Doctor Verified

Global Handwashing Day 2023: सही तरीके से हाथ धोना क्यों जरूरी है? जानें हाथ न धोना कैसे बनाता है आपको बीमार

हाथ धोना आपके साथ-साथ दूसरों को भी कई गंभीर बीमारियों से बचा सकता है। इस Global Handwashing Day पर जानें हाथ धोने का सेहतमंद जीवन के लिए महत्व।
  • SHARE
  • FOLLOW
Global Handwashing Day 2023: सही तरीके से हाथ धोना क्यों जरूरी है? जानें हाथ न धोना कैसे बनाता है आपको बीमार


क्या आप जानते हैं कि हाथ धोने जैसी छोटी सी आदत अपनाकर आप कई बीमारियों से बच सकते हैं? जी हां, विश्व स्वास्थ्य संगठन (World Health organization) के अनुसार अलग-अलग तरह के इंफेक्शन्स के कारण हर दिन हजारों लोगों की मौत होती है। इन इंफेक्शन्स में से बहुत सारे ऐसे हैं, जो हाथ धोने की आदत अपनाकर फैलने से रोके जा सकते हैं। साबुन और पानी से हाथ धोना वायरस और बैक्टीरिया को फैलने से रोकने का सबसे आसान और प्रभावी तरीका है। यही कारण है कि लोगों में हाथ धोने के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए हर साल 15 अक्टूबर को ग्लोबल हैंडवॉशिंग डे (Global Handwashing Day) मनाया जाता है। आज इस मौके पर हम आपको बता रहे हैं कि हाथ धोना क्यों जरूरी है और इसका सही तरीका क्या है। इस लेख को वैश्विक स्वास्थ्य संगठनों द्वारा दिए गए फैक्ट्स और जानकारियों के साथ-साथ सिद्धार्थनगर उत्तरप्रदेश के जिला अस्पताल में कार्यरत डॉ. राम आशीष यादव से बातचीत के आधार पर लिखा गया है।

हाथ न धोने से आप कैसे पड़ सकते हैं बीमार?

यह तो आप भी जानते होंगे कि तरह-तरह के वायरस और बैक्टीरिया हर समय हमारे आसपास मौजूद होते हैं। इनमें से कुछ वायरस और बैक्टीरिया के प्रति हमारा शरीर इम्यून होता है इसलिए ये हमें हानि नहीं पहुंचाते हैं। जबकि कुछ वायरस और बैक्टीरिया ऐसे होते हैं, जो हमारे शरीर के इम्यून सिस्टम को मात देकर हमें बीमार बना देते हैं, जैसे- इंफ्लुएंजा (फ्लू), सैल्मोनेला, नोरोवायरस, कोरोना वायरस, हर्पीज, रोटावायरस, चिकनपॉक्स, एचआईवी आदि। ये वायरस और बैक्टीरिया आमतौर पर जानवरों या इंसानों के छींक, लार, खून, मल और मूत्र के माध्यम से दूसरे शरीर में पहुंचकर संक्रमण फैलाते हैं। 

global handwashing day special article

जब आप संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आई कोई सतह छूते हैं, संक्रमित व्यक्ति से हाथ मिलाते हैं, संक्रमित व्यक्ति का मल-मूत्र साफ करते हैं या संक्रमित व्यक्ति के द्वारा इस्तेमाल की गई कोई चीज इस्तेमाल करते हैं, तो संक्रमण फैलाने वाले वायरस आपके हाथ में चिपककर आपके शरीर में पहुंच जाते हैं और आपको बीमार बनाना शुरू कर देते हैं। इसलिए अगर आप मुंह, नाक और आंख में हाथ लगाने से पहले और खाने से पहले अपने हाथ अच्छी तरह साफ कर लेते हैं, तो आपके शरीर में इन वायरस और बैक्टीरिया के पहुंचने का खतरा काफी हद तक कम हो जाता है।

इसे भी पढ़ें: Global Hand Wash Day: साबुन न होने पर हाथों को अच्छी तरह साफ करने के 5 तरीके

कब हाथ धोना है जरूरी?

when you should always wash your hands

कुछ ऐसे खास काम होते हैं, जिनके पहले और बाद आपको हाथ जरूर धोना चाहिए। दरअसल इन कामों के पहले और बाद हाथ न धोने से आपके शरीर में वायरस और बैक्टीरिया के पहुंचने का खतरा सबसे ज्यादा होता है।

इन चीजों को करने से पहले जरूर धोएं हाथ  

  • खाना पकाने से पहले 
  • खाना खाने से पहले
  • चोट या घाव छूने से पहले
  • सार्वजनिक इस्तेमाल वाली चीजें छूने से पहले
  • कॉन्टैक्ट लेंस बदलने से पहले

इन चीजों को करने के बाद जरूर धोएं हाथ

  • वॉशरूम/टॉयलेट इस्तेमाल करने के बाद
  • बच्चे का डाइपर बदलने के बाद
  • जानवर या उसके मल को छूने के बाद
  • खांसने, छींकने और नाक साफ करने के बाद 
  • कूड़ा/गंदगी छूने के बाद

क्या है हाथ धोने का सही तरीका?

आप सोच रहे होंगे कि हाथ तो सभी धोते हैं। खाना खाने से पहले, वॉशरूम यूज करने के बाद... और भी कई मौकों पर... फिर हाथ धोने का सही तरीका जानने की क्या जरूरत है? दरअसल Michigan State University द्वारा की गई एक स्टडी, जो Journal of Environmental Health में छपी थी, के मुताबिक दुनिया के 95% से ज्यादा लोग पर्याप्त समय तक हाथ नहीं धोते, जिससे हाथ में मौजूद जर्म्स और बैक्टीरिया पूरी तरह खत्म नहीं होते। Centers for Disease Control and Prevention के मुताबिक कीटाणुओं को खत्म करने के लिए हाथ को साबुन और पानी से कम से कम 20 सेकंड तक रगड़कर धोना जरूरी है। आइए जानते हैं क्या है हाथ धोने का सही तरीका।

right way to wash hands

  • हाथों को पानी से गीला करें
  • हाथ में साबुन या हैंडवॉश लें
  • हथेली और नाखूनों पर साबुन को 20 सेकेंड तक रगड़ें
  • हथेली के पिछले हिस्से पर भी साबुन लगाएं
  • साफ पानी से हाथ अच्छी तरह धोएं
  • तौलिया या टिशू पेपर से हाथों को सुखाएं

सही तरीके से हाथ धोकर इन बीमारियों से हो सकता है बचाव

अगर आप सही समय पर सही तरीके से हाथ धोने की आदत को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बना लेते हैं, तो आप कई तरह की जानलेवा और संक्रामक बीमारियों से न सिर्फ खुद बच सकते हैं, बल्कि खुद को वायरस फैलाने का माध्यम न बनाकर दूसरों को भी संक्रमण से बचा सकते हैं। 

diseases which can be prevemted by washing hands properly

डायरिया (Diarrhea)

डायरिया से हर साल 5.25 लाख से ज्यादा बच्चों की मौत होती है। डायरिया आंतों में इंफेक्शन के कारण होने वाला रोग है। ये इंफेक्शन कई तरह के वायरस, बैक्टीरिया और पैरासाइट्स के कारण होते हैं, जो संक्रमित खाना, पीने के पानी और लोगों के द्वारा फैल सकते हैं। छोटे बच्चों को डायरिया की समस्या ज्यादा होती है। बच्चों का मल-मूत्र साफ करने के बाद अगर वयस्क सही तरीके से हाथ नहीं धोते, तो ये इंफेक्शन उनमें भी फैल जाता है। इसलिए हाथ धोकर डायरिया को काफी हद तक रोका जा सकता है।

निमोनिया (Pneumonia)

निमोनिया भी छोटे बच्चों में मौत का एक बड़ा कारण है। दुनियाभर में होने वाली बच्चों की मौत के लगभग 13% मामलों में मुख्य कारण निमोनिया होता है। ये एक तरह का इंफेक्शन है, जिसे हाथ धोने की आदत अपनाकर काफी हद तक रोका जा सकता है। हाथ धोने से हाथ में मौजूद पैथोजन्स मर जाते हैं, जिससे ये शरीर में नहीं पहुंचते और इंफेक्शन नहीं फैला पाते।

इसे भी पढ़ें: Global Handwashing Day: बच्चे नहीं धोते हाथ तो इन मजेदार तरीकों से उनमें डालें हाथ धोने और स्वच्छता की आदत

श्वसन संबंधी इंफेक्शन्स (Respiratory Infections)

वैसे तो निमोनिया एक तरह का रेस्पिरेटरी इंफेक्शन है। मगर इसके अलावा भी बहुत सारे रेस्पिरेटरी इंफेक्शन हैं, जो हाथों के माध्यम से शरीर में पहुंच जाते हैं। फ्लू, सर्दी-जुकाम ऐसे कॉमन इंफेक्शन हैं। ये इंफेक्शन होने के बाद जब आप छींकते या खांसते हुए मुंह और नाक पर हाथ लगाते हैं, तो इसके वायरस आपके हाथ में आ जाते हैं। अब इसी हाथ से अगर आप किसी वस्तु को छूते हैं और उसी वस्तु को कोई दूसरा व्यक्ति भी छू लेता है, तो वायरस उसके शरीर तक पहुंच जाते हैं। इसी तरह अगर संक्रमित हाथ से आप किसी से हाथ मिलाते हैं, तो भी वायरस उसके शरीर तक पहुंच कर उसे बीमार कर सकते हैं। ऐसे में अगर आप छींकने और खांसने या चेहरे पर हाथ लगाने से पहले अच्छी तरह हाथ धो लेते हैं, तो ये वायरस शरीर तक नहीं पहुंचते।

संक्रामक बीमारियां (Communicable Diseases)

बहुत सारी संक्रामक बीमारियां भी हाथों के माध्यम से फैल सकती हैं, जैसे- कोरोना वायरस, निपाह वायरस, चिकनपॉक्स, इबोला आदि। इन्हें रोकने के लिए भी हाथ धोना बेहद जरूरी है।

आंखों के इंफेक्शन (Eye Infections)

वायरस या बैक्टीरिया से भरे हाथ से जब आप आंखों को छूते हैं, तो इनके माध्यम से भी आप संक्रमित हो सकते हैं। इसलिए आंख छूने से पहले भी आपको हाथ जरूर धोने चाहिए।

हेपेटाइटिस A (Hepatitis A)

हेपेटाइटिस A मुख्य रूप से मल और मुख के माध्यम से फैलता है। संक्रमित व्यक्ति का मल-मूत्र साफ करने के बाद या उसके शरीर की सफाई करने के बाद कोई व्यक्ति जब किसी अन्य व्यक्ति को छूता है या खाने-पीने की चीजें छूता, तो इन माध्यमों से ये वायरस दूसरे लोगों तक पहुंच जाता है। हाथ धोकर इसे फैलने से रोका जा सकता है।

कुल मिलाकर इन दिनों जिस तेजी से वायरल और संक्रामक बीमारियां बढ़ रही हैं, उसे देखें तो हाथ धोने की आदत आपके स्वस्थ रहने के लिए बेहद जरूरी है। रेगुलर साबुन पानी से सही तरीके से हाथ धोकर आप सैकड़ों खतरनाक वायरस और बैक्टीरिया को अपने शरीर में पहुंचने से रोक सकते हैं। इस ग्लोबल हैंड वॉशिंग डे (Global Handwashing Day 2023) पर ओनलीमायहेल्थ के साथ ये प्रण लें कि आप अब से सही तरीके से हाथ धोएंगे और परिवार के सभी सदस्यों को हाथ धोने का सही तरीका सिखाएंगे। अगर ये लेख आपको पसंद आया है, तो इसे दूसरों के साथ शेयर करें। सेहत और स्वास्थ्य से जुड़े ऐसे और लेख पढ़ने के लिए जुड़ें ओनलीमायहेल्थ के साथ।

 

Read Next

इस कारण से डिप्रेशन में चली गई थीं ‘घर की लक्ष्मी बेटियां’ फेम एक्ट्रेस स्मृति खन्ना, जानें कैसे आईं इससे बाहर

Disclaimer