोकर, सुबह जरूर खाना चाहिए। इन नट्स के सेवन से आप दिनभर एनर्जी से भरपूर रहेंगी, शरीर में आयरन की कमी नहीं होगी और नींद भी अच्छी आएगी। साथ ही, इनके सेवन से आपको सुंदर बाल और ग्लोइंग त्वचा भी मिलेगी। तो आइए, जानते हैं महिलाओं को रोज कौन से नट्स खाने चाहिए -
महिलाएं हेल्दी रहने के लिए रोज खाएं ये 5 नट्स - Nuts For Women Health In Hindi
काली किशमिश
काली किशमिश में एंटीऑक्सीडेंट होते हैं, जो त्वचा और बालों को हेल्दी बनाते हैं। इनमें एल-आर्जिनिन भी होते हैं, जो आयरन से भरपूर होते हैं। ये गर्भाशय और अंडाशय में रक्त प्रवाह में सुधार करते हैं। महिलाओं को अपनी डाइट में काली किशमिश जरूर शामिल करनी चाहिए।
बादाम
बादाम में प्रोटीन, फाइबर, विटामिन-बी, विटामिन-ई, कैल्शियम, कॉपर, मैग्नीशियम, राइबोफ्लेविन, आयरन, पोटैशियम और जिंक जैसे पोषक तत्व भरपूर मात्रा में होते हैं। रोज सुबह खाली पेट भीगे बादाम खाने से कोलेस्ट्रॉल कम होता है, ब्लड प्रेशर कंट्रोल होता है और मेमोरी पावर भी बूस्ट होती है। इनके सेवन से डायबिटीज को मैनेज करने और कैंसर के खतरे को कम करने में भी मदद मिलती है।
खजूर
खजूर सेलेनियम, मैंगनीज, मैग्नीशियम और कॉपर से भरपूर होता है। खजूर खाने से शरीर को इंस्टैंट एनर्जी मिलती है। यह त्वचा में सुधार करता है, अनिद्रा को दूर करता है और हड्डियों को भी मजबूत बनाता है।
पिस्ता
पिस्ता में फाइबर, प्रोटीन, विटामिन बी-6, हेल्दी फैट और थायमिन जैसे पोषक तत्व प्रचुर मात्रा में होते हैं। इसे खाने से आंखें और आंतें स्वस्थ रहती हैं और नींद भी अच्छी आती है। यह पेट के कैंसर के जोखिम को कम करने में भी मददगार होता है।
इसे भी पढ़ें: 40 की उम्र के बाद हर महिला को लेने चाहिए ये 5 जरूरी न्यूट्रिएंट्स, रहेंगी हेल्दी और फिट
अखरोट
अखरोट एंटीऑक्सिडेंट और ओमेगा-3 फैटी एसिड से भरपूर होता है। यह आंतों को स्वस्थ रखने में मदद करता है और ब्रेन हेल्थ के लिए भी अच्छा होता है। यह सूजन कम करने में भी मददगार होता है।
भिगोकर ही खाएं नट्स - Soak Nuts Before Eating
आयुर्वेद के अनुसार, नट्स पचने में मुश्किल होते हैं क्योंकि इनमें हेल्दी फैट, प्रोटीन और फाइबर ज्यादा मात्रा में होते हैं और इनकी तासीर भी गर्म होती है। इसलिए जब भी आप इन्हें खाएं, तो 6-8 घंटे के लिए भिगो कर रखें। भिगोने से इनकी तासीर सामान्य हो जाती है और फाइटिक एसिड/टैनिन हट जाते हैं, जिससे इन्हें पचाना आसान हो जाता है। अगर आप नट्स को भिगोना भूल जाते हैं, तो इन्हें ड्राई रोस्ट करके खा सकते हैं।
इसे भी पढ़ें: महिलाओं में ये 5 लक्षण हो सकते हैं हीमोग्लोबिन की कमी का संकेत, न करें नजरअंदाज
नट्स खाने का सही समय - Right Time To Eat Nuts
आप नट्स को सुबह खाली पेट या मिड मील या इवनिंग स्नैक्स के रूप में खा सकते हैं। इससे क्रेविंग को रोकने में मदद मिलती है।